TheFinalAssault Blog Alert Breaking News फटाफट खबरें: ये जानना भी जरूरी है
Breaking News

फटाफट खबरें: ये जानना भी जरूरी है

रूस जीता तो कमजोर हो जाएगा यूरोप, सीखनी पड़ेगी रशियन भाषा: नाटो महासचिव

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर नाटो महासचिव ने दिया बड़ा बयान. नाटो महासचिव मार्क रूट ने एक बार फिर कहा है कि अगर रूस जीत गया तो दुनिया का सबसे बड़ा सैन्य संगठन कमजोर हो जाएगा.

मार्क रूट ने कहा, “यदि यूक्रेन हार जाता है तो नाटो की प्रतिरोधक क्षमता को दोबारा बहाल करने के लिए हमें अपने खर्च और औद्योगिक उत्पादन को बढ़ाने के मामले में इस समय की तुलना में बहुत अधिक खर्च करना होगा.” कुछ दिनों पहले नाटो महासचिव ने ये भी कहा था कि अगर रूस जीत गया तो पूरे यूरोप को रशियन भाषा सीखनी पड़ेगी.

——————————

चीन-रूस से बढ़ा अमेरिका का टकराव, फिलीपींस की एंट्री

अमेरिका ने अपनी घातक टाइफॉन मिसाइल को फिलीपींस में रीलोकेट किया है. अमेरिकी सेना ने अपने टाइफॉन लांचर को फिलीपींस के लाओग एयरफील्ड से लूजोन द्वीप पर दूसरे स्थान पर तैनात कर दिया है. यह मिसाइल सिस्टम लंबी दूरी तक कई तरह की मिसाइलें दाग सकता है. टाइफॉन लॉन्चर में शामिल टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें फिलीपींस से चीन और रूस दोनों को टारगेट कर सकती है. टाइफॉन के जरिए फिलीपींस लगातार चीन को आंखे दिखाता है.

————————–

बड़ी उपलब्धि, यूरोड्रोन में पर्यवेक्षक बना भारत 

भारत ने यूरोप के नेक्स्ट जेनरेशन ड्रोन बनाने वाली परियोजना यूरोड्रोन में एंट्री ली है. भारत को पर्यवेक्षक के तौर पर यूरोड्रोन प्रोग्राम में शामिल किया गया है. इंडो पैसिफिक से भारत के अलावा सिर्फ जापान को ही पर्यवेक्षक के रूप में शामिल किया गया है.

यूरोड्रोन में शामिल होना भारतीय वायुसेना का लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.इस प्रोग्राम में शामिल होने से भारतीय रक्षा उद्योगों खासकर वायुसेना को सबसे ज्यादा फायदा होने की उम्मीद है. भारत को यूरोप की स्टेट ऑफ ऑर्ट रक्षा तकनीक के मिलने की संभावना भी कई गुना ज्यादा बढ़ जाएगी.

———–

ब्रिटेन में दिखा रूस का जासूसी जहाज, रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी

ब्रिटेन के जलक्षेत्र में रूसी जासूसी जहाज यंतर देखे जाने से हड़कंप मच गया है. रॉयल नेवी ने ब्रिटेन के जल क्षेत्र में रूसी जहाज देखे जाने की पुष्टि की है है. जिसके बाद ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन येली ने रूस को चेतावनी दी है. ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ने कहा, मैं चाहता हूं कि राष्ट्रपति पुतिन यह संदेश सुनें कि हम आपको देख रहे हैं. हम जानते हैं कि आप क्या कर रहे हैं. हम अपने देश की रक्षा के लिए सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे.

———————

अफगानिस्तान में आईएसआईएस ने की चीनी नागरिक की हत्या

अफगानिस्तान में हुई चीनी नागरिक की हत्या की जिम्मेदारी आईएसआईएस आतंकियों ने ली है. बुधवार को एक चीनी नागरिक को ले जा रही एक कार पर हमला किया गया था, जिसमें चीनी नागरिक की मौत हो गई थी.

आईएसआईएस ने कहा है कि अफगानिस्तान के उत्तरी तखर प्रांत में चीनी नागरिक पर हमने हमला किया. हत्या के बाद चीन ने इसकी निंदा करते हुए तालिबान प्रशासन से मामले की जांच करने को कहा था. वहीं तालिबान प्रशासन में मामले में चीनी नागरिक के ट्रांसलेटर को हिरासत में लिया है. क्या था पूरा मामला. इस लिंक में देखिए

———————————————————-

ईरान को कमजोर समझने की भूल न करे अमेरिका: खामेनेई 

ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पदभार संभालने के बाद पहली बार समर्थकों के सामने आए. सुप्रीम लीडर ने कहा, “इजराइल के साथ मध्य पूर्व में एक साल से ज्यादा समय से चल रही लड़ाई से ईरान कमजोर नहीं हुआ है. उस भ्रमपूर्ण कल्पनाशील आदमी (ट्रंप) ने दावा किया है कि ईरान कमजोर हो गया है. भविष्य ही बताएगा कि असल में कौन कमजोर हुआ है.” खामेनेई ने सद्दाम हुसैन का उदाहरण देते हुए ट्रंप को चेतावनी दी कि- ऐसे दर्जनों नेता खत्म हो गए, जो इस भ्रम में थे कि ईरान कमजोर हुआ है.

————————————–

आईएनएस सर्वेक्षक ने किया मॉरीशस का हाइड्रोग्राफिक सर्वे

भारतीय नौसेना के आईएनएस सर्वेक्षक ने मॉरीशस के हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण के अंतिम चरण को पूरा कर लिया है. इसमें 25 हजार वर्ग समुद्री मील से अधिक का व्यापक क्षेत्र शामिल है. जहाज पर आयोजित एक स्वागत समारोह के दौरान, मॉरीशस में भारत के उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव ने हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण की फेयर शीट, साथ ही नए सिरे से तैयार समुद्री चार्ट और सर्वेक्षण उपकरण, मॉरीशस गणराज्य के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल, जीसीएसके (ग्रैंड कमांडर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन) को औपचारिक रूप से सौंपे.

