Breaking News Russia-Ukraine War

पुतिन ने ट्रंप को किया दरकिनार, कीव को किया टारगेट

By Nalini Tewari

नोबल शांति पुरस्कार का दावा करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर निराश दिख रहे हैं. ट्रंप के सीजफायर की पहल को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ठुकरा दिया है, जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप का दर्द सामने आया है.

ट्रंप ने बातचीत के बाद पत्रकारों से कहा लगता नहीं है रूस रुकेगा, क्योंकि सीजफायर को लेकर चल रही बातचीत में कोई प्रगति नहीं हुई है. बताया जा रहा है ट्रंप से लगभग एक घंटे तक हुई बातचीत के दौरान पुतिन ने दो टूक कह दिया है, कि जब तक रूस अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर लेता तब तक रूकेगा नहीं.

वहीं ट्रंप से बातचीत के कुछ ही घंटों बाद रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को टारगेट करते हुए बड़ा हमला किया है, जिससे हड़कंप मच गया है. 

रूस-यूक्रेन युद्ध नहीं थमने से मैं खुश नहीं: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पुतिन के बीच 1 घंटे तक फोन पर बातचीत हुई है. इस बातचीत में यूक्रेन के साथ संघर्ष के अलावा ईरान के मुद्दे पर भी चर्चा की गई. बताया जा रहा है कि ट्रंप ने बातचीत में युद्धविराम की मांग दोहराई. उन्होंने पुतिन से कहा कि हालात को संभालने के लिए तुरंत सीजफायर जरूरी है, जिससे जान-माल की हानि को रोका जा सके. बातचीत आगे बढ़नी चाहिए. लेकिन पुतिन अपने रुख पर कायम हैं. 

ट्रंप ने पत्रकारों को बताया है कि ‘रूस-यूक्रेन युद्ध में संभावित सीजफायर की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई.” जब ट्रंप से पुतिन के साथ हुई बातचीत के बारे में पूछा गया तो ट्रंप ने कहा, “नहीं, पुतिन ने बातचीत के दौरान कोई बात आगे नहीं बढ़ाई.”

ट्रंप ने कहा, “हमने बातचीत की, यह काफी लंबी बातचीत थी. हमने ईरान सहित कई मुद्दों पर चर्चा की और जैसा कि आप जानते हैं, हमने यूक्रेन के साथ जंग के बारे में भी बात की. मैं रूस-यूक्रेन के बीच जंग नहीं खत्म होने को लेकर खुश नहीं हूं.” 

लक्ष्य प्राप्त होने तक नहीं रोकेगा रूस:पुतिन

पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कॉल के बारे में बताया, “दोनों नेताओं ने ‘खुलकर और ठोस’ बातचीत की और ट्रंप ने यूक्रेन के साथ रूस के युद्ध में तत्काल सीजफायर की संभावना जताई, लेकिन पुतिन इससे सहमत नहीं हुए. पुतिन ने कहा कि रूस संघर्ष में ‘अपने घोषित उद्देश्यों को आगे बढ़ाएगा’ और बातचीत के जरिए संघर्ष के राजनीतिक समाधान की तलाश जारी रखेगा.” 

क्रेमलिन के मुताबिक, “पुतिन ने ट्रंप से कहा कि रूस इस जंग के मूल कारणों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है. उनका इशारा यूक्रेन की नीतियों और पश्चिमी दखल की तरफ था, जिसे रूस बार-बार इस जंग की वजह बताता रहा है. पुतिन ने कहा कि जब तक जड़ नहीं काटी जाएगी, तब तक संघर्ष थमेगा नहीं.”

अमेरिका ने यूक्रेन को रोकी हथियारों की डिलीवरी, ट्रंप ने कहा ऐसा नहीं है

ट्रंप और पुतिन के बीच बातचीत ऐसे वक्त में हुई है जब अमेरिका ने यूक्रेन को कुछ अहम हथियारों की डिलीवरी रोकने का फैसला किया है. बाइडेन सरकार के वक्त वादा किए गए एयर डिफेंस मिसाइल और प्रिसिजन गाइडेड आर्टिलरी फिलहाल रोक दी गई हैं. 

हथियारों की डिलीवरी रोके जाने पर ट्रंप ने इनकार किया है. ट्रंप ने कहा,हमने ऐसा नहीं किया है, हम हथियार दे रहे हैं क्योंकि हमने बहुत सारे हथियार दिए हैं, लेकिन हम हथियार दे रहे हैं और हम उनके साथ काम कर रहे हैं और उनकी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन हमने ऐसा नहीं किया है, आप जानते हैं, बाइडेन ने उन्हें हथियार देकर हमारे पूरे देश को खाली कर दिया है और हमें यह तय करना होगा कि हमारे पास अपने लिए पर्याप्त हथियार हों.” 

दरअसल हाल में ही अमेरिकी मीडिया ने दावा किया था की रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना के भंडार के बारे में चिंताओं की वजह से शिपमेंट को रोकने का आदेश दिया था. 

मॉस्को ने कीव पर दागी बैलिस्टिक मिसाइल, 19 घायल

डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत के कुछ घंटे बाद ही रूस ने बैलिस्टिक मिसाइल से कीव पर अटैक किया है. रूसी सेना ने कीव पर लगातार मिसाइलें दाग रही है. इन मिसाइलों के कारण कई जगहों पर आग की लपटें दिखीं हैं, और लोगों ने भूकंप जैसे झटके महसूस किए हैं. 19 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है. वहीं यूक्रेन प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित बंकर में जाने के लिए कहा है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.