14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के डिब्रूगढ़ हाईवे पर बनी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप पर सेना के विमान से उतरेंगे. इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएलएफ) उत्तर पूर्व का पहला हाईवे आधारित एयरस्ट्रिप है.
ऐसा पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री का विमान एयरपोर्ट की जगह हाईवे पर बने आपात लैंडिंग स्ट्रिप पर लैंड करेगा.
इस दौरान भारतीय वायुसेना के घातक लड़ाकू विमान आसमान में गरजेंगे और दुश्मन देशों को ये अहसास कराएंगे की भारत का नॉर्थ ईस्ट सशक्त है और सुरक्षित है.
ईएलएफ पर सेना के विमान से उतरेंगे पीएम
पीएम मोदी 14 फरवरी को असम के दौरे पर हैं. इस दौरे में पीएम मोदी जनता को कई योजनाओं की सौगात देंगे. लेकिन ये दौरा भारत की सेना के शक्ति प्रदर्शन का भी रहेगा.
दरअसल पीएम मोदी पहले गुवाहाटी जाएंगे और फिर वहां से सैन्य विमान से डिब्रूगढ़ के मोरान हाईवे पर उतरेंगे. असम के डिब्रूगढ़-मोरन राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर बना ये हाईवे एक इमरजेंसी एयरस्ट्रिप है. यानि जरूरत पड़ने पर वायुसेना के रफाल, सुखोई समेत लड़ाकू विमान इस हाईवे पर लैंड कर सकेंगे.
ये नॉर्थ ईस्ट की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएफएल) है, जिसे सेना के साथ-साथ नागरिक दोनों तरह के विमानों के लिए तैयार किया गया है. इस एयरस्ट्रिप की लंबाई 4.2 किलोमीटर है.
असम में दिखेगी वायुसेना की ताकत
प्रधानमंत्री मोदी के सैन्य विमान की लैंडिंग के बाद तकरीबन 40 मिनट का एक एरियल शो होगा. जिसमें वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जन सुनाई देगी. बताया जा रहा है कि पीएम की मौजूदगी में राफेल और सुखोई लड़ाकू विमानों का विशेष एरियल डेमो होगा. फाइटर जेट्स हाईवे पर लैंडिंग और टेक-ऑफ करेंगे.
दरअसल ये शक्ति प्रदर्शन पूर्वोत्तर की तैयारियों को भी दर्शाएगा कि किसी भी स्थिति में जरूरत पड़ने पर हवाई पट्टी तैयार है. रणनीतिक तौर पर पीएम मोदी की इस इमरजेंसी हवाई पट्टी पर सेना के विमान से उतरना और लड़ाकू विमान का एरियल शो को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
हालांकि इससे पहले यूपी के यमुना एक्सप्रेस वे और गंगा एक्सप्रेस वे पर भी लड़ाकू विमानों की टच लैंडिंग की जा चुकी है. लेकिन नॉर्थ ईस्ट में ये पहली बार होगा.
असम में कई योजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी असम में भास्कर वर्मा पुल का उद्घाटन करेंगे, आईआईएम पालसबारी में कक्षाएं शुरू करेंगे, गुवाहाटी में 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और एनआईसी डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे.पीएम मोदी असम के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए बीजेपी के बूथ सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.

