TheFinalAssault Blog Alert Breaking News विदेशी नागरिकों के लिए सैटेलाइट फोन जंजाल, ब्रिटेन ने फिर जारी की एडवाइजरी
Breaking News Reports

विदेशी नागरिकों के लिए सैटेलाइट फोन जंजाल, ब्रिटेन ने फिर जारी की एडवाइजरी

ब्रिटेन ने एक महीने में दूसरी बार भारत आने वाले अपने नागरिकों को सैटेलाइट फोन और साइकिलिंग जीपीएस उपकरण को लेकर एडवाइजरी जारी की है.

ब्रिटेन ने अपने नागरिकों से कहा है कि अगर भारत में सैटेलाइट फोन और जीपीएस उपकरण लेकर जाते हैं, तो मुश्किल में पड़ सकते हैं, भारत में गिरफ्तारी और जुर्माना भी लगाया जा सकता है.

दरअसल ब्रिटिश नागरिकों के बीच सैटेलाइट फोन बेहद आम है, लेकिन भारत में ऐसे फोन और उपकरण प्रतिबंधित हैं. चूंकि सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल पहले आतंकी करते थे लिहाजा भारत में सुरक्षा की दृष्टि से सैटेलाइट फोन पर रोक है.

सैटेलाइट फोन, साइकिलिंग जीपीएस है तो हो सकते हैं भारत में गिरफ्तार: ब्रिटेन

विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) ने अपने ‘सेफ्टी एंड सिक्योरिटी’ खंड की समीक्षा करते हुए कहा, “भारत में बिना लाइसेंस के सैटेलाइट फोन और जीपीएस उपकरण रखना और उनका संचालन करना अवैध है, चाहे आप केवल भारत से गुजर रहे हों, तब भी ऐसे उपकरण नहीं रख सकते.”

एफसीडीओ ने कहा, “कई ब्रिटिश नागरिकों को भारत में सैटेलाइट फोन या दूसरे ऐसे उपकरणों के अवैध उपयोग के लिए गिरफ्तार किया गया है.”  

ब्रिटेन ने अपने नागरिकों से कहा-” भारत में पाबंदी के हैंडहेल्ड और साइकलिंग जीपीएस शामिल हैं. बिना अनुमति के इन उपकरणों को रखने पर आप पर जुर्माना लगाया जा सकता है या आपको गिरफ्तार किया जा सकता है तथा सामान को जब्त भी किया जा सकता है.”

भारत के सैन्य इलाकों में दूरबीन का इस्तेमाल न करें: ब्रिटेन

ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को ये एडवायजरी कोई पहली बार नहीं दी है. एक महीने पहले ही ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को सलाह दी थी, लेकिन अब चेतावनी देते हुए कहा गया है कि- कई ब्रिटिश नागरिकों को बिना अनुमति के भारत में सैटेलाइट फोन या अन्य नेविगेशन वाले उपकरण लाने पर गिरफ्तार किया गया है या हिरासत में लिया गया है.

एडवाइजरी में यह भी कहा गया कि “सैन्य इलाकों, सरकारी भवनों, हवाई अड्डों और रलवे स्टेशनों के पास कैमरे या दूरबीन जैसे उपकरणों का इस्तेमाल, फोटोग्राफी,  बर्ड वॉचिंग या प्लेन देखना गलत समझा जा सकता है.” ब्रिटेन ने अपने लोगों को ये भी कहा है कि “यदि सलाह की अनदेखी की जाती है, तो यात्रा बीमा अमान्य हो सकता है.” 

वहीं भारत-पाकिस्तान सीमा के 10 किमी के अंदर किसी भी प्रकार की यात्रा न करने की सलाह दी गई है. कश्मीर और मणिपुर को लेकर भी ब्रिटेन के नागरिकों के लिए चेतावनी दी गई है. 

भारत में सैटेलाइट फोन क्यों प्रतिबंधित हैं?

भारत में सैटेलाइट फोन पर प्रतिबंध है क्योंकि इनका इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों या सीक्रेट बातचीत के लिए किया जा सकता है. इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है. दरअसल सैटेलाइट फोन को ट्रेस करना मुश्किल होता है.

सैटेलाइट फोन, सैटेलाइट के और भी उपकरण होते हैं. खुफिया एजेंसियां भी सैटेलाइट उपकरणों का इस्तेमाल करती हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा न हो इसलिए भारत में विदेश से आने वाले लोगों को ऐसे उपकरण लाने और इस्तेमाल करने की मनाही है. इसके लिए पहले लाइसेंस लेना होता है.

दिसंबर में देहरादून और वाराणसी में अमेरिकी नागरिकों से मिला था सैटेलाइट फोन

देहरादून में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक अमेरिकी नागरिक के पास से प्रतिबंधित इरीडियम सैटेलाइट फोन मिला था. 

अमेरिका से आए नागरिक जोशुआ इवान रिचर्डसन, जो ई-टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था और जांच में  उसके सामान की जांच के दौरान सैटेलाइट फोन बरामद हुआ. इसके अलावा दिसंबर में ही वाराणसी से भी एक अमेरिकी नागरिक को हिरासत में लिया गया था, क्योंकि उसके पास से सैटेलाइट फोन मिला था.

सेटेलाइट फोन बरामदगी के बाद पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों ने अमेरिकी नागरिक से पूछताछ की. पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास से बात की गई. फिर अमेरिकी नागरिक को सेटेलाइट फोन का इस्तेमाल न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0