TheFinalAssault Blog Alert Breaking News फटाफट खबरें: जानना जरूरी है!
Breaking News

फटाफट खबरें: जानना जरूरी है!

  • चीन में हुआ विदेश सचिव विक्रम मिसरी का स्वागत 

चीन के साथ संबंधों में और सुधार लाने के लिए विदेश सचिव विक्रम मिसरी रविवार को दो दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे. विक्रम मिसरी अपने चीनी समकक्ष के साथ सीमा समेत कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे. डेढ़ महीने से भी कम समय में भारत की ओर से चीन की यह दूसरी उच्चस्तरीय यात्रा है. दिसंबर के महीने में एनएसए अजीत डोवल ने बीजिंग की यात्रा की थी, जिसमें चीन के साथ 6 सूत्रीय सहमति बनी थी. 

माना जा रहा है भारत और चीनी पक्ष में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव कम करने के तरीकों और कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा चीन की मांग है कि अब चीन और भारत के बीच डायरेक्ट फ्लाइट फिर से शुरु की जानी चाहिए, जो कोविड काल के दौरान बंद की गई थी. माना जा रहा है इस मुद्दे पर भी बातचीत की जा सकती है.

—————

  • ट्रंप को दी कोलंबिया ने चुनौती, निर्वासित लोगों का सैन्य प्लेन वापस लौटाया

कोलंबिया के वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो के आदेश के बाद अमेरिका से निर्वासित किए गए कोलंबियाई नागरिकों के सैन्य विमान को लैंड नहीं करने दिया गया. राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने कहा- अमेरिकी प्रवासी निर्वासन उड़ानों को अपने देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं देंगे.

पेट्रो ने एक्स पर लिखा, “संयुक्त राज्य अमेरिका कोलंबियाई प्रवासियों के साथ अपराधियों के रूप में व्यवहार नहीं कर सकता है. मैं कोलंबियाई प्रवासियों को ले जाने वाले अमेरिकी विमानों को अपने क्षेत्र में प्रवेश करने से मना करता हूं. उन्हें केवल तभी स्वीकार किया जाएगा जब वाशिंगटन ने “गरिमापूर्ण व्यवहार” सुनिश्चित करने के लिए एक प्रोटोकॉल का पालन करे.

—————-

  • जॉर्डन, मिस्र, अरब देशों में फिलिस्तीनी लोगों को बसना चाहिए: ट्रंप

इजरायली हमलों के बाद गाजा को डिमोलिशन साइट बताते हुए अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलिस्तीनी लोगों के लिए बनाया है मास्टर प्लान. ट्रंप का मानना है कि फिलिस्तीनी शरणार्थियों को जॉर्डन, मिस्र और दूसरे अरब देशों को ट्रांसफर करने का प्रस्ताव रखा. ट्रंप ने कहा- युद्ध क्षेत्र को साफ करने की जरूरत है और आम नागरिकों को निकालकर दूसरे देशों में बसाना चाहिए. ट्रंप ने अपने प्लान को लेकर जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला II के साथ एक कॉल पर बात की है.

————————

  • बांग्लादेश-पाकिस्तान में डायरेक्ट फ्लाइट, डिफेंस क्षेत्र में सहयोगी बनने का ऐलान

भारत के साथ तनावों के बीच बांग्लादेश ने पाकिस्तान को डायरेक्ट फ्लाइट की सौगात दी है. अंतरिम सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंध मजबूत करते हुए, ढाका से पाकिस्तान की सीधी उड़ान की घोषणा की है. बांग्लादेश के उच्चायुक्त ने पाकिस्तान के साथ ढाका के संबंधों को आने वाले समय में और अधिक मजबूत करने का दावा किया. उच्चायुक्त ने बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच बढ़ते व्यापार और राजनयिक संबंधों को प्रगाढ़ बताया. बांग्लादेश के उच्चायुक्त ने डिफेंस क्षेत्र में भी मजबूती की बात कही है. पाकिस्तान की वायु सेना की सराहना की और उसका सहयोगी बनने का ऐलान किया. 

——————

  • त्राल में पहली बार फहराया गया तिरंगा

आतंकी बुरहान वाली के त्राल में आतंकवाद का नामोनिशान मिटने के बाद पहली बार गणतंत्र दिवस के मौके पर फहराया गया तिरंगा. त्राल चौक पर इतिहास रचा गया, जब पहली बार भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. ध्वज को एक बुजुर्ग, एक युवा और एक बच्चे ने संयुक्त रूप से फहराया. इस मौके पर राष्ट्रगान से गूंज उठा त्राल. इस मौके पर त्राल चौक पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के अलावा राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद रहे. इससे पहले त्राल में आतंक का साया होने के कारण तिरंगा फहराने का विरोध होता था, लेकिन अब अमन-शांति लौटने के बाद इतिहास रचा गया.

