जंतर मंतर पर पैलेट गन चलाने के मामले में एक बड़ी जानकारी सामने आई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पैलेट गन चलाने वाले आरएएफ के जवानों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की जाएगी. क्योंकि जवानों ने पैलेट गन चलाने के समय उपद्रवी भीड़ का नियंत्रित करने वाली सभी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर) यानी तय-मानकों का पालन किया था.
डीजी का स्थापना दिवस पर दिए संबोधन का वीडियो आया सामने
इस बीच, सीआरपीएफ डीजी जी पी सिंह का एक वीडियो सामने आया है जिसमें महानिदेशक ने फोर्स के जवानों के कार्यों की जिम्मेदारी खुल लेनी की बात कही है. हालांकि, वीडियो में पैलेट गन या जंतर मंतर पर ज्यादती का कोई जिक्र नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि उसी संदर्भ में ये संबोधन किया है.
सोमवार को सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस था, उसी दिन का ये वीडियो बताया जा रहा है. स्थापना दिवस के इस कार्यक्रम में मीडिया को आमंत्रित नहीं किया गया था.
जवानों के एक्शन की जिम्मेदारी मेरी: महानिदेशक
इस वीडियो में जी पी सिंह कहते सुने जा सकते हैं कि “मैं अपने बल के महानिदेशक (यानी सीआरपीएफ के प्रमुख) के तौर पर आप सभी जवानों को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि चाहे कोई भी ऑपरेशनल बटालियन हो या कानून वयवस्था से जुड़ी यूनिट हो, जो भी निर्णय आप लेते हैं..जो भी एक्शन आप लेते हो…जो भी ‘बोनाफाइड’ ड्यूटी आप डिस्चार्ज करते हैं, उन सभी निर्णय का, उन सभी एक्शन का दायित्व मेरा है.”
सीाआरपीएफ डीजी ने आगे कहा कि “आप अपना काम निर्भय होकर करते रहें..जहां कहीं भी कोई जिम्मेदारी/दायित्व लेना होगा वो मैं बतौर महानिदेशक के तौर पर लेता हूं.”
आएएफ जवानों को पैलेट गन चलाने पर इसलिए मिली क्लीनचिट
उधर सूत्रों ने एबीपी न्यूज को बताया है कि 20 जुलाई को दिल्ली पुलिस के एक डीसीपी रैंक के अधिकारी के आदेश पर रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवानों ने पैलेट गन चलाई थी. उससे पहले, हिंसक भीड़ को अनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी, लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोलों को जरिए तितर बितर करने की कोशिश की गई थी. भीड़ ने पुलिस और आरएएफ के जवानों की चेतावनी को अनसुना किया और संसद की तरफ कूच करने की कोशिश कर रही थी इसलिए पैलेट गन का इस्तेमाल करना पड़ा.
पैलेट गन नहीं एंटी-रॉयट गन का हुआ था इस्तेमाल
सूत्रों ने ये भी सफाई दी कि जिसे पैलेट गन (पंप एक्शन गन) कहा जा रहा है, दरअसल वो एंटी-रॉयट गन है. हालांकि, दोनों नॉन-लीथल यानी कम घातक हथियारों की श्रेणी में आती हैं, लेकिन दोनों की बुलेट्स में खासा फर्क है. पैलेट गन के कार्टेज में जहां मैटेल या फिर लेड के छर्रे होते हैं, एंटी रॉयट गन में प्लास्टिक या फिर रबर के छर्रे होते हैं.
जानकारी के मुताबिक, 20 जुलाई को आरएएफ के जवानों ने लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोलों के अलावा 55 नॉन-इलेक्ट्रिक शेल्स और 15 इलेक्ट्रिक शेल्स भी दागे थे. ये सभी भी नॉन-लीथल वेपन का कैटेगरी में आते हैं, जो आरएएफ के जवानों को दंगा नियंत्रित करने के दिए गए हैं. आरएएफ की तरफ से 20 जुलाई को दंगा रोकने के लिए की गई पूरी कार्रवाई पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है (डीडी एंट्री). आरएएफ के एक जवान ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया था. जवान ने सात (07) बुलेट्स का इस्तेमाल किया था, जिसके चलते तीन प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. तीनों का दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर राजनीति भी बेहद तेज हो गई है. संसद में विपक्ष ने सरकार को घेर रखा है.
आरएएफ के नॉन-लीथल हथियार जानिए
दरअसल, आरएएफ के जवानों को अपने हथियारों के इस्तेमाल करने को लेकर पूरी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेरिटंग प्रोसिजर) है. आखिर किन परिस्थितियों में और कैसे अपने हथियारों का इस्तेमाल करना है. क्योंकि आरएएफ के जवानों को बैटन (खास डंडे), टीयर गैस यानी आंसू गैस के गोले और पैलेट गन से लैस किया गया है. किसी भी विरोध-प्रदर्शन के दौरान, भीड़ को नियंत्रित करने पहुंचे आरएएफ के सभी जवानों को पैलेट गन से लैस नहीं किया जाता है. एक कंपनी के कुछ जवानों के पास ही ऐसी पैलेट गन इस्तेमाल के लिए दी जाती है.
उग्र भीड़ को खदेड़ेने के लिए सबसे पहले पैरों में डंडे चलाकर तितर-बितर करने का प्रयास किया जाता है. उसके बाद अगर भीड़ पत्थरबाजी करती है तो आंसू गैस के गोले दागकर खदेड़ने की कोशिश होती है. उसके बाद पैलेट गन का इस्तेमाल किया जाता है.
करीब एक दशक पहले कश्मीर घाटी में सबसे पहले हुआ था पैलेट गन का विवाद
पैलेट गन का विवाद सबसे पहले, करीब एक दशक पहले कश्मीर घाटी में सामने आया था. आतंकी सरगना बुरहान वानी के एनकाउंटर के बाद पूरी कश्मीर घाटी में जगह-जगह सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी हो रही थी. ऐसे में सीआरपीएफ ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पैलेट गन का इस्तेमाल किया था. उस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पैलेट गन के छर्रों से घायल हुए थे.
पैलेट गन की एक बुलेट में करीब एक दर्जन छोटे-छोटे छर्रे होते हैं. ऐसे में लगने वाले के शरीर पर छोटे-छोटे कई घाव बन जाते हैं. सबसे ज्यादा मुश्किल आंख में लगने के कारण आती है. पैलेट गन की गोली अगर आंख के आस-पास लग जाए तो खासी मुश्किल हो सकती है. कश्मीर में जब स्थानीय लोगों की आंखों पर इसका असर पड़ा तो दुनियाभर में मानवाधिकार का सवाल उठने लगा. ऐसे में सुरक्षाबलों ने पैलेट गन का इस्तेमाल बेहद कम कर दिया. लेकिन जंतर मंतर पर तीन प्रदर्शनकारियों के घायल होने के बाद एक बार फिर पैलेट गन विवादों के घेरे में है.
सुप्रीम कोर्ट में सीआरपीएफ पेश कर सकती है जांच रिपोर्ट
सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के मुताबिक, मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने के कारण, जंतर मंतर प्रकरण से जुड़ी पूरी रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा. माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट में सीआरपीएफ की तरफ से विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी.

