Breaking News Conflict Geopolitics India-China Indo-Pacific LAC

इंडो-पैसिफिक जंग का मैदान नहीं, चीन की अमेरिका को दो टूक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में चीन को मुद्दा बनाए जाने पर चीन ने नाराजगी जाहिर की है. चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दो देशों के सहयोग में चीन को मुद्दा नहीं बनाना चाहिए और किसी तीसरे देश को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए. पाकिस्तान के बाद अब ट्रंप और मोदी की द्विपक्षीय वार्ता पर चीन ने भी प्रतिक्रिया दी है. 

एशिया प्रशांत, जियो-पॉलिटिक्स की लड़ाई का क्षेत्र नहीं: चीन

चीन के विदेश मंत्रालय ने वाशिंगटन डीसी में हुई भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय वार्ता को लेकर प्रतिक्रिया दी है. चीनी प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात पर कहा कि “एशिया-प्रशांत शांतिपूर्ण विकास का केंद्र है, न कि जियो-पॉलिटिक्स की लड़ाई का क्षेत्र. द्विपक्षीय सहयोग में चीन को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए और इससे किसी तीसरे देश के हितों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए. दो देशों के बीच बातचीत शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए अनुकूल होना चाहिए.”

राजनीति और टकराव में शामिल होने से शांति नहीं आएगी: चीन

डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी के बीच क्वाड समूह को लेकर हुई बातचीत पर भी चीन ने निशाना साधा है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, “विशेष समूह बनाने तथा गुटीय राजनीति और गुटीय टकराव में शामिल होने से सुरक्षा नहीं आएगी और किसी भी तरह से एशिया-प्रशांत एवं पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण और स्थिर नहीं रखा जा सकेगा.”

भारत-अमेरिका ने क्वाड को मिलकर मजबूत बनाने पर सहमति जताई

द्विपक्षीय वार्ता के दौरान पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप ने क्वाड को लेकर अहम बातचीत की है. भारत और अमेरिका दोनों देश मिलकर क्वाड को और मजबूत करने पर प्रतिबद्धता जताई है. भारत और अमेरिका द्वारा जारी ज्वाइंट स्टेटमेंट में कहा गया है कि “दोनों देश भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं. दोनों नेताओं ने इस बात की भी पुष्टि की कि अमेरिका और भारत के बीच घनिष्ठ साझेदारी एक स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है.”

इस साल भारत क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसके लिए पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को आमंत्रित किया है. चीन को क्वाड को लेकर आशंका होती है और चीन क्वाड को एशियाई नाटो बुलाता है.” (इस्लामिक आतंकवाद पर साझा बयान, तिलमिलाया पाकिस्तान)

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.