TheFinalAssault Blog Defence Acquisitions ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग, पांच की मौत आधा दर्जन घायल
Acquisitions Breaking News Defence Reports

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग, पांच की मौत आधा दर्जन घायल

Representative

महाराष्ट्र के भंडारा में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में एक बड़ा हादसा सामने आया है. फैक्ट्री में विस्फोट के बाद लगी आग में पांच लोगों की जान चली गई है और करीब एक दर्जन मजदूर घायल हुए हैं. फैक्ट्री में सेना के लिए गोला-बारूद बनाया जाता है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया है.

जानकारी के मुताबिक, एक तेज विस्फोट के बाद फैक्ट्री की छत गिर गई. धमाके के बाद चीख पुकार मच गई, 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग मलबे में दब गए. विस्फोट के बाद ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में आग भी लग गई. आग इतनी भयंकर है कि दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई दीं. मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंची हैं.

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में तेज विस्फोट के बाद आग

शुक्रवार सुबह तकरीबन 11 बजे भंडारा के ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (सैन्य गोला बारूद हथियार की फैक्ट्री) में जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना तेज था कि तकरीबन 4-5 किलोमीटर तक आवाज सुनी गई. धमाके से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की छत ढह गई और फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. जिस वक्त हादसा हुआ फैक्ट्री में भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे. पांच कर्मचारियों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि एक दर्जन से ज्यादा कर्मचारी दब गए. भंडारा के कलेक्टर संजय कोल्टे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया है कि ब्लास्ट की वजह से फैक्ट्री की छत बुरी तरह से ढह गई. जेसीबी की मदद से मलबे को हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है. लगभग 12 लोग मलबे में दब गए.

हादसा इतना भयंकर है कि माना जा रहा है कि मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है. धमाका फैक्ट्री की सी-सेक्शन 23 आरके ब्रांच में हुआ है. धमाके की वजह का खुलासा नहीं हो सका है. चश्मदीदों ने ये बताया है कि तेज धमाके के बाद आग लग गई. धमाके की वजह की जांच शुरु कर दी गई है. हादसे के बाद फैक्टरी में अफरातफरी का माहौल है.

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या बताया?

नागपुर में मौजूद रक्षा मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रवक्ता ने हादसे की जानकारी दी है. बताया कि “सुबह भंडारा के आयुध फैक्ट्री में हादसा हुआ है. घटनास्थल पर जीवित बचे लोगों के लिए बचाव और चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं. मौके पर जानकारी ली जा रही है.” 

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रख रहे हैं हादसे पर नजर

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताया है. देवेन्द्र फडणवीस ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “हादसे के कारण 13-14 मजदूर मलबे में दब गए. हादसा धमाके के बाद फैक्ट्री की छत गिरने से हुआ है. जिले के कलेक्टर और एसपी मौके पर फौरन पहुंच गए.एसडीआरएफ और नागपुर म्युनिसिपल कारपोरेशन के कर्मचारी भी घटनास्थल पर हैं. सुरक्षाबल के साथ जिला प्रशासन समन्वय बनाए हुए है. बहुत दुखद घटना है. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

भंडारा आयुध फैक्ट्री के बारे में जानिए

भंडारा आयुध फैक्ट्री महाराष्ट्र में है. ये आयुध फैक्ट्री सशस्त्र बलों को हथियारों की आपूर्ति करती हैं. साथ ही गोला-बारूद एक्सपोर्ट भी किया जाता है.

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0