Breaking News Conflict Geopolitics Indian-Subcontinent

पाकिस्तानी सेना पर फिर आतंकी हमला, 16 सैनिकों की गई जान

आतंकियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान अब खुद आतंकियों की कारस्तानी से कराह रहा है. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक बार फिर हुआ है बड़ा आतंकी हमला, जिसमें 16 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हुए हैं.

हमला दक्षिण वजीरिस्तान के माकिन के लिटा सर इलाके में पाकिस्तान सेना की चौकी पर हुआ है. हमले के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. हमले का शक टीटीपी (तहरीक ए तालिबान) पर है, हालांकि हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है.

पाकिस्तानी सेना के ऑपरेशन के बाद बड़ा अटैक

अफगानिस्तान से सटा खैबर पख्तूनख्वा इलाका इन दिनों अशांत है. आए दिन इस इलाके में हमले किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि आतंकियों ने देर रात सेना की चौकी पर अटैक किया, जिसमें 16 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 8 सैनिकों की हालत गंभीर है. हमले के बाद पूरे इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया है. 

इस हमले से पहले भी खैबर पख्तूनख्वा इलाके में मंगलवार को आतंकियों ने एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से अटैक किया था, जिसमें दो पुलिसकर्मी मारे गए थे और दो घायल हुए थे.

तालिबान सरकार से बातचीत होनी चाहिए: खैबर पख्तूनख्वा के सीएम

खैबर पख्तूनख्वा इलाके में आए दिन होने वाले अटैक को लेकर पाकिस्तान, तहरीक ए तालिबान (टीटीपी) को जिम्मेदार ठहराता रहा है. पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार का आरोप है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार अफगानिस्तान में टीटीपी के लड़ाकों को पनाह दे रहे हैं, जिसकी वजह से पाकिस्तानी क्षेत्र में अशांति फैली हुई है.

वहीं खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री और तहरीक ए इंसाफ पार्टी के फायर ब्रांड नेता अली अमीन गंदापुर ने कुछ दिनों पहले कहा था कि अफगानिस्तान में मौजूद तालिबान सरकार के साथ बातचीत ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने का एकमात्र तरीका है. 

इस सप्ताह खैबर पख्तूनख्वा में मारे गए थे 11 आतंकी

सुरक्षा चौकी पर ताजा हमले से पहले पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अशांत उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तीन अलग-अलग अभियानों में 11 आतंकवादियों को मार गिराया था. पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, ये अभियान 17 और 18 दिसंबर को चलाए गए थे. 

 

 

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.