Alert Breaking News Conflict Geopolitics Indian-Subcontinent

मोदी ने उठाया बांग्लादेश में हिंदुओं का मुद्दा, यूनुस से की सुरक्षा की मांग

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे जानलेवा हमले और संपत्ति के नुकसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंता जताई है. पीएम मोदी ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस से हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है. मोहम्मद यूनुस ने गुरुवार देर शाम बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर शपथ ली है. 

पीएम मोदी ने उठाया बांग्लादेश में हिंदुओं पर अटैक का मुद्दा

शेख हसीना के तख्तापलट के बाद बांग्लादेश की बागडोर अब नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के हाथ में है. मोहम्मद यूनुस के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी ने बधाई संदेश दिया है. पीएम मोदी ने मोहम्मद यूनुस को बधाई देने के साथ ही बांग्लादेश में हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा दिया है.

पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को उनकी नई जिम्मेदारी संभालने पर मेरी शुभकामनाएं. पीएम ने कहा कि  “हम बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सामान्य स्थिति में शीघ्र वापसी की उम्मीद करते हैं.भारत शांति, सुरक्षा और विकास के लिए हमारे दोनों लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है.”

सरकार बांग्लादेश के लोगों की सुरक्षा करेगी: मोहम्मद यूनुस

बांग्लादेश की कमान संभालने वाले मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि बांग्लादेश सरकार बांग्लादेश में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी. यूनुस ने बांग्लादेश के छात्र और युवाओं से बांग्लादेश के पुनर्निर्माण में मदद करने की अपील करते हुए कहा कि हमें इस आजादी की रक्षा करनी है. मोहम्मद यूनुस ने एजेंडा बताते हुए कहा, सरकार सबसे पहले अराजकता फैलाने वालों और अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों को नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था को बहाल करेगी.

हसीना के शरण पर सस्पेंस, जयशंकर ने की यूके के विदेश मंत्री से बात

सोमवार से बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना भारत में मौजूद हैं. शेख हसीना के शरण को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. इस बीच एस जयशंकर और ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से बातचीत की है. ये बातचीत शेख हसीना के लंदन में शरण लेने की योजना को लेकर हुई है. दरअसल शेख हसीना लंदन जाना चाहती थीं ,पर बात नहीं बन पाई. 

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने ये बयान दिया था कि शेख हसीना को ब्रिटेन में कानूनी संरक्षण नहीं मिल पाएगा, इसलिए किसी सुरक्षित देश में शरण लें. डेविड लैमी के इस बयान के बाद एस जयशंकर और उनके बीच हुई बातचीत को अहम माना जा रहा है. एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में लिखा, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से फोन पर बात हुई है. इस दौरान बांग्लादेश और पश्चिमी एशिया के स्थिति पर चर्चा हुई.

स्वदेश वापसी करेंगी मां: साजिब वाजिद जॉय

अमेरिका के वर्जीनिया में रहने वाले शेख हसीना के बेटे साजिब ने दावा किया है कि उनकी मां किसी भी देश में शरण नहीं लेंगी. लोकतंत्र बहाल होने के बाद शेख हसीना एक बार फिर से अपने देश बांग्लादेश ही जाएंगी. साजिब ने कहा, मां शेख हसीना का बांग्लादेश से निकलना इसलिए जरूरी था, क्योंकि बांग्लादेश में हालात बेकाबू थे. मैं पीएम मोदी का शुक्रगुजार हूं कि ऐसे वक्त में भारत ने उन्हें सुरक्षा दी. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.