TheFinalAssault Blog Alert Breaking News अमेरिकी उपराष्ट्रपति का भारत में भव्य स्वागत, पत्नी उषा संग पीएम मोदी से हुई मुलाकात
Breaking News Geopolitics Indo-Pacific Reports

अमेरिकी उपराष्ट्रपति का भारत में भव्य स्वागत, पत्नी उषा संग पीएम मोदी से हुई मुलाकात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का संदेश लेकर सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पीएम नरेंद्र मोदी से की है मुलाकात. 7 लोक कल्याण मार्ग पर स्थित प्रधानमंत्री आवास पर पीएम मोदी और जेडी वेंस के बीच मुलाकात हुई.

पीएम मोदी ने वेंस की पत्नी और बच्चों से भी मुलाकात की. वेंस परिवार के स्वागत के लिए राजधानी दिल्ली में रेडकार्पेट बिछाया गया. पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान जेडी वेंस के बच्चों ने भारतीय परिधानों में अपना ध्यान आकर्षित किया. वहीं पीएम आवास पर पीएम मोदी ने जेडी वेंस को गले लगाकर स्वागत किया. 

कूटनीतिक तौर पर अहम है मोदी-वेंस की मुलाकात

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की दिल्ली यात्रा रणनीतिक तौर पर बेहद अहम है, क्योंकि अमेरिका और चीन के बीच छिड़ी टैरिफ वॉर में चीन पूरी कोशिश में है, कि भारत को अपने पाले में लाया जाए. वहीं अमेरिका ने भारत पर भी 26 प्रतिशत टैरिफ लगाया हुआ है.

माना जा रहा है कि टैरिफ को लेकर अमेरिका ये बिल्कुल नहीं चाहता है कि भारत जैसे पार्टनर के बीच तल्खी हो. वहीं भारत के नजरिए से अमेरिकी उपराष्ट्रपति का दौरा इसलिए अहम है कि 17 साल की कोशिशों के बाद अमेरिका से हाल ही में आतंकी तहव्वुर राणा लाया गया है तो खालिस्तानी आतंकी हैप्पी पासिया भी एफबीआई के शिकंजे में है. इसके अलावा भारत का मोस्टवांटेड खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू भी अमेरिका में रहता है, और वहीं से भारत विरोधी बातों के साथ-साथ धमकियां भी देता रहता है. माना जा रहा है कि वेंस के दौरे से भारत और अमेरिका के संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी. 

वेंस को पसंद आई अक्षरधाम मंदिर की नक्काशी 

दिल्ली पहुंचने पर जेडी वेंस अपनी पत्नी उषा वेंस के साथ अक्षरधाम मंदिर पहुंचे. इस दौरान वेंस के दोनों बेटे इवान, विवेक और बेटी मीराबेल साथ में रही. दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर में वेंस और उनके परिवार का भव्य स्वागत किया गया. मंदिर दर्शन के बाद वेंस ने कहा है कि मेरे बच्चों को अक्षरधाम मंदिर बहुत पसंद आया. वहीं अक्षरधाम मंदिर की ओर से बताया गया कि उन्होंने मंदिर की नक्काशी की तारीफ की और मंदिर को बहुत सुंदर और विशाल बताया. 

जेडी वेंस के परिवार को लकड़ी का नक्काशीदार हाथी, अक्षरधाम मंदिर का मॉडल और बच्चों की किताबें उपहार में दी गईं. आपको बता दें कि जेडी वेंस का भारत के प्रति बहुत लगाव है, क्योंकि उनकी पत्नी उषा भारतीय हैं और बताया जाता है कि विवाह के बाद जेडी वेंस न सिर्फ शाकाहारी बने बल्कि भारतीय संस्कृति को मानते हैं और भारतीय त्योहारों को भी धूमधाम से मनाते हैं. 

एयरपोर्ट पर भारतीय परिधान में नजर आए वेंस के तीनों बच्चे

सोमवार सुबह जेडी वेंस का विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई, जहां पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वेंस और उनके परिवार का स्वागत किया. इस दौरान फ्लाइट से उतरते वेंस के बच्चों ने हर किसी को मोहित कर लिया, क्योंकि दोनों बेटों ने कुर्ता पायजाम पहन रखा था, वहीं सबसे छोटी बेटी लहंगा पहनकर उतरती नजर आई, जिसे खुद उपराष्ट्रपति वेंस ने अपने गोद में उठा रखा था. वेंस और उनके परिवार ने एयरपोर्ट पर भारतीय नृत्य का भी लुत्फ उठाया.

बताया जा रहा है कि उषा वेंस अपने तीन बच्चों के साथ जेडी वेंस जनपथ स्थित एक एम्पोरियम गए, जहां उन्होंने मिट्टी के बर्तन और चाय की थैलियां और मिट्टी के बर्तन खरीदे. जेडी वेंस 4 दिनों के भारत दौरे पर हैं, इस दौरान जयपुर और आगरा भी जाएंगे. 

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0