अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच ‘तस्वीर पर भीख’ को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है. शनिवार को भी डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से कहा कि जी-7 समिट के दौरान इटली की पीएम मेलोनी ने उनसे साथ में फोटो खिंचवाने की मांग की थी.
लेकिन इस बार ट्रंप ने सिर्फ यही नहीं कहा. ईरान युद्ध पर साथ न मिलने पर भी जॉर्जिया मिलोनी को घेरा. ट्रंप ने मेलोनी पर भड़कते हुए कहा, इटली ने अमेरिका को ईरान से जंग के दौरान अपनी लैंडिंग स्ट्रिप का इस्तेमाल नहीं करने दिया.
लेकिन ट्रंप के आरोपों को जॉर्जिया मेलोनी ने एक बार फिर से तगड़ा जवाब दिया है. मेलोनी ने कहा है कि ट्रंप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें, क्योंकि मेरी लोकप्रियता ट्रंप की दोस्ती पर निर्भर नहीं करती.
मुझे ट्रंप से दोस्ती के कारण लोकप्रियता नहीं मिलती: मेलोनी
जॉर्जिया मेलोनी ने सीधे तौर पर ट्रंप को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट लिखा. मेलोनी लिखती हैं. “राष्ट्रपति ट्रंप, ये लगातार और बिना किसी वजह के किए जा रहे हमले बेमतलब हैं. जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है, तो आपके दोस्त होने से इसमें कोई मदद नहीं मिली है, और न ही यह आपके साथ मेरे रिश्तों पर निर्भर करती है. मेरी लोकप्रियता इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की मेरी क्षमता पर निर्भर करती है और मैंने हमेशा यही किया है.”
अमेरिकी सैन्य अड्डों के इस्तेमाल से जुड़े समझौते का उल्लंघन नहीं कर सकती: मेलोनी
ईरान के साथ जंग के दौरान अमेरिकी सेना इटली की मदद चाहती थी. मेलोनी ने आगे लिखा, “इटली में अमेरिकी सैन्य अड्डों के मामले में भी मैंने यही किया. उनके इस्तेमाल से जुड़े समझौतों का हमने हमेशा सम्मान किया है और जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, उनका उल्लंघन नहीं किया जा सकता. इटली एक संप्रभु देश है. वैसे भी, मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं है. मेरा सुझाव है कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें.”
आपको बता दें कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान इटली ने अमेरिका का साथ देने से साफ इनकार कर दिया था. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सिसिली स्थित अपने सैन्य अड्डों का उपयोग ईरान पर हमले के लिए हथियार ले जा रहे अमेरिकी विमानों को करने की अनुमति नहीं दी थी. मेलोनी ने कहा था कि उनकी सरकार किसी भी हाल में इस युद्ध में भाग नहीं लेगी और इटली एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में स्वतंत्र निर्णय लेता है.
लगातार गिर रही है मेलोनी की लोकप्रियता: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए एक बार फिर से मेलोनी पर निशाना साधा था. ट्रंप ने दोबारा अपनी पोस्ट में दावा किया कि “फ्रांस में जी-7 मीटिंग में इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने मेरे साथ तस्वीर खिंचवाने की गुजारिश की थी. इटली में उनकी(मेलोनी) लोकप्रियता का स्तर गिर रहा है, शायद इसलिए क्योंकि ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने या उसे बनाने से रोकने की जब बात आई थी, तो मेलोनी ने अमेरिका का साथ देने से इनकार कर दिया था. हालांकि,नाटो ने भी ऐसा ही किया था.”
ट्रंप ने लिखा, “मेलोनी ने हमें इटली के हवाई अड्डों की रनवे और लैंडिंग स्ट्रिप्स का उपयोग करने की अनुमति तक नहीं दी, जिससे हमें बड़ी लॉजिस्टिक असुविधा हुई. यह तब है जब अमेरिका इटली और अन्य तथाकथित नाटो सहयोगियों की सुरक्षा पर हर साल सैकड़ों अरब डॉलर खर्च करता है. अब, जब अमेरिका ने ईरान को सैन्य रूप से हरा दिया है, तो वह अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए फिर से दोस्ती करना चाहती हैं. लेकिन अब नहीं.”
इटली के डिप्टी पीएम ने रद्द किया अमेरिका का दौरा
ट्रंप और मेलोनी के बीच वाद-विवाद बढ़ने का असर दोनों देशों के कूटनीतिक रिश्तों पर भी पड़ा है. इटली के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने 21 और 22 जून को होने वाले अपने प्रस्तावित अमेरिका दौरे को तुरंत रद्द कर दिया है. ताजानी ने एक्स पर पोस्ट कर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर आपत्ति जताई और कहा, ट्रंप ने इटली का अपमान किया है.

