TheFinalAssault Blog Alert Breaking News गणतंत्र दिवस परेड में सरपंच स्पेशल गेस्ट, कुल 10 हजार विशेष अतिथि
Breaking News Reports

गणतंत्र दिवस परेड में सरपंच स्पेशल गेस्ट, कुल 10 हजार विशेष अतिथि

इस बार गणतंत्र दिवस परेड में देश के गांव के सरपंचों को विशेष अतिथियों के तौर पर आमंत्रित किया गया है. ये वे सरपंच हैं जिन्होंने सरकारी कार्यक्रमों के लक्ष्य हासिल किए हैं. इस तरह के करीब 10 हजार खास गेस्ट इस बार कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी की परेड में अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.

सरपंच के अलावा आमंत्रित अतिथियों में से कुछ रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाले सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी) के सदस्य शामिल हैं. साथ ही खाद्य, पोषण, स्वास्थ्य, जल स्वच्छता और सफाई, पंचायती राज संस्थाओं-समुदाय से जुड़े एसएचजी को भी आमंत्रित किया गया है.

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से इस साल 26 जनवरी को राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 76 वें गणतंत्र दिवस परेड को देखने के लिए लगभग 10 हजार विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है.

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ऐसे एसएचजी सदस्य को प्राथमिकता दी गई है जो कभी दिल्ली नहीं गए हैं. पीएम-जनमन मिशन प्रतिभागियों, आदिवासी कारीगरों, वन धन विकास योजना के सदस्यों, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम उपक्रमों, आशा कार्यकर्ताओं, माय-भारत स्वयंसेवकों को भी गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है.

आपदा राहत और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आपदा राहत कार्यकर्ताओं, पानी समिति, जल योद्धाओं, सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों, वन और वन्यजीव संरक्षण स्वयंसेवकों को पहली बार गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है.

पीएम सूर्य घर योजना और पीएम कुसुम के तहत पर्यावरण संरक्षण और अक्षय ऊर्जा के उपयोग में सहयोग करने वाले किसानों और परिवारों को भी पहली बार आमंत्रित किया गया है.

साथ ही पैरा-ओलंपिक दल के सदस्य, शतरंज ओलंपियाड पदक विजेता, ब्रिज वर्ल्ड गेम्स रजत पदक विजेता और स्नूकर वर्ल्ड चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है क्योंकि उन्होंने अपने-अपने खेलों में अपने प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है.

नवाचार और उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए, पेटेंट धारकों और स्टार्टअप को भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल किया गया है. देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत स्कूली बच्चे जो अखिल भारतीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता और वीर गाथा प्रतियोगिता के विजेता बनकर उभरे हैं, वे भी गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0