TheFinalAssault Blog Alert Breaking News मस्क को ऑफर, मॉस्को में मिलेगा स्वागत
Breaking News Reports

मस्क को ऑफर, मॉस्को में मिलेगा स्वागत

By Nalini Tewari

क्या रूस देगा एलन मस्क को राजनीतिक शरण, क्या एलन मस्क अपना बोरिया बिस्तर बांधकर रूस के खेमें में चले जाएंगे. क्या अमेरिकी एनएसए के लिए काम करने वाले एडवर्ड स्नोडेन की तरह रूस देगा, मस्क को सिक्योरिटी. 

ये सारे सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दिग्गज उद्योगपति एलन मस्क के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ता ही जा रहा है. ट्रंप ने एलन मस्क को बर्बाद करने की ठान ली है. ऐसे में रूस की ओर से मस्क को ऑफर दिया गया है कि अगर वो चाहें तो रूस उनकी सुरक्षा की गारंटी के साथ-साथ शरण भी दे सकता है.

रूस ने दिया एलन मस्क को राजनीतिक शरण का ऑफर

अमेरिका में ट्रंप प्रशासन छोड़ने के बाद एलन मस्क सरकार की नीतियों की पोल खोल रहे हैं. मस्क ने अमेरिका में तीसरी पार्टी के लिए पोल कराया है. वहीं खुलेआम जिस तरह से ट्रंप के साथ उनकी कलह सामने आई है, टेस्ला को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. टेस्ला के शेयर लगातार गिर रहे हैं. टेस्ला के शेयर्स में गिरावट से जनवरी (ट्रंप के शपथ ग्रहण) से अब तक मस्क को करीब 380 अरब डॉलर (करीब तीन लाख करोड़ रुपये) का नुकसान उठाना पड़ा है. 

अमेरिका में मस्क की आर्थिक हालत बिगड़ती देख रूस ने मस्क को राजनीतिक शरण का ऑफर दिया है. रूसी संसद (ड्यूमा) की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समिति के पहले उपाध्यक्ष दिमित्री नोविकोव ने कहा है कि “अगर मस्क चाहें, तो रूस उन्हें शरण देने पर विचार कर सकता है.”

मस्क को निश्चित तौर पर हम दे सकते हैं शरण: दिमित्री नोविकोव

नोविकोव ने कहा, “मस्क का खेल बिल्कुल अलग है, उन्हें किसी राजनीतिक शरण की जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन अगर पड़ी, तो रूस निश्चित रूप से उन्हें शरण दे सकता है. जैसे हमने एडवर्ड स्नोडन को शरण दी, वैसे ही अगर मस्क चाहें तो हम शरण देने को तैयार हैं.”

वहीं क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इस विवाद से रूस को अलग बताया और कहा, “यह अमेरिका का आंतरिक मामला है, और हम इसमें दखल नहीं देंगे.”

अमेरिका में मस्क को बताया जा रहा अवैध प्रवासी

ट्रंप के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन ने मस्क को ‘अवैध प्रवासी’ बताया है. जिसके बाद नई बहस छिड़ गई है कि क्या मस्क अवैध प्रवासी हैं. स्टीव बैनन ने कहा है कि मस्क को अमेरिका से निर्वासित किया जाए और स्पेसएक्स को जब्त कर लिया जाए. 

दरअसल ट्रंप के साथ तनाव बढ़ने के बाद मस्क ने स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को बंद करने का ऐलान किया था. आपको बता दें मस्क के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट, नासा और आईसीसी की अहम कड़ी है. अगर मस्क स्पेसक्राफ्ट बंद करेंगे तो अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है. ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, कि मस्क का दिमाग खराब हो गया है. 

पश्चिम देशों के आलोचकों को शरण देता रहा है रूस

एडवर्ड स्नोडन के अलावा, ब्रिटिश ब्लॉगर ग्राहम फिलिप्स जैसे कई पश्चिमी आलोचकों को रूस ने पहले भी पनाह दी है. दिमित्री नोविकोव ने जिस एडवर्ड स्नोडन के बारे में बताया है, वो साल 2013 से अमेरिका से भागकर रूस में रह रहे हैं. अमेरिकी फाइलों में एडवर्ड स्नोडन को भगोड़ा बताया गया है. रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग के दौरान ही साल 2020 में स्नोडन को रूस ने नागरिकता भी दे दी है. 

अमेरिकी एनएसए के लिए काम कर चुके हैं. प्रसिद्ध कंप्‍यूटर प्रोफेशनल स्नोडेन को एनएसए संबंधित गुप्त जानकारी लीक करने का आरोप है. अमेरिका में अपनी मुश्किलें बढ़ती देख स्नोडन फरार होकर रूस पहुंच गए थे. बताया जाता है कि साल 2010 में स्नोडन ने दिल्ली में हैकिंग की आधुनिक तकनीक सीखी थी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0