Breaking News Indian-Subcontinent Reports Viral Videos

बलोच महिला ब्रिगेड धुरंधर, मुनीर की सेना का सफाया

By Nalini Tewari

पाकिस्तानी सेना का काल बनीं बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की महिला फिदायीन. बीएलए की महिला फाइटर हवा बलोच और आसिफा मेंगल पाकिस्तान सेना पर कहर बनकर टूटीं. ऑपरेशन हेरोफ पार्ट 2 के तहत महिला सुसाइड बॉम्बर हवा बलोच ने ग्वादर पोर्ट और आसिफा मेंगल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को भारी नुकसान पहुंचाया है. 

आसिफा मेंगल ने नोश्की में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के दफ्तर को उड़ा दिया तो हवा बलोच ने ग्वादर पोर्ट पर चीनी कैंप में अटैक किया. वहीं बीएलए के सबसे उम्रदराज फिदायीन नाको फजल बलोच ने पसनी में हमला किया.

बीएलए ने वीडियो और तस्वीरें जारी करते आसिफा, हवा बलोच और नाको फजल बलोच को बहादुर और फ्री बलूचिस्तान का पैरोकार बताया है. बीएलए ने दावा किया है कि शनिवार से शुरु किए गए हेरोफ पार्ट 2 में 200 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को मारा गया है. 

बलूचिस्तान की महिला फिदायीन पड़ीं पाकिस्तानी सेना पर भारी

बलूचिस्तान में शनिवार तड़के शुरु किए गए ऑपरेशन में विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना की हालत पतली कर दी है. राजधानी क्वेटा से शुरु किए गए अटैक के बाद तकरीबन 12 शहरों पर बलोच विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया है, जबकि पाकिस्तानी सैनिक या तो मारे गए हैं, या फिर अपनी अपनी पोस्ट छोड़कर भाग चुके हैं.

बीएलए ने अपने 02 महिला फिदायीन और 01 बुजुर्ग फिदायीन की तस्वीरें जारी करके ऑपरेशन हेरोफ 02 का हीरो बताया है. आसिफा मेंगल, हवा बलोच और नाको फजल बलोच ने तीन मुख्य स्थानों पर सुसाइड हमला किया. इस ऑपरेशन में तीनों फिदायीन विद्रोहियों की मौत हो गई है. 

हवा बलोच का ग्वादर पोर्ट के चीनी कैंप पर हमला, आसिफ मेंगल ने आईएसआई का दफ्तर उड़ाया

बीएलए ने हवा बलोच उर्फ द्रोशम का एक वीडियो जारी किया है. द्रोशम मजीद ब्रिगेड से जुड़ी हुई थी. बीएलए का दावा है कि हवा बलोच ने ग्वादर पोर्ट पर चीनी कैंप पर फिदायीन हमला किया है. इस अटैक में भारी नुकसान पहुंचा है. मौके से आए वीडियो में अंधेरा है, लेकिन धमाके और गोलीबारी की आवाज सुनी गई है. वीडियो में हवा बलोच की भी आवाज कैद है.  

वहीं आसिफा मेंगल ने बलूचिस्तान के नोश्की में आईएसआई के दफ्तर को उड़ा दिया, जिसमें कई अधिकारियों की मौत हुई है. बीएलए के बयान के मुताबिक, आसिफा ने विस्फोटक से भरे व्हीकल का इस्तेमाल करके इस ऑपरेशन को अंजाम दिया.  

मौत से पहले हवा बलोच बोली, बलूचिस्तान की मां-बहनें, दुश्मन के कैद में नहीं आएंगी

बीएलए ने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के तहत ग्वादर फ्रंट पर तैनात फिदायीन हवा बलोच का एक वीडियो भी जारी किया है, जो उसकी मौत से 12 घंटे पहले रिकॉर्ड किया गया था.

वीडियो में हवा बलोच असॉल्ट राइफल चलाती दिख रही है. साथ ही वो कह रही है, कि “दुश्मन से डर नहीं लग रहा. ये मातृभूमि के लिए जंग है. दुश्मनों को ये देखना चाहिए की बलूचिस्तान की महिलाएं और बहनें उनकी कैद में नहीं आएंगी. हवा बलूच ने ये भी कहा कि दुश्मन से युद्ध लड़ना एक मौज है. दुश्मन कायर है, हम पर पीछे से वार करता है.”

