TheFinalAssault Blog Alert Breaking News अमेरिका का केशम द्वीप पर हमला, ईरान का डेढ़ गुना भारी पलटवार
Breaking News Middle East War

अमेरिका का केशम द्वीप पर हमला, ईरान का डेढ़ गुना भारी पलटवार

मिडिल ईस्ट में लगातार बिगड़ रहे हैं हालात. ईरान ने पहले कुवैत-बहरीन को एक साथ हमला किया, इस हमले के कुछ देर बाद ही आईआरजीसी ने कुवैत की तरफ दोबारा से मिसाइलें दागीं.

इन हमलों से पहले अमेरिकी सेना ने केशम द्वीप के नजदीक स्थित आईआरजीसी के कम्यूनिकेशन टावर पर बम बरसाए थे. आईआरजीसी ने जिसका आक्रामक जवाब देते हुए खाड़ी देशों पर हमले किए. आईआरजीसी ने कहा, उन्होंने मिसाइलों और ड्रोनों का इस्तेमाल करते हुए अमेरिकी वायु सेना, जिसमें अमेरिकी पांचवें बेड़े का मुख्यालय भी शामिल था,  और क्षेत्र के हेलीकॉप्टर्स पर हमला किया.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए ईरान का हमला नाकाम बताया है. कहा, अमेरिकी डिफेंस सिस्टम ने तेहरान के हमलों को नाकाम कर दिया. अमेरिका के किसी सैनिक या फिर कुवैत का कोई नुकसान नहीं हुआ है.

अमेरिका के हर हमले का जवाब डेढ़ गुना भारी नुकसान करके देंगे: आईआरजीसी

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत बंद होने के बाद, मिडिल ईस्ट में ड्रोन और मिसाइल हमलों में तेजी आई है. ईरान और अमेरिका लगातार एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं. ईरान ने दावा किया है कि उसने एक अमेरिकी-इजरायली जहाज तबाह कर दिया है और कुवैत-बहरीन पर अमेरिकी सैन्य बेस को भारी नुकसान पहुंचाया है.

अमेरिका ने अरब सागर पर कार्रवाई करते हुए ईरान के खर्ग आईलैंड जा रहे जहाज पर हमला किया और जवाब में ईरान ने यूएई, कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किया हमला.

आईआरजीसी के मुताबिक, “गोलीबारी तब शुरू हुई जब अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया, जिससे उसके इंजन रूम को नुकसान पहुंचा.  इस हमले का जवाब देते हुए ईरान के नौसैनिक मिसाइलों से एक अमेरिकी-इजरायली जहाज पर हमला किया.

ईरान ने कहा है कि, अब अमेरिका के हर हमले का डेढ़ गुना ज्यादा जवाब दिया जाएगा.

हमने ईरान के हमले नाकाम किए: सेंटकॉम 

अमेरिका की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, “कुवैत में अमेरिकी बलों को निशाना बनाने की कोशिश करने वाले ईरानी ड्रोन के एक और हमले को विफल कर दिया गया. अमेरिकी डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन मार गिराए और किसी अमेरिकी कर्मी या सैन्य संसाधन को नुकसान नहीं हुआ.”

सेंटकॉम ने कहा कि सभी हवाई खतरों को समय रहते रोक दिया गया और किसी भी अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला सफल नहीं हुआ.

बहरीन-कुवैत-इराक पर अटैक, कुवैत ने जारी की गाइडलाइन

बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है. कुवैती सेना के जनरल स्टाफ के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम ईरान के हमलों को नाकाम कर रहा है. कुवैती वायु रक्षा प्रणाली इस समय शत्रुतापूर्ण मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रही है.

ईरान के हमलों के बाद बढ़ते तनाव के बीच बहरीन ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जबकि यूएई और कुवैत में विमानन सेवाएं प्रभावित हुईं हैं.

कुवैत की सेना ने लोगों के लिए एक और चेतावनी जारी की. सेना ने कहा कि अगर कहीं मिसाइल, ड्रोन या उनके टुकड़े गिरे हुए दिखाई दें तो लोग उनके पास न जाएं और उन्हें हाथ न लगाएं. ऐसे मलबे से लोगों की जान को खतरा हो सकता है.

रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता कर्नल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने नागरिकों और देश में रह रहे विदेशियों से अपील की कि “यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु मिले तो तुरंत इमरजेंसी नंबर पर सूचना दें. उन्होंने लोगों से सिर्फ सरकारी और आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को भी कहा.

कुवैती सेना ने अपने बयान में कहा कि देश की सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है.

बहरीन के गृह मंत्रालय ने चेतावनी सायरन बजाए और लोगों से शांत रहने की अपील की. मंत्रालय ने नागरिकों और निवासियों से कहा कि वे नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर जाएं और अधिकारियों द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0