TheFinalAssault Blog Alert Breaking News ट्रंप नहीं हारते तो टल जाता युद्ध: पुतिन
Breaking News Russia-Ukraine War

ट्रंप नहीं हारते तो टल जाता युद्ध: पुतिन

Grok Image

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की है. पुतिन ने ट्रंप को बेहद समझदार, व्यवहारिक बताते हुए यहां तक कह दिया है कि अगर 2020 में ट्रंप चुनाव नहीं हारे होते तो रूस-यूक्रेन युद्ध होता ही नहीं.

पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को सही बताया है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अगर बाइडेन की जगह वो अमेरिका का राष्ट्रपति होते तो युद्ध नहीं होता.

ट्रंप व्यवहारिक इंसान: पुतिन

व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि अगर उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप को 2020 में चुनाव हारे नहीं होते तो यूक्रेन में युद्ध टाला जा सकता था. फरवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण करने के अपने फैसले को संकट बताते हुए पुतिन ने सरकारी मीडिया से कहा कि “ट्रंप के राष्ट्रपति रहते युद्ध नहीं हो सकता था.

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, “मैं उनसे (ट्रंप) सहमत हूं कि अगर ट्रंप राष्ट्रपति होते, अगर 2020 में उनकी हार नहीं होती, तो शायद यूक्रेन में 2022 में जो संकट पैदा हुआ, वह नहीं होता.” पुतिन ने ट्रंप की तारीफ की और कहा कि “ट्रंप न केवल एक बुद्धिमान व्यक्ति हैं, बल्कि एक व्यवहारिक व्यक्ति भी हैं.”

यूक्रेन के मुद्दे पर रूस हमेशा बात करने को तैयार: पुतिन

पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि “जहां तक बातचीत के मुद्दे का सवाल है, हमने हमेशा कहा है, और मैं एक बार फिर इस बात पर ज़ोर देना चाहता हूं कि हम यूक्रेनी मुद्दों पर इन बातचीतों के लिए तैयार हैं.”

पुतिन ने कहा, “रूस, अमेरिका की मदद से यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते पर बातचीत करने के लिए तैयार है. मुझे यह कल्पना करना कठिन लगता है कि ऐसे निर्णय लिए जाएंगे जो अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए हानिकारक होंगे.”  

24 घंटे में युद्ध रुकवा सकता हूं: डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनावी अभियान के दौरान बार-बार रूस-यूक्रेन का मुद्दा उठाया था. ट्रंप ने कहा था कि उनके अंदर युद्ध को 24 घंटे में रुकवाने की क्षमता है और अगर वो राष्ट्रपति होते तो ऐसी स्थिति आती ही नहीं. हालांकि सत्ता संभालने के बाद ट्रंप ने कुछ महीनों का वक्त लिया है. साथ है रूस को धमकी देते हुए कहा था कि अगर पुतिन बातचीत की मेज पर नहीं आते हैं तो बड़ा आर्थिक प्रतिबंध झेलना पड़ेगा.

सत्ता संभालने के शुरुआती चार दिनों में ट्रंप युद्ध को लेकर अलग-अलग बातें कर चुके हैं. पहला पुतिन से मुलाकात की बात, फिर रूस पर प्रतिबंध लगाने का बयान, तीसरी बार ट्रंप ने युद्ध को बेकार बताते हुए कहा रूस कुछ अच्छा नहीं कर रहा. चौथी बार ट्रंप ने कहा, अगर तेल के दाम कम कर दिए जाएं तो रूस-यूक्रेन युद्ध थम जाएगा. सवाल ये है कि ट्रंप इस युद्ध को कैसे और किन शर्तों पर रोकेंगे?

क्रेमलिन ने हालांकि ट्रंप के इस दावे को किया खारिज

रूस ने अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के उस दावे को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि अगर तेल के दाम कम कर दिए जाएं तो यूक्रेन युद्ध रुक जाएगा.

रूसी राष्ट्रपति के ऑफिस, क्रेमलिन ने ट्रंप के दावोस में दिए गए बयान को गलत बताते हुए कहा है, “यूक्रेनी संघर्ष (युद्ध) रूसी सुरक्षा हितों को ध्यान में रखने से पश्चिम के इनकार के कारण शुरू हुआ. युद्ध, तेल की कीमतों पर निर्भर नहीं करता है.” 

युद्ध तेल की कीमतों पर निर्भर नहीं करता है: रूस

डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों पर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पलटवार किया है. पेसकोव ने कहा, “रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उत्पन्न खतरे, उन क्षेत्रों में रहने वाले रूसियों के लिए उत्पन्न खतरे और अमेरिकी और यूरोपीय लोगों द्वारा रूस की सुरक्षा चिंताओं पर गौर करने से इनकार करने के कारण यह संघर्ष जारी है. इसका तेल की कीमतों से कोई लेना-देना नहीं है.” 

दिमित्री पेसकोव ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बयानों को दोहराया कि “यूक्रेन के नाटो में शामिल होने की योजना के परिणामस्वरूप रूस की सुरक्षा के लिए उत्पन्न खतरे को रोकने और वहां रहने वाले रूसी भाषी लोगों की सुरक्षा के लिए उन्हें फरवरी 2022 में यूक्रेन में सेना भेजनी पड़ी थी.”

पुतिन मिलने को तैयार, वाशिंगटन की हां का इंतजार: पेसकोव

डोनाल्ड ट्रंप बार-बार कह रहे हैं कि व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए तैयार है. लेकिन कब और कहां, इसका खुलासा नहीं कर रहे.

रूसी राष्ट्रपति के दफ्तर क्रेमलिन के प्रवक्ता ने ट्रंप-पुतिन की मुलाकात को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है. दिमित्री ने कहा, “रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने अमेरिकी समकक्ष ट्रंप के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं. लेकिन रूस अब वाशिंगटन से इस संबंध में पुष्टि का इंतजार कर रहा है.”

सत्ता संभालने के बाद युद्ध को बेकार बता चुके हैं ट्रंप

हाल में ही यूक्रेन युद्ध को बेकार का बताते हुए ट्रंप ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि “मैं रूस को नुकसान पहुंचाने के बारे में नहीं सोच रहा, लेकिन पुतिन बेकार के युद्ध को रोकें और समझौता करें. अगर ऐसा नहीं होता है तो मेरे पास रूस पर भारी टैक्स, आयात शुल्क और रूसी सामान पर बैन लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा.”

ट्रंप ने कहा था कि “मैं रूसी लोगों को प्यार करता हूं. मैं पुतिन से कहना चाहता हूं कि बेकार के युद्ध को रोकें और समझौता करें. अगर ऐसा नहीं होता है तो ये युद्ध और बदतर होता जाएगा.” 

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0