अपने वीडियो में हवा बलोच ने कहा, “आओ दुश्मनों आओ, पहले बलूचिस्तान की महिला फाइटर्स से तुम्हें लड़ना पड़ेगा. आज बलूचिस्तान की घाटियों में दुश्मनों की चीख सुनाई देगी.” 

कौन थीं आसिफ मेंगल और हवा बलोच, जो फ्री बलूचिस्तान के लिए बनीं सुसाइड बॉम्बर

बीएलए के मुताबिक, आसिफा मेंगल 2 अक्टूबर, 2023 को बलूच लिबरेशन आर्मी की मजीद ब्रिगेड में शामिल हुई थीं और जनवरी 2024 में फिदायीन बनने का फैसला किया था. आसिफा मेंगल, मजीद ब्रिगेड की टॉप फाइटर थी. आसिफा संगठन की मजीद ब्रिगेड की उन चुनिंदा महिला हमलावरों में शामिल थी, जिन्हें विशेष रूप से उच्च-सुरक्षा वाले सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया था. 

जबकि दावा किया जा रहा है कि हवा बलोच एक लेखिका थी और उसके पिता भी पहले बीएलए से जुड़े थे. जिनकी मौत हो चुकी है. बलूचिस्तान में बढ़ते अत्याचार को देखते हुए हवा बलोच, मजीद ब्रिगेड में शामिल हो गई और बलूचिस्तान की महिलाओं को मातृभूमि की रक्षा करने के लिए जागरूक करती थी. 

कुछ साल में हवा बलोच ने हथियारों की ट्रेनिंग लेने के बाद सुसाइड बॉम्बर बनने का फैसला लिया. अपने आखिरी वीडियो में हवा उर्फ द्रोशम ने बलूच महिलाओं से सशस्त्र संघर्ष में शामिल होने की अपील भी की थी.

बीएलए का दावा 200 पाकिस्तानी जवान ढेर, कई शहरों पर कब्जा,  हेरोफ 2 को बताया सफल

बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलोच की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि “समूह के लड़ाकों ने खारान, मस्तुंग, तुम्प और पसनी सहित अन्य इलाकों में ऑपरेशन पूरे कर लिए हैं. यह दावा भी किया गया है कि अन्य जगहों पर लड़ाई जारी है. लड़ाके क्वेटा और नोशकी के कुछ हिस्सों में मौजूद हैं जहां से इस्लामाबाद की सैन्य मौजूदगी को पीछे धकेल दिया गया है.”

बीएलए ने दावा किया है कि “उसके हमलों में पाकिस्तान सेना, पुलिस और पाकिस्तान फ्रंटियर कोर के 200 से अधिक जवान मारे गए हैं और कम से कम 17 लोगों को पकड़ा गया है.” 

स्थानीय प्रशासन-पुलिस हमारी दुश्मन नहीं: जीयांद बलोच

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कहा कि “उसने नोश्की के डिप्टी कमिश्नर मुहम्मद हुसैन हजारा और असिस्टेंट कमिश्नर मारिया शामू को हिरासत में लिया गया था, लेकिन मानवीयता के आधार पर उन्हें रिहा कर दिया गया.”

बीएलए ने कहा कि “वह स्थानीय नागरिक प्रशासन और पुलिस को तब तक सीधे दुश्मन नहीं मानता जब तक वो सक्रिय रूप से उसके लड़ाकों का विरोध नहीं करते, लेकिन जो स्थानीय अधिकारी और पुलिसकर्मी ‘कब्जा करने वाली सेना की मदद करेंगे’ उन्हें दुश्मन माना जाएगा.”

बीएलए ने कहा, “इस ऑपरेशन के दौरान उसके 18 लड़ाके मारे गए हैं जिनमें मजीद ब्रिगेड के 11 ‘फिदायीन’ , फतेह स्क्वाड के 4 लड़ाके और एसटीओएस यूनिट के 3 लड़ाके शामिल थे.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *