Breaking News Geopolitics Indo-Pacific Reports

एक बार फिर Trump सरकार, मोदी मजबूत संबंधों को लेकर आश्वस्त

अमेरिका में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप की सरकार से अमेरिका में जश्न का माहौल है. वहीं मित्र देशों ने डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव जीतने की बधाई दी है. साथ ही मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है. 

पीएम मोदी ने ट्रंप के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर करते हुए ट्रंप को एक बार फिर से अपना दोस्त संबोधित किया है.

पीएम मोदी ने ‘दोस्त’ को दी बधाई
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्रंप को बधाई देते हुए लिखा, “आपकी ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रम्प. आप अपने पिछले कार्यकाल की सफलता को आगे बढ़ाने जा रहे हैं. मैं भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने व हमारे सहयोग को नवीनीकृत करने के लिए उत्सुक हूं. आइए, मिलकर अपने लोगों की भलाई के लिए और वैश्विक शांति, स्थिरता तथा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए काम करें.” (https://x.com/narendramodi/status/1854206814545740140)

ट्रंप की जीत पर पीएम मोदी ने शेयर बॉन्डिंग की तस्वीरें
डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर चार फोटो भी शेयर की है, जिसमें दोनों के बीच खास बॉन्डिंग नजर आ रही है. पहली फोटो में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप गले मिल रहे हैं. दूसरी फोटो ट्रंप के भारत दौरे की है, जब पीएम मोदी उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे. तीसरी फोटो में पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे की है, जिसमें वो डोनाल्ड ट्रंप के हाथ में हाथ डाले नजर आ रहे है. चौथी फोटो जी-7 समिट के दौरान की है और इस फोटो में पीएम मोदी और ट्रंप हाथ पकड़कर ठहाके लगाते नजर आ रहे हैं. (https://x.com/narendramodi/status/1854075308472926675)

सिर्फ पीएम मोदी से गले मिलते हैं डोनाल्ड ट्रंप
पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप दोनों बेहद अच्छे मित्र माने जाते हैं. ट्रंप के राष्ट्रपति रहते हुए जब पीएम मोदी अमेरिका गए थे, तो ट्रंप ने पीएम मोदी से गले मिलकर सबको चौंका दिया था. अमूमन ट्रंप किसी को गले नहीं लगाते हैं. 

पीएम मोदी के काम करने के तरीके के मुरीद हैं ट्रंप. हालांकि सितंबर महीने में जब पीएम मोदी अमेरिका के दौरे पर गए थे. तो डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से मुलाकात करने की इच्छा जताई थी. रणनीति के चलते पीएम मोदी ने ट्रंप के साथ मुलाकात नहीं की थी, क्योंकि तब ट्रंप सत्ता में नहीं थे.

पीएम मोदी को महान नेता कहते हैं डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप अक्सर पीएम मोदी की तारीफ करते नजर आए हैं. अपने कैंपेन के दौरान भी ट्रंप ने पीएम मोदी को महान नेता बताया था. एक पॉडकास्ट के दौरान  ट्रंप ने कहा था “मोदी, भारत. वह मेरे दोस्त हैं. वह सबसे अच्छे इंसान हैं. प्रधानमंत्री के रूप में उनके नियुक्त होने से पहले, भारत बहुत अस्थिर था.” 

पाकिस्तान को लेकर भी ट्रंप ने एक किस्सा याद करते हुए कहा था कि “जब विंग कमांडर अभिनंदन पाकिस्तान के कब्जे में थे. तो मैंने पीएम मोदी से मदद करने की पेशकश की थी. पर पीएम मोदी ने ये कहकर चौंका दिया था कि मैं संभाल लूंगा, सदियों से हम उन्हें हराते रहे हैं.” ट्रंप ने कहा, “पीएम मोदी के जवाब से मैं समझ गया था कि मोदी बेहद सशक्त हैं.” 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.