Alert Breaking News Conflict Islamic Terrorism Kashmir Terrorism

आतंक का हेडमास्टर गिरफ्तार, कश्मीर में टारगेट किलिंग

लोकसभा चुनावों में आतंकियों पर नकेल कसे जाने और शांतिपूर्ण चल रहे चुनाव को लेकर आतंकी बौखला गए हैं. यही वजह है कि आतंकी जम्मू कश्मीर में दहशत फैलाने की फिराक में हैं. राजौरी के जंगल में भारी मात्रा में हथियार, आईईडी, एके 47 बरामद होने के कुछ घंटों बाद ही राजौरी में ही आतंकियों ने एक सरकारी कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी. सोमवार रात सरकारी कर्मचारी अब्दुल रजाक नाम के एक शख्स की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. अब्दुल रजाक का भाई क्षेत्रीय सेना (टेरीटोरियल आर्मी यानी टीए) में सिपाही है. 

बताया ये भी जा रहा है कि अब्दुल रजाक के पिता की भी आतंकियों ने करीब 12 साल पहले गला रेतकर हत्या कर दी थी. आतंकियों की तलाश के लिए पुलिस और सुरक्षबलों ने घेराबंदी कर ली है और आतंकियों की तलाश जारी है,

7 दिनों में दूसरी टारगेट किलिंग, राजौरी में दहशत
राजौरी में समाज कल्याण विभाग के जूनियर असिस्टेंट अब्दुल रजाक कुंडा टोपा गांव की मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे. रास्ते में घात लगाकर बैठे आतंकियों ने रज्जाक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. गोलियों की आवाज से लोगों के इकट्ठा होते ही आतंकी फरार हो गए. अब्दुल रजाक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. परिवार के लोगों के मुताबिक आतंकी रजाक के छोटे भाई ताहिर चौधरी उर्फ लाल हुसैन को निशाना बनाए आए थे जो सेना की टेरिटोरियल आर्मी में जवान है. पर अनजाने में आतंकियों ने रजाक की हत्या कर दी.

पिता की भी आतंकियों ने की थी हत्या
मृतक रजाक का परिवार हमेशा से आतंकियों के निशाने पर रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 12 साल पहले रजाक के पिता मोहम्मद अकबर की भी आतंकवादियों ने गला रेत कर हत्या कर दी थी. पिता की हत्या के बाद रजाक को अपने पिता की जगह सरकारी नौकरी मिली थी.

17 अप्रैल को अनंतनाग में टारगेट किलिंग
17 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग आतंकियों ने बिहार के युवक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी. टारगेट किलिंग जबलीपोरा इलाके में हुई थी. बिहार का रहने वाला राजू शाह जबलीपोरा में परिवार के साथ किराए पर रहता था और पकौड़े का ठेला लगाता था. घायल अवस्था में राजू को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.

पुंछ में आतंकी पाठ पढ़ाने वाला हेडमास्टर गिरफ्तार
राजौरी में टारगेट किलिंग से पहले पुंछ में एक स्कूल हेडमास्टर की गिरफ्तारी की गई. कमरुद्दीन नाम का हेडमास्टर आतंकियों का साथी था. सर्च ऑपरेशन के दौरान हेडमास्टर के ठिकाने से जवानों को 2 चीनी ग्रेनेड और एक पाकिस्तानी पिस्तौल बरामद हुई थी. एक खुफिया जानकारी के बाद पुलिस करीब दो महीने से हेडमास्टर हर हरकत पर नजर रखे हुए थी. पुलिस को शक है कि राजौरी-पुंछ में पिछले कई आतंकी घटनाओं में हेडमास्टर का हाथ हो सकता है. हेडमास्टर से बरामद हथियारों का इस्तेमाल चुनावी माहौल को खराब करने की साजिश थी.  

राजौरी में आतंकियों की बड़ी साजिश नाकाम
लोकसभा चुनावों में अशांति फैलाने के लिए पाकिस्तान की शह पर आतंकी लगातार साजिश रच रहे हैं. 26 अप्रैल को होने वाली दूसरे चरण के चुनाव से पहले सुरक्षाबलों ने राजौरी के थन्ना मंडी इलाके में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है. जवानों ने  आठ इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद कर एक बड़ी साजिश को टाल दिया है. आईईडी के अलावा दो वायरलेस सेट, एके 47 की तीन मैगजीन, 102 कारतूस, चार्जर व अन्य सामान बरामद हुआ है. करीब 6 दिन पहले भी मेंढर इलाके की एक गुफा से 3 आईईडी बरामद की गई थी.

चुनाव के ऐलान के बाद से पिछले कुछ दिनों में जम्मू कश्मीर के राजौरी और पुंछ इलाके में आतंकी वारदातें हुईं हैं, लिहाजा पुलिस और सुरक्षाबल लगातार संयुक्त ऑपरेशन चला रहे हैं. राजौरी और पुंछ जिले इस साल परिसीमन के बाद अनंतनाग-राजौरी सीट में आते हैं. तीसरे चरण में इस सीट पर सात मई को मतदान होगा. उससे पहले लोगों को भयमुक्त करके पोलिंग स्टेशन तक लाना एक चुनौती है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.