नए समुद्री चार्ट के निर्माण से मॉरीशस को अपनी समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर, संसाधन प्रबंधन और तटीय विकास योजना विकसित करने में मदद मिलेगी. सागर के दृष्टिकोण से  ये कदम भारत और मॉरीशस के बीच स्थाई साझेदारी और प्रतिबद्धता  दिखाता है. 

—————————–

वेस्ट बैंक में इजरायल का ऑपरेशन आयरन वॉल

इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम के बाद इजरायल ने एक और बड़ा सैन्य ऑपरेशन शुरु किया है. आयरन वॉल के नाम से शुरु किए गए इस ऑपरेशन के तहत आईडीएफ के जवान वेस्ट बैंक के जेनिन इलाके में घुस गए हैं.

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मुताबिक, ये आतंक को मिटाने वाला अभियान है.  इजरायली विमानों ने जेनिन पर बमबारी की और बख्तरबंद गाड़ियों ने रिफ्यूजी कैंपों को घेर लिया. जेनिन में इजरायल के बख्तरबंद वाहनों और बुलडोजरों की भारी तैनाती देखी गई है.

——————-

लंदन में चाकू से हमला, 5 घायल, संदिग्ध से पूछताछ

दक्षिण लंदन के क्रॉयडन में को चाकू से किए गए हमले में पांच लोग घायल हो गए. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि आसदा सुपरमार्केट के पास हुई इस घटना के सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है. चाकू से किए गए हमले में घायल पांच लोगों में से एक को गंभीर अवस्था में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है, जबकि चार अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमले के पीछे के कारण को पता किया जा रहा है.

————————-

अमेरिका में चीनी अधिकारी को धमकी, हुई 16 महीने की जेल

अमेरिका में एक झेंग नामक व्यक्ति को 16 महीने की जेल हुई है, जिसमें उस शख्स ने एक पूर्व अधिकारी के घर पर धमकी से भरा नोट चिपकाया था. मामसा अमेरिका के न्यू जर्सी का है. एक चीनी ने पूर्व अधिकारी जू जिन के घर पर धमकी भरा नोट चिपकाया था. धमकी भरा नोट चिपकाने मामले में अमेरिकी अधिकारियों ने आरोपी को दोषी पाया. अमेरिकी अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि आरोपी चीन सरकार द्वारा चलाए जा रहे एक दबाव अभियान का हिस्सा था जो अमेरिका में प्रवासियों को डराया धमकाया करता था.

———————–

इजरायल ने क्षेत्र का नाम बदलकर ट्रंप-1 रखा

डोनाल्ड ट्रंप के सम्मान में इजरायल के एक शहर का नाम बदलकर ‘ट्रंप 1’ रखने की घोषणा की गई है. शहर का नाम बदले की घोषणा शहर के मेयर ने की है. मेयर ने अपने बयान में कहा, ट्रंप का दूसरा कार्यकाल यहूदी समुदायों को मजबूत करने का अच्छा अवसर है. 4,000 एकड़ का ये क्षेत्र रणनीतिक तौर पर बेहद अहम है इजरायल में पहले इसे मेवासेरेट अदुमिम के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब ट्रंप 1 के नाम से जाना जाएगा

———–

मेक्सिको बॉर्डर पर घुसपैठ रोकेंगे अमेरिका के 1500 सैनिक

मेक्सिको बॉर्डर पर इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेशों का रक्षा मंत्रालय ने पालन करना शुरु कर दिया है. अवैध प्रवासियों को रोकने के लिए मेक्सिको बॉर्डर पर 1500 सैनिक भेजे गए हैं. सेना सीमा पर अवैध घुसपैठ को रोकेगी. ट्रंप ने रक्षा मंत्री को सीमाओं को सील करने और अवैध सामूहिक प्रवासन को रोकने के लिए एक योजना बनाने का निर्देश दिया था. ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकालने का फैसला किया है.

—————-

हैती की राजधानी पर कब्जा करने वाला है गिरोह: एंटोनियो गुटेरेस

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चेतावनी दी है कि अफ्रीकी देश हैती को अगर अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सहायता नहीं दी गई तो वहां सक्रिय गिरोह देश की राजधानी पर कब्जा कर सकते हैं. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने हैती में बिगड़ते हालात पर जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही है. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार पिछले साल हैती में 5,600 से अधिक लोगों की हत्या की गई.

————–

ट्रंप ने शॉन क्यूरन को बनाया सीक्रेट सर्विस का चीफ

पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली में डोनाल्ड ट्रंप की जान बचाने वाले एजेंट को अमेरिका की सीक्रेट सर्विस का चीफ बना दिया गया है.राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठने के बाद ट्रंप ने क्यूरन को उनकी जांबाजी का इनाम दिया है. ट्रंप ने क्यूरन को अमेरिका की सीक्रेट सर्विस का जिम्मा सौंप दिया है, सीक्रेट सर्विस के एजेंट शॉन क्यूरन अब एजेंसी के नए मुखिया होंगे. शॉन क्यूरन ने एक बार नहीं दो-दो बार अपनी जान पर खेलकर ट्रंप की जान बचाई है. ट्रंप ने कहा- शॉन एक महान देशभक्त हैं, जो मेरे परिवार की पिछले कुछ सालों से सुरक्षा करते रहे हैं. मुझे उन पर भरोसा है. वह अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की बहादुर टीम का कामयाबी से नेतृत्व करने में सक्षम रहेंगे.’

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0