TheFinalAssault Blog Alert Breaking News ट्रंप White House में, बाहर गोलीबारी से हड़कंप
Breaking News Indo-Pacific Reports

ट्रंप White House में, बाहर गोलीबारी से हड़कंप

वॉशिंगटन के होटल हिल्टन में हुई गोलीबारी की जांच चल ही रही है कि अमेरिका में व्हाइट हाउस परिसर के पास अंधाधुंध गोलीबारी होने से हड़कंप मच गया. वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस और वाशिंगटन स्मारक के पास एक हथियारबंद संदिग्ध और सीक्रेट सर्विस के बीच गोलीबारी हुई. फायरिंग की ये घटना ठीक उस वक्त हुई जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला मौके से गुजरा. 

संदिग्ध देखे जाने के बाद फौरन अमेरिकी सीक्रेट सर्विस मे पूरा इलाका घेर लिया. अमेरिकी एजेंसी की गोलीबारी में संदिग्ध घायल हुआ है. वहीं एक नाबालिग के भी गोली लगी है.

15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू के पास हुई इस घटना के बाद प्रेस कार्यालय समेत प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई. मौके से आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे अफरातफरी का माहौल था. सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर मौजूद पत्रकारों को तेजी से प्रेस ब्रीफिंग रूम में ले गए और तकरीबन आधे घंटे बाद हालात सामान्य हो सका.

संदिग्ध से एजेंसी पूछताछ कर रही है. वहीं आशंका जताई जा रही है कि इस बार भी संदिग्ध के निशाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप या फिर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस हो सकते हैं.

व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में था कार्यक्रम, गोलीबारी से दहशत

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया, “15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू पर फायरिंग हुई. यह स्थान नेशनल मॉल में वाशिंगटन स्मारक के पास है, जो व्हाइट हाउस से कुछ ही ब्लॉक दूर है.”

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के डिप्टी डायरेक्टर मैथ्यू सी. क्विन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “दोपहर करीब साढ़े तीन बजे 15वीं स्ट्रीट एसडब्ल्यू और इंडिपेंडेंस एवेन्यू एसडब्ल्यू के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियार के साथ देखा गया. उस वक्त व्हाइट हाउस परिसर के बाहरी इलाके में लगातार गश्त कर रहे सादे कपड़ों वाले एजेंटों ने एक ऐसे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की, जिसके पास बंदूक थी. जब वर्दीधारी अधिकारी उस संदिग्ध व्यक्ति के पास पहुंचे, तो उसने मौके से पैदल भागने की कोशिश की और सीक्रेट सर्विस के एजेंटों पर सीधे गोलियां चला दीं.”


सीक्रेट सर्विस के अधिकारी क्विन ने बताया कि, “इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति द्वारा चलाई गई एक गोली पास में मौजूद एक नाबालिग को भी लग गई. हालांकि, नाबालिग की जान को खतरा नहीं है.

सीक्रेट सर्विस के अनुसार, उस व्यक्ति को पुलिस ने गोली मार दी. व्हाइट हाउस में किसी को चोट नहीं आई है.

गोलीबारी के बाद सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन में मौजूद पत्रकारों को प्रेस ब्रीफिंग रूम में जाने का आदेश दिया. लॉकडाउन हटने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जहां उन्होंने योजना के अनुसार छोटे व्यवसाय मालिकों को संबोधित किया. कार्यक्रम लगभग 45 मिनट देरी से शुरू हुआ.

10 दिन में दूसरी संवेदनशील वारदात, टारगेट पर ट्रंप या वेंस?

इस घटना से पहले 24 अप्रैल को  व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान एक व्यक्ति ने सुरक्षा तोड़ने की कोशिश की थी. होटल हिल्टन में हुई फायरिंग में ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, जेडी वेंस, पीट हेगसेथ, मार्को रुबियो समते सरकार के वरिष्ठ बाल-बाल बचे थे. इस मामले में 31 साल के कोल एलन नाम के शिक्षक को पकड़ा दिया, जिसपर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया गया है.

इस मामले की जांच के बीच ही व्हाइट हाउस के करीब संदिग्ध देखे जाने से घटनाओं की गंभीरता उजागर हो रही है. क्योंकि जिस जगह ऐसी घटनाएं हो रही हैं, वहां ट्रंप या फिर जेडी वेंस मौजूद रहते हैं. व्हाइट हाउस के करीब हुई ताजा गोलीबारी से ठीक पहले वेंस का काफिला ठीक उसी जगह से निकला था.

सीक्रेट सर्विस के डिप्टी डायरेक्टर मैथ्यू क्विन ने कहा कि, “ऐसा नहीं लगता कि उपराष्ट्रपति को निशाना बनाया गया था. यह घटना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ हाल की धमकियों से जुड़ी है या नहीं, इसकी जांच चल रही है.”

फायरिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा, “वाशिंगटन, डीसी, जो एक साल पहले, या उससे कुछ अधिक समय पहले, बेहद असुरक्षित था, अब अमेरिका के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है.”

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0