Breaking News Conflict Geopolitics Indian-Subcontinent

ढाका पहुंचे मिसरी का कड़ा संदेश, हिंदुओं पर बंद हो हमले, बांग्लादेश बोला आंतरिक मामला

शेख हसीना के तख्तापलट के बाद से हिंदुओं पर हो रहे हमलों समेत कई मुद्दों पर बांग्लादेश के साथ तनाव को कम करने और भारत का रुख साफ करने के लिए ढाका पहुंचे हैं विदेश सचिव विक्रम मिसरी. मिसरी ने अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस से मुलाकात की है. मोहम्मद यूनुस के अलावा विक्रम मिसरी ने बांग्लादेश के विदेश सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन से मुलाकात की है.

विक्रम मिसरी ने प्रमुखता से हिंदुओं पर हमले रोकने का आह्वान किया तो बांग्लादेश को मिर्ची लग गई. बांग्लादेश ने हिंदुओं पर हमले का मामला आंतरिक बता दिया.

अल्पसंख्यकों पर हमले रोके अंतरिम सरकार: विक्रम मिसरी

अपने इस दौरे में विदेश सचिव ने बांग्लादेश के विदेश सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन से मुलाकात की जिसमें अल्पसंख्यकों का मुद्दा उठाया. हुसैन से मुलाकात के बाद विदेश सचिव मिस्री ने कहा, “हमने हाल की घटनाओं पर भी चर्चा की और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण से संबंधित चिंताओं से उन्हें अवगत कराया. हमने सांस्कृतिक और धार्मिक संपत्तियों पर हमलों की खेदजनक घटनाओं पर भी चर्चा की.” विक्रम मिसरी ने कहा, “मैंने इस बात पर जोर दिया कि भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और पारस्परिक रूप से लाभप्रद संबंध चाहता है.” 

विक्रम मिसरी के बयान के बाद बांग्लादेश ने क्या कहा

अल्पसंख्यकों पर हमलों को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिसरी की टिप्पणी के बाद बांग्लादेश के विदेश सचिव मोहम्मद जशीम उद्दीन ने बयान दिया है. मोहम्मद जशीम उद्दीन ने कहा है कि भारत को बांग्लादेश के घरेलू मामलों में दखल देने से बचना चाहिए. बांग्लादेश के विदेश सचिव ने कहा, किसी की आस्था चाहे जो भी हो, बांग्लादेश में हर कोई अपने धर्म का पालन स्वतंत्र रूप से कर रहा है और इस संबंध में भ्रम और गलत सूचना फैलाना गलत है. यह हमारा घरेलू मामला है और हमारे अंदरुनी मामलों पर दूसरे देशों की टिप्पणी उचित नहीं है.

बांग्लादेश में बांटे गए भारत विरोधी पर्चे

विक्रम मिसरी बांग्लादेश में हैं और ढाका में भारत विरोधी पर्चे बांटे गए हैं. बांग्लादेश की सड़कों पर भारत को दुश्मन देश घोषित करने की मांग करते हुए पर्चे बांटे जा रहे हैं. बांग्लादेश के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन हिज्ब उल तहरीर ने पर्चा छापकर भारत को शत्रु राष्ट्र घोषित करने की मांग की है. राजधानी ढाका में भी सड़कों पर कागज पड़े नजर आ रहे हैं. हिज्ब उल तहरीर के संगठन के तहत मुस्लिम एकता बनाने का आह्वान किया गया है. बांटे जा रहे दो पेजों के प्रोपेगेंडा पैम्फलेट में भारत को ‘दुश्मन’ बताया गया है.

यूरोपीय वीजा सेंटर दिल्ली से हटाकर ढाका में किया जाए: यूनुस

बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की. इस दौरान मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेशियों के लिए अपने वीजा केंद्रों को दिल्ली से ढाका या किसी अन्य पड़ोसी देश में ट्रांसफर करने की मांग की है.

बांग्लादेश में नियुक्त यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख माइकल मिलर ने ढाका को तेजगांव स्थित मुख्य सलाहकार के कार्यालय में मोहम्मद यूनुस के साथ बैठक की. इस बैठक में 19 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए. इस दौरान मोहम्मद यूनुस ने कहा, भारत ने बांग्लादेशियों के लिए वीजा प्रतिबंधित कर दिया है, जिससे छात्रों को नुकसान हो रहा है. छात्रों को यूरोपीय वीजा नहीं मिल रहा, इसलिए सेंटर को दिल्ली से हटा कर किसी और जगह लाना चाहिए.
 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.