TheFinalAssault Blog Alert Breaking News जामनगर में जगुआर फाइटर जेट क्रैश, एक महीने में दूसरी घटना
Breaking News Reports

जामनगर में जगुआर फाइटर जेट क्रैश, एक महीने में दूसरी घटना

फाइल

गुजरात के जामनगर में भारतीय वायुसेना का एक जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया है. क्रैश में एक पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया है. ट्रेनर एयरक्राफ्ट के दूसरे पायलट की सर्च जारी है. क्रैश के बाद, लड़ाकू विमान ने आग पकड़ ली और धू धू कर जल उठा.

पिछले एक महीने में वायुसेना के जगुआर का ये दूसरा क्रैश. इससे पहले 7 मार्च को हरियाणा के पंचकूला में भी जगुआर एयरक्राफ्ट दुर्घटना का शिकार हो गया था. जगुआर की स्क्वाड्रन, जामनगर और अंबाला बेस पर तैनात रहती हैं.

जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर शाम जगुआर एयरक्राफ्ट, जामनगर एयरबेस से ऑपरेट कर रहा था. दुर्घटना के वक्त, लड़ाकू विमान एक ट्रेनिंग सोर्टी (उड़ान) पर था. क्रैश के बाद जमीन पर गिरे विमान के आग के गोले में तब्दील होने का वीडियो भी सामने आया है.

क्रैश होने से पहले एक पायलट ने इजेक्ट कर लिया था. स्थानीय लोगों के साथ पायलट का वीडियो भी मौके से सामने आया है. घटना पर वायुसेना के आधिकारिक बयान का इंतजार है. (https://x.com/FinalAssault23/status/1907481731634221476)

अपडेट: एक पायलट की मौत

गुरूवार सुबह, वायुसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि दुर्घटना में एक पायलट की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वायुसेना के मुताबिक, तकनीकी खराबी के कारण, दोनों पायलट को एयरक्राफ्ट से इजेक्ट होना पड़ा था. इस दौरान, पायलट ने ध्यान रखा कि जामनगर एयरफील्ड और स्थानीय जनता को कोई नुकसान न हो. इजेक्शन यानी कॉकपिट की सीट के साथ आसमान में विमान से निकलने के दौरान हालांकि, एक पायलट को गंभीर चोट आने के कारण मौत हो गई.

पंचकूला में भी जगुआर हुआ था दुर्घटनाग्रस्त

7 मार्च को हरियाणा के पंचकूला में वायुसेना का लड़ाकू विमान जगुआर क्रैश हो गया था. पंचकूला के मोरनी इलाके में फाइटर जेट अचानक से गिर गया, जबकि फाइटर पायलट को लोगों ने पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकलते देखा.

हादसा इतना भयानक था कि फाइटर जेट के परखच्चे उड़ गए और अलग-अलग इलाकों में बिखर गए. विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी, और थोड़ी ही देर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वायुसेना ने हादसे के जांच के आदेश दे दिए हैं.

प्रशिक्षण उड़ान के दौरान गिरा था जगुआर लड़ाकू विमान

भारतीय वायुसेना के जगुआर लड़ाकू विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. गनीमत रही है हादसे के वक्त पायलट ने इजेक्ट होकर अपनी जान बचाई. भारतीय वायुसेना के मुताबिक, “यह जगुआर फाइटर जेट नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान अंबाला में तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ. पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने से पहले इसे किसी घनी आबादी से दूर ले जाने में सफलता पाई.”

वायुसेना ने दिए जांच के आदेश

वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “भारतीय वायुसेना के एक जगुआर विमान के क्रैश का कारण सिस्टम में खराबी थी. इस घटना की सच्चाई जानने के लिए जांच करवाई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच रिपोर्ट के आने का इंतजार करें.”

दुर्घटनाग्रस्त जगुआर के बारे में जानिए

जगुआर एक हल्का लड़ाकू विमान है, जिन्हें 80 के दशक में वायुसेना में शामिल किया गया था. इस वक्त भारतीय वायुसेना के पास लगभग 120 जगुआर विमान हैं. जगुआर को “स्ट्राइक माउंट” और “हंटर” भी कहा जाता है. ये जमीन और हवा दोनों में ही वार करने में एक्सपर्ट है. ये भारी बम और मिसाइलें ले जा सकता है. इसका प्रयोग बॉर्डर पर हवाई हमले, जहाजों पर अटैक और ट्रेनिंग करने के लिए किया जाता है.

एएन-32 की क्रैश लैंडिग

पंचकूला में जगुआर फाइटर जेट के क्रैश होने के साथ ही 7 मार्च को भारतीय वायुसेना का एक एएन-32 मिलिटरी ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट को भी बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) में क्रैश-लैंडिंग करानी पड़ी थी. हालाकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई थी.

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0