प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतहीन युद्ध को खत्म करने के आह्वान के बीच, रूस-यूक्रेन जंग एक बार फिर भीषण होने जा रही है. यूक्रेन की राजधानी कीव में यूक्रेनी सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस एजेंसी (एसबीयू) के हेडक्वार्टर पर ड्रोन से स्ट्राइक हुई है. माना जा रहा है कि ये हमला रशिया ने कराया है. ऐसे में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस पर जवाबी हमले की चेतावनी दे डाली है.
जानकारी के मुताबिक, रूस ने लंबी दूरी के शाहेद ड्रोन से यूक्रेनी सिक्योरिटी सर्विस (एसबीयू या एसएसयू) की छठी मंजिल पर हमला किया. इस फ्लोर पर एसएसयू के चीफ ओलेक्जेंडर पोकलैड का ऑफिस है. हालांकि, हमले में पोकलैड को नुकसान नहीं हुआ है लेकिन करीब आधा दर्जन दूसरे लोग घायल होने की खबर है.
क्रेमलिन पर हमले की आशंका
हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पोकलैड के साथ तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि “एसएसयू हेड ने रशिया पर जवाबी हमले की तैयारियों के बारे में जानकारी दी. रूस पर हमला करने के लिए जियोग्राफी (जगह) तय हो गई है. इसके लिए ऐसा समय चुना जाएगा, ताकि सही नतीजा निकले. ग्लोरी टू यूक्रेन.” इस तस्वीर में जेलेंस्की और पोकलैड के बैकग्राउंड में एक तस्वीर लगी है. ये तस्वीर रूस की राजधानी मॉस्को में क्रेमलिन की दिखाई पड़ रही है, जो धूधू कर जल रहा है. क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की का आधिकारिक निवास और ऑफिस है.
यूक्रेनी एजेंसियों की आपसी रजिंश
ये हमला ऐसे समय में हुआ जब एक दिन पहले कीव के सड़कों पर एसएसयू और यूक्रेन की मिलिट्री इंटेलिजेंस, जीयूआर के अधिकारी आपस में भिड़ गए थे. एक रशियन एजेंट को लेकर यूक्रेन की आंतरिक और बाहरी एजेंसी में गोलियां चल गई थी. माना जा रहा था कि एसएसयू के हेडक्वार्टर पर हमला इसी आपकी टकराव का नतीजा था. लेकिन हमले के तुरंत बाद रशिया के अर्ध-सरकारी न्यूज चैनल आरटी के एडिटर मार्गेरिटा सिमोनयान ने घोषणा कर दी कि एसएसयू हेडक्वार्टर पर रशिया ने हमला किया है.
पीएम मोदी ने जंग को खत्म करने का किया था आह्वान
इसी हफ्ते, किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी ने रुस के राष्ट्रपति पुतिन से एंडलेस (यूक्रेन) वॉर को एंड (खत्म) करने का आह्लान किया था. इसके लिए पीएम मोदी ने पुतिन से हर तरह के प्रयासों में मदद की पेशकश की थी. मोदी और पुतिन की मुलाकात के तुरंत बाद, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरूवार को कीव में जेलेंस्की से मुलाकात की थी और मध्यस्थता का ऑफर दिया था. मीटिंग के दौरान, जेलेंस्की ने दावा किया था कि जब जयशंकर कीव में है, शहर में रूस के शहीद ड्रोन ने हमला करने की कोशिश की थी, जिसे यूक्रेनी एयर डिफेंस ने विफल कर दिया था.
अगले हफ्ते, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ का मॉस्को और कीव का दौरा होने जा रहा था. रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम के लिए विटकॉफ का दौरा अहम माना जा रहा था. लेकिन शुक्रवार के ड्रोन स्ट्राइक से विटकॉफ का दौरा भी अब खटाई में पड़ सकता है.
