Breaking News Geopolitics

ब्रिक्स सम्मेलन में Op Sindoor की गूंज, ब्राजील में मोदी

ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी का ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे हैं. ब्राजील पहुंचने पर पीएम मोदी का स्वागत ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर्स से किया गया. भारतीयों ने पीएम मोदी के सामने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाने के साथ ही ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर आधारित ‘ये देश नहीं मिटने दूंगा’ गीत पर एक नृत्य प्रस्तुति दी गई.

ब्राजील में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, दिखी ऑप सिंदूर की झलक

4 दिवसीय यात्रा पर रियो डी जेनेरियो पहुंच चुके हैं पीएम मोदी. ब्रिक्स के 17वें सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ ही ब्राजील में पीएम मोदी के लिए स्टेट डिनर का आयोजन किया गया है. 

पीएम मोदी के होटल नासिनॉल में पहुंचने पर भारतीय प्रवासियों ने भव्य स्वागत किया. ऑपरेशन सिंदूर को दर्शाने वाला विशेष प्रस्तुति दी गई. हाथों में तिरंगा लिए प्रवासियों के हाथ में ऑपरेशन सिंदूर की तख्तियां भी थीं. ऑपरेशन सिंदूर को लेकर गीत ‘सौगंध मेरी मिट्टी की देश नहीं झुकने दूंगा’ चलाए गए और कुछ लोगों ने नृत्य भी किया. ऑपरेशन सिंदूर के थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी मुसकुराते और तालियां बजाते नजर आए.

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर ब्राजील दौरे पर पहुंचे हैं. पीएम मोदी की यह ब्राजील की चौथी यात्रा है. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. ब्राजील की राजकीय यात्रा के लिए प्रधानमंत्री ब्रासीलिया जाएंगे, जहां वे राष्ट्रपति लूला के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित आपसी हितों के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापक बनाने पर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे.

ब्राजील में पीएम मोदी के लिए स्टेट डिनर, जिनपिंग ने बनाई दूरी

इस साल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नहीं पहुंचेंगे. लंबे शासन में यह पहली बार है जब शी ब्रिक्स की सालाना बैठक से दूर हैं. शी जिनपिंग की जगह इस बार चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ब्रिक्स में चीन प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. 

शी जिनपिंग के ब्राजील न आने का कारण व्यस्तता और शेड्यूल बताया गया है, लेकिन कहा जा रहा है कि पीएम मोदी के लिए आयोजित स्पेशल स्टेट डिनर चीन को बहुत पसंद नहीं आया है. चीन को लगता है कि पीएम मोदी के स्टेट डिनर के कारण शी जिनपिंग को कम तवज्जो दी जाती. ब्राजील ने पीएम मोदी के सम्मान में स्टेट विजिट का आयोजन 8-9 जुलाई को रखा है, जो ब्रासिलिया में होगा. 

….इसलिए पुतिन ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे

वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध और आईसीसी के वारंट के कारण ब्रिक्स की बैठक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं. ब्राजील इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट का सदस्य है और उस स्थिति में यदि पुतिन वहां आते तो उन्हें यूक्रेन युद्ध अपराधों के आरोप में कोर्ट के आदेश पर ब्राजील को पुतिन की गिरफ्तारी की बाध्यता होती. माना जा रहा है पुतिन बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ सकते हैं.

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर अमेरिका की पैनी नजर

ब्रिक्स को विकासशील देशों के G7 के विकल्प के रूप में देखा जाता रहा है. इसकी स्थापना ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका ने मिलकर की थी, लेकिन 2023 में इसमें इंडोनेशिया, ईरान, मिस्र, इथियोपिया, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश भी जुड़ गए हैं. 

पिछले साल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन रूस के कजान में आयोजित हुआ था, जिसमें डॉलर के मुकाबले ब्रिक्स करेंसी लाने पर चर्चा की गई थी. ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स समूह को धमकाया था कि अगर डॉलर का विकल्प लाया गया तो ब्रिक्स देशों को अंजाम भुगतना होगा. ट्रंप ने 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी थी. ब्राजील में होने वाली बैठक पर अमेरिका पैनी नजर बनाए हुए है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.