भारत की पूर्वी सीमा पर बांग्लादेश ‘दूसरा पाकिस्तान’ बनता जा रहा है. ये बयान है बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सलाहकार और बेटे सजीब वाजेद जॉय का. सजीब वाजेद राय ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय मीडिया से बात करते भारत को अलर्ट रहने की सलाह दी है.
सजीब ने खुलासा किया है कि बांग्लादेश में अब पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को खुली छूट मिल गई है, जो भारत की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है.
सजीब वाजेद राय विदेश में रहते हैं और अपनी मां शेख हसीना के तख्तापलट के बाद से ही बांग्लादेश की मौजूदा हालात, हिंदुओं की हत्या, पाकिस्तान से नजदीकी को लेकर मौजूदा सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं.
बांग्लादेश बन गया है पाकिस्तान जैसा दुष्ट देश: सजीब वाजेद
सजीब वाजेद जॉय ने बेबाकी से कहा, “बांग्लादेश अब दूसरा पाकिस्तान बन गया है और यह स्थिति भारत के लिए भी चिंता का विषय होनी चाहिए.” सजीब ने कहा, मोहम्मद यूनुस के शासन में बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है और देश एक “रॉग स्टेट” बनने की ओर बढ़ रहा है.”
आपको बता दें कि रॉग स्टेट एक ऐसा देश होता है जिसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों, नियमों और शांति के खिलाफ काम करने वाला तथा दुनिया के लिए खतरनाक माना जाता है. जहां अंतरराष्ट्रीय संधियों की अनदेखी, आतंकवाद को समर्थन और खतरनाक हथियारों का विकास किया जाता है.
जॉय ने आरोप लगाया कि “शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद भी पुलिस हिरासत में मौतों का सिलसिला जारी है और 5 अगस्त 2024 से सरकार ने राजनीतिक हत्याओं को कानूनी संरक्षण दे दिया है.”
सजीब वाजेद ने कहा कि “बांग्लादेश में उग्रवादियों और चरमपंथी तत्वों को संरक्षण मिल रहा है. बांग्लादेश अब क्षेत्रीय आतंकवाद का केंद्र बन रहा है.”
सजीब वाजेद के अनुसार, देश में आईएसआई जैसी विदेशी ताकतों का प्रभाव काफी बढ़ गया है.”
भारतीय मीडिया दुनिया के सामने लाए आतंकियों की सच्चाई: सजीब वाजेद
सजीब वाजेद ने भारतीय मीडिया से गुहार लगाते हुए कहा, कि भारत की मीडिया को बांग्लादेश की सच्चाई दुनिया के सामने लानी चाहिए. ये बताना चाहिए कि जिन आतंकियों को शेख हसीना ने जेल में बंद किया था, वो आतंकी आज सरेआम रैलियां कर रहे हैं. अलकायदा जैसे आतंकी संगठन के सदस्य सार्वजनिक तौर पर भाषण दे रहे हैं. अगर इसे नहीं रोका गया तो पूरी दुनिया में आतंकी खतरा बढ़ेगा और अगले आतंकी बांग्लादेश से निकलेंगे.
भारत दुनिया का बड़ा लोकतंत्र है. और भारतीय मीडिया की पहुंच पूरी दुनिया में है. कोई घटना होने के बाद इसे सिर्फ एक सनसनीखेज समाचार के तौर पर न देखें. आतंकवाद ऐसा मुद्दा है, जिसे मीडिया को हर दिन उठाना चाहिए. ये एक ऐसा विषय है जिसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जागरूकता फैलाने की जरूरत है. अगर भारतीय मीडिया इसे दिखाएगा तो इंटरनेशनल मीडिया भी इसे कवर करेगा. तब दुनिया के नेताओं को पता चलेगा कि बांग्लादेश में क्या हो रहा है. ऐसा नहीं हुआ तो बांग्लादेश का तो भविष्य खतरे में है ही, भारत की भविष्य की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरे में पड़ेगी.
पीएम मोदी की सजीब वाजेद ने की तारीफ
सजीब ने शेख हसीना को शरण देने और उनकी जान बचाने के लिए भारत का धन्यवाद किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हसीना के साथ वैसा ही सम्मानजनक व्यवहार किया जैसा किसी राष्ट्र प्रमुख के साथ किया जाता है. कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को पूरी सुरक्षा दी गई और भारतीय सरकार के सहयोग को बेहद सम्मानपूर्ण रहा.