——————

  • एलओसी पार कर भारत में आया पाकिस्तानी, परिवार ने की अपील

भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से भारतीय एजेंसियों ने एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा गया है. हिरासत में लिए गए व्यक्ति के परिवार ने पाकिस्तानी अधिकारियों से उसकी सुरक्षित वापसी की मांग की है. परिवार का दावा है कि पकड़ा गया शख्स मानसिक रूप से विक्षिप्त है, इसलिए अनजाने में नियंत्रण रेखा पार करके भारत पहुंच गया है. पकड़े गए शख्स का नाम फैज है. फैज के पिता ने कहा है, वो अस्पताल से भागा है,  ‘हम भारतीय अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे सुनिश्चित करें कि उसे कोई नुकसान न पहुंचे.’

—————–

  • अपने लोगों के हाथों में हथकड़ी देख भड़का ब्राजील, ट्रंप को सुनाई खरी खोटी

अमेरिका से निर्वासित किए गए दर्जनों अप्रवासी हथकड़ी पहने हुए विमान से ब्राजील पहुंचे. अमेरिका से 88 लोगों को हाथ में हथकड़ी बांधकर ब्राजील निर्वासित किए जाने पर ब्राजील, अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप पर भड़क गया है. अपने लोगों के हाथों में हथकड़ी लगाकर भेजने पर ब्राजील सरकार ने नाराजगी व्यक्त की है. अमेरिका से एक प्लेन ब्राजील के उत्तरी शहर मनौस में उतरा, तो अधिकारियों ने देखा कि विमान में सवार ब्राजीलियाई लोगों को हथकड़ी लगी हुई थी.

ब्राजील के न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों को “तुरंत हथकड़ी हटाने” का आदेश दिया. ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने कहा- कि “वह डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन से इस पर स्पष्टीकरण मांगेगी. ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने कहा कि घर वापसी के दौरान प्रवासियों के साथ किया गया व्यवहार मानवाधिकारों की “घोर अवहेलना” है.”

—————

  • बमों की आपूर्ति पर लगी रोक हटी, नेतन्याहू ने ट्रंप को कहा थैंक्यू

इजरायल ने अमेरिकी सैन्य मदद जारी रखने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को थैक्यू कहा है. ट्रंप प्रशासन ने जो बाइडेन प्रशासन की ओर से इजरायल को 2,000 पाउंड के बमों की आपूर्ति पर लगाई गई रोक हटा दी है. ट्रंप ने कहा है कि “इजरायल के लिए 2,000 पाउंड के बमों की एक खेप के देने जा रहा है. जिसे राष्ट्रपति बाइडेन ने पिछली गर्मियों में अचानक रोक दिया था. 

बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, ‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल को अपनी रक्षा करने, हमारे साझा शत्रुओं का सामना करने, शांति और समृद्धि का भविष्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक देने के अपने वादे को निभाने के लिए धन्यवाद.’ 

——————

  • मार्शल लॉ लगाने वाले साउथ कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति की मुश्किलें बढ़ीं

दक्षिण कोरिया पर जबरन मार्शल लॉ थोपने वाले पूर्व राष्ट्रपति यून सुक येओल की मुश्किलें और बढ़ गई है. यून सुक येओल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है. यून को महाभियोग के जरिये राष्ट्रपति पद से हटाए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था. संवैधानिक अदालत अलग से इस मामले पर विचार कर रही है कि यून को राष्ट्रपति पद से आधिकारिक रूप से बर्खास्त किया जाए या फिर बहाल किया जाए. यून सुक येओल की गिरफ्तारी के बाद समर्थकों में आक्रोश है, तो यून सुक येओल ने सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है.

—————————

  • बलूचिस्तान में धमाका, बीएलए पर हमले का शक

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में धमाका हुआ है. सड़क किनारे रखे बम की चपेट में एक बस के आ जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए हैं. दावा किया गया है कि सड़क पर खड़ी एक ऑल्टो गाड़ी में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) लगाया गया था और जब यात्री बस करीब आई तो विस्फोटक में ब्लास्ट कर दिया गया. हालांकि धमाके की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन बीएलए (बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी) पर धमाके का शक है. 

