Breaking News

खबरें फटाफट: जानना जरूरी है!

  • अमेरिका से अमृतसर पहुंचा दूसरा विमान, लाए गए 119 भारतीय

अमेरिका से निर्वासित किए गए अवैध तरीके से रह रहे भारतीयों को लेकर दूसरा विमान अमृतसर पहुंचा. दूसरे विमान में 119 भारतीयों को वापस लाया गया है. 119 लोगों में 67 पंजाब से, 33 हरियाणा से, 8 गुजरात से, 3 उत्तर प्रदेश से, 2-2 लोग गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से और एक-एक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से हैं.भारतीय निर्वासित लोगों के दूसरे बैच में चार महिलाएं और दो नाबालिग शामिल हैं, जिनमें एक छह साल की एक बच्ची भी वापस लाई गई है.

  • दोस्त ट्रंप के आगे अपने लोगों के समर्थन में क्यों नहीं बोले पीएम: सीएम मान

157 और भारतीयों को अमेरिका से ला रहे तीसरे विमान के भी रविवार को अमृतसर में उतरने की उम्मीद है. पंजाब के सीएम भगवंत मान ने निर्वासित किए गए लोगों के विमान को अमृतसर में उतारे जाने पर निशाना साधा. सीएम मान ने कहा- सरकार पंजाब पर अपनी हार का गुस्सा निकाल रही है, लेकिन एक भी काम पंजाब के हक में नहीं किया. प्रधानमंत्री जी जवाब दें कि अपने दोस्त ट्रंप के आगे अपने नागरिकों के समर्थन में बात क्यों नहीं की?’

  • गिर सकती है अंतरिम सरकार, आंदोलनकारी सलाहकार देंगे इस्तीफा

शेख हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद आई अंतरिम सरकार में भी उथलपुथल मचनी शुरु हो गई है. शेख हसीना के खिलाफ छात्र प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले नेता नाहिद इस्लाम ने सरकार छोड़ने का ऐलान किया है. नाहिद इस्लाम यूनुस सरकार में सलाहकार बनाए गए थे, लेकिन अब नाहिद ने पद छोड़ने की घोषणा कर दी है. 

  • मार्को रुबियो और सर्गेई लावरोव में हुई फोन पर बात

डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन के फोन पर हुई बात के बाद रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को फोन पर बातचीत की. बातचीत में पुतिन और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बैठक की तैयारी के लिए नियमित संपर्क पर सहमति व्यक्त की. रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, यह फोन कॉल अमेरिकी पक्ष की पहल पर आयोजित की गई थी.दोनों पक्षों ने यूक्रेन के मुद्दे पर समाधान, मिडिल ईस्ट सहित महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत करने की अपनी पारस्परिक इच्छा व्यक्त की.

  • एस जयशंकर से मिले यूक्रेनी विदेश मंत्री, युद्ध पर चर्चा

जर्मनी के म्यूनिख में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के मौके पर यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा और एस जयशंकर के बीच बैठक हुई. एस जयशंकर और सिबिहा ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान की दिशा में चल रहे प्रयासों पर चर्चा की. यूक्रेन के विदेश मंत्री ने लिखा, “मैं हमारी सार्थक बैठक के लिए डॉ. एस जयशंकर को धन्यवाद देता हूं. हम भारत के साथ संबंध विकसित करने और व्यापार, प्रौद्योगिकी, कृषि, सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने में रुचि रखते हैं. हम न्यायपूर्ण और स्थायी शांति लाने के लिए भारत की मजबूत वैश्विक आवाज पर भी भरोसा करते हैं.”

अब यूरोप अपनी सुरक्षा खुद करे: जेडी वेंस

म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने संबोधन में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यूरोप के देशों के खिलाफ बयान दिया. कहा, “यूरोप को अब अपनी सुरक्षा के लिए खुद कदम उठाने चाहिए. वॉशिंगटन में अब एक नई सरकार आ गई है और अब चीजें उसके हिसाब से होंगी.” अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी वेंस के बयान का समर्थन किया और कहा कि यूरोप में अभिव्यक्ति की आजादी खतरे में है.”

  • अमेरिका से हमें डरना नहीं चाहिए: जर्मन राष्ट्रपति

वेंस के इस बयान से जर्मनी के रक्षा मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई. तो जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वॉल्टर स्टीनमीर ने नाराजगी जताते हुए कहा, “ट्रंप के सत्ता में आने के बाद अमेरिका और जर्मनी के रिश्तों में गिरावट आई है.जब अमेरिका द्वारा विध्वंसक नीतियों का एलान किया जा रहा है तो ऐसे वक्त में यूरोपीय नेताओं को शांति बनाए रखनी चाहिए और हमें डरना नहीं चाहिए.”

  • गुब्बारों में लगी आग, बाल-बाल बचे नेपाल के डिप्टी पीएम

नेपाल के उपप्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल शनिवार को एक पर्यटन मेले के उद्घाटन के दौरान झुलस गए. डिप्टी पीएम बिष्णु प्रसाद पौडेल, पोखरा के महापौर धनराज आचार्य के साथ ‘पोखरा भ्रमण वर्ष’ का उद्घाटन करने पहुंचे थे. मेले का उद्घाटन करने के दौरान हो रही आतिशबाजी की वजह से हाइड्रोजन से भरे गुब्बारों में आग लग गई. घटना में पौडेल के सिर और हाथ झुलस गए जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए काठमांडू लाया गया.

  • ब्राजील में फिर विमान हादसा, 2 की मौत

ब्राजील के साओ पाउलो में शनिवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक, यह निजी विमान क्वाड्रा नगरपालिका में वनस्पति में गिरा, जो राज्य की राजधानी से करीब 160 किलोमीटर दूर है. 7 फरवरी को भी साओ पाउलो में एक विमान हादसा हुआ था. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.