TheFinalAssault Blog Alert Breaking News ट्रंप का नया शिगूफा, तेल के दाम से जोड़ा रूस-यूक्रेन युद्ध
Breaking News Russia-Ukraine War

ट्रंप का नया शिगूफा, तेल के दाम से जोड़ा रूस-यूक्रेन युद्ध

अगर तेल की कीमतें कम कर दी जाएं, तो समाप्त हो जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध. कुछ ये मानना है अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का. स्विट्जरलैंड के दावोस में अपने संबोधन में ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सऊदी अरब और ओपेक तेल की कीमतें कम करने देते हैं तो रूस-यूक्रेन युद्ध तत्काल समाप्त हो जाएगा.

ट्रंप की यह टिप्पणी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की उस घोषणा के कुछ घंटों बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका देश अगले चार वर्षों में अमेरिका में 600 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करना चाहता है.  

सऊदी अरब तेल की कीमतें कम करे: डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित किया. ट्रंप ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा, ‘मैंने ग्रीन न्यू डील को खत्म कर दिया. मैं इसे ग्रीन न्यू स्कैम कहता हूं, मैं एकतरफा पेरिस जलवायु समझौते से हट गया और महंगे इलेक्ट्रिक वाहन के मैंडेट को समाप्त कर दिया, अमेरिका के पास धरती पर किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक मात्रा में तेल और गैस है, और हम इसका इस्तेमाल करने जा रहे हैं.मैं सऊदी अरब और ओपैक से तेल की कीमत कम करने के लिए भी कहने जा रहा हूं, आपको इसे कम करना होगा.’ 

तेल की कीमतें कम होने से रुक जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध: ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अगर तेल की कीमतें कम हो जाती हैं तो रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त हो जाएगा. ट्रंप ने कहा, “अगर कीमतें कम हो जाती हैं, तो युद्ध तुरंत खत्म हो जाएगा. मैं मांग करूंगा कि ब्याज दरें तुरंत कम की जाएं. पूरी दुनिया में उन्हें कम किया जाना चाहिए.”

ट्रंप ने ये भी कहा कि “अमेरिका में स्वर्णिम युग शुरु हो चुका है. हमारा देश जल्द ही पहले से अधिक मजबूत, एकजुट और समृद्ध होगा.  पूरी दुनिया अब अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध होगी.”

बेकार युद्ध लड़ रहे हैं पुतिन: ट्रंप

अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन जंग को बेकार बताते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध रोकने की नसीहत दी है. ट्रंप ने किसी भी तरीके से यूक्रेन जंग को समाप्त कराने का एक बार फिर से ऐलान किया है.

रूस को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कहा कि “मैं रूस को नुकसान पहुंचाने के बारे में नहीं सोच रहा, लेकिन पुतिन बेकार के युद्ध को रोकें और समझौता करें. अगर ऐसा नहीं होता है तो मेरे पास रूस पर भारी टैक्स, आयात शुल्क और रूसी सामान पर बैन लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा.”

रूस को दोबारा ट्रंप की वॉर्निंग, मुलाकात से पहले टकराव

शपथ के बाद मंगलवार को ट्रंप ने कहा था कि वो पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं, लेकिन अगर पुतिन बातचीत की मेज पर नहीं आते हैं तो प्रतिबंध लगेंगे. ट्रंप की इस चेतावनी पर अभी क्रेमलिन का कोई जवाब नहीं आया था कि ट्रंप ने पुतिन को भारी भरकम टैरिफ चुकाने को लेकर धमका दिया है. 

ट्रंप ने अपने ताजा बयान में कहा, “मैं रूसी लोगों को प्यार करता हूं. मैं पुतिन से कहना चाहता हूं कि बेकार के युद्ध को रोकें और समझौता करें. अगर ऐसा नहीं होता है तो ये युद्ध और बदतर होता जाएगा. अगर समझौता न होता है तो मेरे पास रूस पर भारी टैक्स, आयात शुल्क और रूसी सामान पर बैन लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा.”

द्वितीय विश्वयुद्ध जीतने में रूस ने हमारी मदद की, अब हम राहत देंगे: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैंने राष्ट्रपति पुतिन से हमेशा अच्छे रिश्ते बनाए रखे. हम ये नहीं भूल सकते कि द्वितीय विश्व युद्ध जीतने में रूस ने हमारी मदद की थी. इस युद्ध में उसने करीब 60 लाख लोगों को गंवाया था. ऐसा कहा जा रहा है कि अर्थव्यवस्था के संकट से जूझ रहे रूस और पुतिन को बड़ी राहत दूंगा.”

सीधे-टेढ़े दोनों तरीकों से खत्म कर सकता हूं युद्ध: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने सिर्फ रूस ही नहीं रूस के मददगार देशों को भी प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है. ट्रंप ने कहा, “अगर रूस युद्ध खत्म नहीं करता है तो प्रतिबंध केवल रूस तक ही सीमित नहीं होगा, उनपर भी लगेगा जो इस युद्ध में साझीदार हैं. इस युद्ध को खत्म करना होगा. अगर मैं उस समय राष्ट्रपति होता तो ये जंग शुरू ही नहीं होती. हम इसे सीधे या टेढ़े दोनों तरीकों से खत्म कर सकते हैं. हालांकि, आसान तरीका ज्यादा अच्छा होता है. अब समझौता करने का वक्त आ चुका है.”

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0