———————-

  • कांगो में हालात बिगड़े, 03 शांति सैनिकों की मौत, 11 घायल

मध्य अफ्रीकी देश कांगो में एम23 विद्रोही और सहयोगी रवांडा सेना गोमा के बाहरी इलाकों में घुस गए, जिसके कारण पूर्वी कांगो के मुख्य शहर गोमा का हवाई अड्डा बंद कर दिया गया. रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही समूह ने हाल के हफ्तों में सीमा पर कई क्षेत्रों में कब्जा कर लिया है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कांगों के हालात पर एक आपात बैठक की है, बैठक में संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिनिधि ने कहा कि एम23 और रवांडा सेना ने गोमा के बाहरी इलाके मुनिगी क्वार्टर में घुसपैठ की है, जिससे लोग दहशत में भाग रहे हैं. विद्रोही आम लोगों को ढाल की तरह से इस्तेमाल कर रहे हैं. हालात इस कदर बिगड़े हुए हैं कि पिछले 48 घंटे में दक्षिण अफ्रीका के दो और उरुग्वे के एक शांति सैनिक की मौत हो गई है, जबकि 11 शांति सैनिक घायल हुए हैं.

—————————

  • चीन के लैब से फैला कोरोना वायरस: सीआईए

अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए ने दावा किया है कि पूरी दुनिया में फैलने वाली महामारी कोरोना वायरस चीन के लैब से ही फैली थी. सीआईए ने अपनी नई रिपोर्ट को नए निदेशक जॉन रैटक्लिफ के शपथ ग्रहण के बाद सार्वजनिक की. रिपोर्ट में माना गया है कि वायरस प्राकृतिक तौर पर नहीं बल्कि किसी लैब से बाहर आया है. मगर सीआईए ने अपनी रिपोर्ट में ये भी कहा है कि कोरोना की उत्पति को लेकर जो रिसर्च की गई है,  उसके साक्ष्य अपर्याप्त, अनिर्णायक और विरोधाभासी हैं. सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ का कहना है- कि हम मानते हैं कि वायरस किसी प्रयोगशाला से लीक हुआ है. हम इसके बारे में अधिक विश्वसनीय जानकारियां जुटा रहे हैं. 

—————-

  • चीन ने खारिज की सीआईए की रिपोर्ट

सीआईए की ताजा रिपोर्ट को चीन ने राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है. चीन ने सीआईए की रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा है कि वायरस की उत्पत्ति को लेकर हमें बदनाम करने की साजिश हो रही है और इसके लिए सिर्फ वैज्ञानिक पहलुओं पर ही गौर किया जाना चाहिए. चीन ने कोरोना महामारी के दौरान भी कोरोना फैलाने के आरोपों को खारिज किया था. चीन का आरोप है पश्चिमी मीडिया अफवाह फैला रहा है जबकि उसके पास इसका कोई सबूत नहीं है. कोरोना की उत्पत्ति को लेकर दुनिया दो गुटों में बंटी हुई है.कुछ देशों का मानना है कि वायरस चीन के लैब से फैला तो कुछ ने इसके पीछे जानवर (चमगादड़, चूहा) को जिम्मेदार मानते हैं.

———————-

  • उत्तर कोरिया ने किया क्रूज मिसाइल प्रणाली का परीक्षण

उत्तर कोरिया ने जनवरी में अपना तीसरा परीक्षण किया है. उत्तर कोरिया ने एक क्रूज मिसाइल प्रणाली का परीक्षण करके पश्चिमी देशों को आंख दिखाई है. समुद्र से सतह पर वार करने वाले क्रूज मिसाइलों के परीक्षण की निगरानी खुद किम जोंग उन ने की. किम जोंग ने बताया कि मिसाइलों ने 1500 किलोमीटर लंबी उड़ान भरने के बाद अपने लक्ष्य को साधा. दक्षिण कोरिया ने मिसाइल परीक्षण की निंदा की है तो अमेरिका ने कहा है कि हम उत्तर कोरिया तक पहुंचने की पहुंच रखते हैं.

—————–

  • विधानसभा अध्यक्ष के काफिले पर जानलेवा हमला

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में विधानसभा अध्यक्ष चौधरी लतीफ अकबर पर रविवार को जानलेवा हमला किया गया. अज्ञात हमलावरों ने चरकपोरा यूनियन काउंसिल के किक्लियोट इलाके में विधानसभा अध्यक्ष के काफिले पर गोलियां चला दीं. हालांकि इस हमले में लतीफ अकबर बाल-बाल बच गए हैं. अटैक में 2 लोगों के घायल होने की खबर है. हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0