TheFinalAssault Blog Alert Breaking News भारत में इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर कप, 07 मित्र देशों की सेना लेगी हिस्सा
Breaking News Reports

भारत में इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर कप, 07 मित्र देशों की सेना लेगी हिस्सा

भारतीय सेना ने किया है अंतरराष्ट्रीय मिलिट्री एडवेंचर कप का आयोजन. यह प्रतियोगिता 18 से 23 फरवरी 2026 तक पूर्वी हिमालय की तलहटी में आयोजित होगी, जो पारंपरिक खेलों से विपरीत एडवेंचर और प्रतियोगियों की फिटनेस और एक्टिविटी पर आधारित है.

एक सप्ताह के आयोजन में भारत और मित्र देशों की सैन्य टीमें साहसिक और सहनशक्ति से जुड़ी कठिन प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेंगी. सेना के मुताबिक इस आयोजन में सात मित्र देश भूटान, ब्राजील, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, नेपाल, श्रीलंका और सऊदी अरब की सैन्य टीमें शामिल होंगी.

भारतीय सेना ने किया आईएमएसीसी 2026 का आयोजन

भारतीय सेना ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप का आयोजन किया है, जिसमें सात मित्र देशों की सैन्य टीम हिस्सा ले रही हैं. वहीं भारत की ओर से सेना के अलावा भारतीय वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीमें भी हिस्सा लेंगी.

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य एक सैनिक की आवश्यक क्षमताओं जैसे शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और दबाव में निर्णय लेने की योग्यता की परीक्षा लेना है. इसमें पहाड़ी और कठिन भू-भाग में आधारित चुनौतियाँ शामिल होंगी, जो वास्तविक सैन्य अभियानों जैसी परिस्थितियों को दर्शाएंगी.

खेल के माध्यम से दुनिया की सेनाओं के बीच बढ़ेगा सहयोग

अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेल लंबे समय से दुनिया भर की सेनाओं के बीच विश्वास और सहयोग बढ़ाने का माध्यम रहे हैं. ये प्रतियोगिताएं इंटरनेशनल मिलिट्री स्पोर्ट्स काउंसिल (सीआईएसएम) के “खेल के माध्यम से मित्रता” के सिद्धांत के तहत आयोजित होती हैं. 

भारत इस परंपरा में सक्रिय भागीदारी करता रहा है और वर्ष 2007 में चौथे सीआईएसएम मिलिट्री वर्ल्ड गेम्स की मेजबानी भी कर चुका है.

लेकिन इस बार पारंपरिक स्टेडियम खेलों से उलट, यह प्रतियोगिता साहसिक गतिविधियों, सहनशक्ति और फील्ड कौशल पर केंद्रित है, जो आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं.

ये आयोजन सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह रक्षा सहयोग, आपसी सम्मान और सैनिकों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने का अवसर भी है. इसके माध्यम से भारतीय सेना फिटनेस, पेशेवर दक्षता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी.

इस पहले आयोजन की मेजबानी कर भारतीय सेना मित्र देशों के साथ अपने संबंधों को और सुदृढ़ कर रही है और खेल के माध्यम से मित्रता की भावना को आगे बढ़ा रही है.

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0