TheFinalAssault Blog Alert Breaking News समुद्री तूफान में मछुआरों का रेस्क्यू ऑपरेशन, तटरक्षक बल की बहादुरी
Breaking News Reports Viral Videos

समुद्री तूफान में मछुआरों का रेस्क्यू ऑपरेशन, तटरक्षक बल की बहादुरी

भारतीय तटरक्षक बल यानि इंडियन कोस्ट गार्ड के जवानों ने समंदर में जिंदगी और मौत के बीच फंसे 06 मछुआरों को जान पर खेलकर बचाया है. ये रेस्क्यू ऑपरेशन कर्नाटक के मंगलुरु तट के पास हुआ है. बेहद खराब मौसम के बीच एक मछली पकड़ने वाली नाव समुद्र में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें तेजी से पानी भर रहा था.

ऐसे में इंडियन कोस्टगार्ड देवदूत की तरह डूबती नाव के पास पहुंची और एक एक करके सभी मछुआरों को बचाया गया. तटरक्षक बल के अद्भुत पराक्रम और तत्परता की सराहना की जा रही है, क्योंकि रेस्क्यू ऑपरेशन का जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि जिस वक्त मछुआरों को बचाने की कवायद चल रही थी, उस वक्त समंदर में ऊंची-ऊंची लहरें थीं और हवा भी रेस्क्यू ऑपरेशन के विरुद्ध थी, लेकिन आईजीसी ने बेहद सूझबूझ से काम लिया और सब्र के साथ सभी को बचा लिया. (https://www.instagram.com/reel/DaMtsXpx9jm/?igsh=MWZqZmhkZXdsZms4cA==)

कम रोशनी, खतरनाक हवा और ऊंची लहरों में बचाई गई जिंदगियां

समुद्र में उठती तेज लहरों,  तेज हवाओं और कम रोशनी के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने छह मछुआरों की जान बचाई है. तटरक्षक बल के मुताबिक 29 जून की शाम कर्नाटक के मंगलूरु तट के पास मछली पकड़ने वाली नौका ‘मंजू माथा’ संकट में फंस गई थी.

सुरथकल तट से करीब 33 समुद्री मील दूर मौजूद इस नाव में समुद्र की उग्र परिस्थितियों के कारण पानी भरने लगा और तेज हवाओं के कारण नाव भी क्षतिग्रस्त हो गई. जिसके बाद नाव में सवार मछुआरों की जान पर संकट था.

शाम लगभग 4 बजे भारतीय तटरक्षक पोत ‘सचेत’ को रेडियो संदेश के माध्यम से मदद की गुहार लगाई गई. यह संदेश मंगलूरु के समीप सुरथकल तट से लगभग 33 समुद्री मील दूर स्थित भारतीय मछली पकड़ने वाली नौका मंजू माथा से भेजा गया था.

संदेश मिलते ही तटरक्षक बल ने बिना समय गंवाए अपने पोत का रुख संकटग्रस्त नौका की ओर मोड़ दिया. महज 90 मिनट के अंदर रेस्क्यू शुरु किया गया. हालाँकि यह बचाव अभियान बेहद मुश्किल था. क्योंकि मौसम बेहद खराब था. लेकिन तटरक्षक बल के जवानों ने धैर्य और कुशलता का परिचय देते हुए कम रोशनी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया.

कोस्ट गार्ड ने विशेष लाइफबॉय समुद्र में उतारे और एक-एक कर सभी मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. शाम 6 बजे तक सभी छह मछुआरे पूरी तरह सुरक्षित बचा लिए गए. इस रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी मछुआरे को किसी भी तरह की कोई चोट नहीं लगी.

इसके बाद तटरक्षक पोत सभी मछुआरों को लेकर न्यू मंगलूरु बंदरगाह पहुंचा.

वयम् रक्षामः आदर्श वाक्य पर हम फिर खरे उतरे: तटरक्षक बल

कोस्ट गार्ड ने अपने बयान में कहा, “यह अभियान एक बार फिर साबित करता है कि भारतीय तटरक्षक बल केवल समुद्री सीमाओं की निगरानी ही नहीं करता, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों के लिए जीवनरक्षक बनकर भी सामने आता है.”

बल का कहना है कि “अपने आदर्श वाक्य ‘वयम् रक्षामः’ यानी हम रक्षा करते हैं के अनुरूप तटरक्षक बल समुद्र में हर चुनौती का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहता है. भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र में संकट में फंसे इन छह मछुआरों को एक चुनौतीपूर्ण खोज एवं बचाव अभियान के दौरान सुरक्षित बचाकर अपनी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, पेशेवर दक्षता और समुद्री सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है. यहां मौजूद तमाम चुनौतियों के बावजूद तटरक्षक बल के जवानों ने अद्वितीय साहस, उत्कृष्ट समुद्री कौशल और सटीक समन्वय का प्रदर्शन किया.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0