Current News Russia-Ukraine War

ईस्टर से पहले रूस-यूक्रेन जंग तेज, खारकोव में मिलिट्री हॉस्पिटल पर अटैक तो बेलगोरोड में ड्रोन अटैक से बिजली ठप्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की युद्धविराम की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है. जैसे-जैसे युद्धविराम की तारीख करीब आ रही है, रूस और यूक्रेन में युद्ध भीषण होता जा रहा है. साथ ही जुबानी जंग भी तेज हो गई है. खास बात ये है कि रूस ने यूक्रेन पर ऊर्जा और बिजली संयंत्रों पर हमले का आरोप लगाया तो यूक्रेन ने रूस पर मिलिट्री हॉस्पिटल पर अटैक के लिए वॉर-क्राइम की मांग की है.

सऊदी अरब में अमेरिका प्रतिनिधिमंडल से हुई वार्ता के बाद रूस और यूक्रेन एक दूसरे के इलेक्ट्रिक प्लांट और बिजली स्टेशन पर हमला न करने के लिए तैयार हो गए थे. बावजूद इसके रूस ने यूक्रेन पर कुर्स्क के सुडझा गैस स्टेशन और बेलगोरोड में कई इलेक्ट्रिक स्टेशन पर ड्रोन से हमले का आरोप लगाया है.

सऊदी अरब में चल रही शांति वार्ता के बाद ड्रंप ने जताई थी युद्धविराम की उम्मीद

सऊदी अरब में चल रही वार्ताओं के मद्देनजर ट्रंप ने उम्मीद जताई थी कि ईस्टर (20 अप्रैल) के मौके पर रूस और यूक्रेन 30 दिन के अस्थायी युद्धविराम के लिए तैयार हो जाएंगे. साथ ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप से ढाई घंटे लंबी बातचीत के बाद यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों पर न हमला करने का भरोसा दिया था.

जेलेंस्की ने खोई यूक्रेनी सेना पर पकड़: क्रेमलिन

रूसी सेना का दावा है कि एक के बाद एक कई ड्रोन अटैक से यूक्रेन सीमा से सटे बेलगोरोड में बिजली संकट पैदा हो गया है. क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति का ऑफिस) ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर अपने सेना का नेतृत्व खोने का आरोप लगाया है. क्रेमलिन के मुताबिक, यूक्रेनी सेना अब कीव (जेलेंस्की) का आदेश नहीं मानती है.

रूस ने किया खारकीव के मिलिट्री हॉस्पिटल पर हमला: जेलेंस्की

दूसरी तरफ, जेलेंस्की ने रूस पर खारकोव (खारकीव) में एक मिलिट्री हॉस्पिटल पर हमले का संगीन आरोप लगाया है. यूक्रेन ने दावा किया है कि हमले में हॉस्पिटल में इलाज करा रहे कुछ यूक्रेनी सैनिकों की भी जान गई है. जंग के बाद से ही यूक्रेनी सेना ने अपने सैनिकों के हताहत होने की संख्या को सार्वजनिक नहीं किया है. ऐसे में खारकोव के मिलिट्री हॉस्पिटल में हुए हमले से जुड़े आंकड़ों का खुलासा नहीं किया गया है.

खारकोव के मेयर ने ये जरूर बताया है कि शहर में रूसी हमलों में दो लोगों की जान गई है और करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं.

जेलेंस्की ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो मैसेज में आरोप लगाया कि शनिवार को रूस ने 172 ड्रोन अटैक किए, जिनमें करीब 100 (ईरानी) शहीद ड्रोन से किए गए थे. एक दिन पहले ही ट्रंप ने रूस द्वारा ईरानी ड्रोन के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई थी. (https://x.com/ZelenskyyUa/status/1905914003122983214)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.