होर्मुज में ईरान की नाकेबंदी पर लगाम लगाने में नाकाम रहने के बाद अमेरिका को आई है संयुक्त राष्ट्र की याद. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने संयुक्त राष्ट्र से होर्मुज खुलवाने की अपील की है.
इतना ही नहीं अमेरिकी विदेश मंत्री ने ईरान के साथ जंग को पूरी तरह से खत्म करने की घोषणा की है. रुबियो ने कहा, ईरान के खिलाफ अमेरिका के बड़े सैन्य अभियान अब खत्म हो चुके हैं. अमेरिका के सैन्य लक्ष्य प्राप्त हो चुके हैं और अब अमेरिका किसी नए टकराव में नहीं पड़ना चाहता.
लेकिन हकीकत रूबियो के दावे से दूर है. होर्मुज में तनाव बरकरार है तो होर्मुज स्ट्रेट में लगातार जहाजों को निशाना बनाया जा रहा है. होर्मुज स्ट्रेट जंग का नया केंद्र है, जहां अमेरिका ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के तहत सैन्य तैनाती की है. ईरान ने अमेरिकी नेवी से बदला लेने की बात कही है और लगातार दूसरे दिन यूएई पर मिसाइल दागी गई है.
रुबियो ने किया ऑपरेशन खत्म करने का ऐलान
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आधिकारिक घोषणा की है कि अब ईरान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन को खत्म करने का फैसला लिया गया है. रुबियो ने कहा, “हम नहीं चाहते हैं कि इसे फिर से शुरू करने की नौबत आए. राष्ट्रपति ट्रंप ने अब मसले को सुलझाने के लिए शांति से आगे बढ़ने का फैसला किया है. इसलिए इस ऑपरेशन को बंद कर दिया गया है.”
रुबियो ने कहा कि “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी, जो 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ हमले के साथ शुरू हुआ था, अब समाप्त हो चुका है क्योंकि इसके सभी उद्देश्य पूरे कर लिए गए हैं.”
हालांकि रुबियो ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा, “शांति के लिए जरूरी है कि ईरान, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी मांगों को माने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोले, जो दुनिया की तेल और गैस सप्लाई के लिए बेहद अहम रास्ता है.”
चीन और यूएन से होर्मुज खुलवाने की अपील
रुबियो ने कहा, अमेरिका ये उम्मीद कर रहा है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ईरान पर दबाव डालेंगे कि वह जलडमरूमध्य को बंद न करे क्योंकि चीन की अर्थव्यवस्था इस रास्ते से होने वाले तेल और गैस व्यापार पर काफी निर्भर है, इसलिए यह उसके हित में है कि ईरान रास्ता खोले.’
रुबियो ने कहा कि कई देश इस जलमार्ग को खोलने में मदद करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास जरूरी सैन्य संसाधन नहीं हैं, इसलिए सभी अमेरिका पर निर्भर हैं.
रुबियो ने संयुक्त राष्ट्र से होर्मुज खुलवाने की अपील की है और कहा है कि “यूएन को अंतर्राष्ट्रीय मार्ग खुलवाने में अपना रोल निभाना चाहिए. फारस की खाड़ी में करीब 23,000 नागरिक नाविक फंसे हुए हैं. वे अलग-थलग हैं, भूखे हैं और बेहद असुरक्षित स्थिति में हैं. अब तक कम से कम 10 नाविकों की मौत हो चुकी है. फारस की खाड़ी में फंसे ये नाविक 87 देशों से हैं.”
ईरान बना रहा कॉमर्शियल जहाजों को निशाना: अमेरिकी चीफ ऑफ ज्वाइंट स्टाफ
अमेरिकी चीफ ऑफ ज्वाइंट स्टाफ जनरल कैन ने दावा किया है कि ईरान ने सीजफायर का पालन नहीं किया है. जनरल कैन ने कहा, “सीजफायर के बाद से ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में 09 बार कॉमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी की, 02 कंटेनर जहाजों को जब्त किया है और 10 से ज्यादा बार यूएस नेवी पर हमला किया.”
जनरल कैन के दावे को सही बताते हुए मार्को रुबियो ने कहा है कि “हम तब तक गोली नहीं चलाते जब तक हम पर हमला न हो. अगर हमारे सैनिकों को खतरा हुआ तो हम जवाब देंगे, लेकिन हमारी कार्रवाई रक्षात्मक है.”

