Breaking News Geopolitics Indo-Pacific Reports

बाइडेन का भारत को आखिरी संदेश, मजबूत स्थिति में छोड़कर जाएंगे संबंध

अमेरिका में राष्ट्रपति बाइडेन की सत्ता में एक महीने का समय बचा है. इस एक महीने में बाइडेन प्रशासन भारत के साथ रिश्तों में आए तनाव को खत्म करने की कोशिश में है. बाइडेन प्रशासन में एक बड़े अधिकारी का मानना है कि भारत के साथ संबंधों को मजबूत स्थिति में छोड़कर जा रहे हैं. ट्रंप प्रशासन में ये संबंध अधिक मजबूत हो सकते हैं.

भारत और अमेरिका के रिश्तों में तनाव उस वक्त आ गया था जब खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की कोशिश में भारतीय अधिकारियों पर अमेरिका ने संगीन आरोप लगाए थे. साथ ही भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी और अदाणी ग्रुप के खिलाफ भी अमेरिकी कोर्ट ने भ्रष्टाचार के बेबुनियाद आरोप लगाए हैं.

अब बाइडेन के उप विदेश मंत्री ने कहा है कि “भारत-अमेरिका का रिश्ता काफी सघन, जटिल और विविधतापूर्ण है. दोनों पक्षों के सामने चुनौती है और अहम ये है कि हम इस चुनौती से कैसे निपटते हैं. दोनों पक्षों में इसे लेकर बातचीत हुई है और मुझे विश्वास है कि हम इसे सही तरीके से निपटने में सक्षम होंगे.”

भारत संग चुनौतियों से निपट लेंगे, मजबूत है रिश्ता: बाइडेन प्रशासन

अमेरिका में बाइडेन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने इन मुद्दों को “कानूनी और कानून प्रवर्तन” मामले बताते हुए कहा है कि इन मुद्दों को संबंधित एजेंसियां हल करेंगी. इन चुनौतियों के बावजूद भारत और अमेरिका का रिश्ता मजबूत बना हुआ है. बाइडेन प्रशासन ने भारत के साथ रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि दोनों देशों में संबंध इतने गहरे हैं कि समस्याएं आना स्वाभाविक हैं.

भारत के साथ अमेरिका के मजबूत रिश्तों को सौंप रहे हैं: उप विदेश मंत्री

बाइडेन सरकार में उप विदेश मंत्री कर्ट कैंपबेल ने कहा है कि “हम भारत के साथ अमेरिकी संबंधों को मजबूत स्थिति में छोड़ रहे हैं. हमें उम्मीद है कि डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति रहने के दौरान भी ये मजबूत रहेंगे, ट्रम्प भारत के साथ संबंधों को आगे ले जाएंगे.”

बाइडेन प्रशासन में उप विदेश मंत्री ने बताया कि “पिछले कुछ महीनों में भारत के साथ संबंध सुधारने की कई कोशिशें की गई है. दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय में उच्च स्तरीय बातचीत हुई हैं, इनमें डेलावेयर में होने वाली क्वाड समिट भी शामिल हैं.” कैंपबेल ने कहा, “हमने इंडस्ट्री, टेक्नोलॉजी और डिफेंस के क्षेत्र में भारत के संबंधों को अब तक की सबसे मजबूत स्थिति में पहुंचाया है.”

जितना टैरिफ भारत लगाएगा, उतना टैरिफ हम लगाएंगे: डोनाल्ड ट्रंप

बाइडेन प्रशासन ने जहां ट्रंप को भारत के मजबूत संबंधों को आगे ले जाने की उम्मीद जताई है तो वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि “जितना टैरिफ भारत लगाएगा, उतना ही टैरिफ हम भारत पर लगाएंगे.” डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और ब्राजील को लेकर कहा है कि “अगर वे हम पर उच्च टैरिफ लगाते हैं, तो हम भी उन पर लगाएंगे. वे हम पर टैक्स लगाते हैं, हम उन पर लगाएंगे. वे हम पर लगभग सभी मामलों में टैक्स लगाते हैं, वे हम पर टैक्स लगा रहे हैं और हम उन पर टैक्स नहीं लगाते हैं. अगर भारत हम पर 100 फीसदी टैक्स लगाता है, तो क्या हम उन पर कुछ भी टैक्स न लगाएं?”

ट्रंप ने कहा,”भारत और ब्राजील उन देशों में से हैं, जो कुछ अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर हाई टैरिफ लगाते हैं.” ट्रंप ने कहा, “अगर वो हम पर टैक्स लगाते हैं तो ठीक है, लेकिन हम भी उन पर उतना ही टैक्स लगाने जा रहे हैं.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.