TheFinalAssault Blog Alert Breaking News स्थाई दोस्त-स्थाई दुश्मन नहीं होते, CDS का वैश्विक उथलपुथल पर बयान
Breaking News Reports

स्थाई दोस्त-स्थाई दुश्मन नहीं होते, CDS का वैश्विक उथलपुथल पर बयान

दुनिया में मची सैन्य उथलपुथल और तनाव के बीच भारतीय सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने भारत का स्वतंत्र रहकर काम करना समय की आवश्यकता बताया है. सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में स्थायी दोस्त या दुश्मन जैसी धारणा भ्रम है. इसलिए भारत को हर परिस्थिति में स्वतंत्र रहकर काम करना जरूरी है.

राष्ट्रीय हित सर्वोपरि, परिस्थियां बदलती हैं, इसलिए स्वतंत्र निर्णय जरूरी: जनरल चौहान

पुणे में दक्षिणी कमान द्वारा आयोजित ‘जय’ (जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता, इनोवेशन) सेमिनार में सीडीएस ने विश्व में अलग-अलग मोर्चों पर तनातनी पर बात की. 

जनरल अनिल चौहान का मानना है कि “परिस्थितियों और राष्ट्रीय हितों के अनुसार नीतियां बदलती रहती हैं. कभी भी कोई देश स्थाई दोस्त या स्थाई दुश्मन नहीं हो सकते. ऐसे में भारत को अपनी रणनीतिक स्वायत्तता बनाए रखते हुए निर्णय लेने चाहिए. जनरल चौहान ने कहा, भारत की सुरक्षा और विदेश नीति का आधार राष्ट्रीय हित होना चाहिए.”

पारंपरिक युद्ध के तरीके बदले, दुनिया में व्यापार रणनीतिक दबाव का साधन बना: जनरल चौहान

जनरल अनिल चौहान ने कहा “दुनिया में युद्ध का तरीका बदल चुका है. अब औपचारिक रूप से घोषित युद्ध कम होते जा रहे हैं. प्रतिस्पर्धा अब प्रॉक्सी युद्ध, सीमित स्तर के ऑपरेशन और साइबर गतिविधियों के जरिए दिखाई दे रही है. कॉग्निटिव वॉरफेयर अब प्रमुख युद्धक्षेत्र बन चुका है, जहां लक्ष्य केवल सेनाएं नहीं, बल्कि पूरा समाज होता है.”

जनरल चौहान ने कहा, “विश्व में अस्थिरता बढ़ रही है. आज व्यापार, सप्लाई चेन, तकनीक तक पहुंच और महत्वपूर्ण संसाधनों का इस्तेमाल रणनीतिक दबाव बनाने के साधन के रूप में किया जा रहा है. संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता जैसे स्थापित सिद्धांतों को चुनौती दी जा रही है. लंबी दूरी और सटीक मारक क्षमता वाले हथियारों के विकास ने चुनौतियों को बढ़ा दिया है.”

भविष्य की चुनौतियों पर जनरल चौहान ने चेतावनी दी, कहा, “आने वाला दशक प्रतिस्पर्धा, टकराव और तकनीकी बदलावों से भरा होगा. ऐसे में भारतीय सशस्त्र बलों को खुद को उसी अनुरूप ढालना होगा, ताकि भारत हर परिस्थिति में अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा कर सके.”

जय (जेएआई) सेमिनार की थीम पर जनरल चौहान ने कहा, “जय से विजय केवल एक नारा नहीं, बल्कि रणनीतिक सिद्धांत है, जो उद्देश्य और परिणाम के बीच स्पष्ट संबंध स्थापित करता है.”

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0