Breaking News Geopolitics

ब्रिक्स से Dollar की बादशाहत खतरे में, बैचेन ट्रंप

“दुनिया को शहंशाह की जरूरत नहीं” वाले ब्रिक्स देश ब्राजील के राष्ट्रपति के बयान पर भड़के दिखे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप. ट्रंप ने खुद को स्मार्ट राष्ट्रपति बताते हुए अमेरिकी डॉलर को शहंशाह बताया है. ब्रिक्स को अमेरिकी नीतियों का विरोधी बताते हुए ट्रंप ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स का ऐलान किया है. ब्रिक्स देश होने के नाते ये टैरिफ भारत को भी भुगतना होगा. 

ब्रिक्स-अमेरिका में बढ़े मतभेद, ट्रंप ने डॉलर को बताया राजा

ब्राजील में हुए ब्रिक्स देशों के सम्मेलन में डॉलर के मुकाबले दूसरी मुद्रा और ईरान पर अमेरिकी हमले की निंदा किए जाने से ट्रंप आगबबूला हैं. ट्रंप ने एक बार फिर से ब्रिक्स देशों पर डॉलर को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. 

भारत के साथ हो रही ट्रेड डील के अंतिम चरण में 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने को लेकर ट्रंप ने कहा, “अगर वे ब्रिक्स में हैं तो उन्हें निश्चित रूप से 10% का भुगतान करना होगा क्योंकि ब्रिक्स की स्थापना हमें नुकसान पहुंचाने, हमारे डॉलर को गिराने के लिए की गई थी. डॉलर राजा है. हम इसे ऐसे ही रखेंगे. अगर लोग इसे चुनौती देना चाहते हैं, तो वे दे सकते हैं, लेकिन उन्हें बड़ी कीमत चुकानी होगी. मुझे नहीं लगता कि उनमें से कोई भी उस कीमत का भुगतान करने जा रहा है.”

अमेरिका के खिलाफ खेलने वाले लोगों से मैं खेलना जानता हैं: ट्रंप

मंगलवार को ट्रंप ने कैबिनेट बैठक में ब्रिक्स देशों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्ट टैरिफ की घोषणा की. कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने अपने आप को स्मार्ट राष्ट्रपति बताते हुए कहा कि “अगर कोई अमेरिका के खिलाफ यह खेल खेलना चाहता है, तो मैं भी खेलना जानता हूं. ब्रिक्स अब लगभग टूट चुका है, लेकिन कुछ देश अभी भी इससे जुड़े हुए हैं. जो देश अमेरिका के खिलाफ खड़े होंगे, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.”

6-7 जुलाई को ब्रिक्स की बैठक, अमेरिकी नीतियों की हुई निंदा

ब्रिक्स देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, मिस्र, यूएई, इथियोपिया, इंडोनेशिया और ईरान की बैठक रियो द जेनेरो में हुई थी. इस दौरान ब्रिक्स देशों ने टैरिफ नीति की निंदा की थी. साथ ही ईरान पर हुए अमेरिकी अटैक की भी निंदा की गई थी. जिसके बाद अमेरिका की ओर से बयान दिया गया कि ब्रिक्स अमेरिका विरोधी है. अमेरिका के हितों को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है,

अमेरिका विरोधी नहीं है ब्रिक्स मंच: ब्राजील

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विकासशील देशों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप  के इस आरोप को खारिज कर दिया कि वे “अमेरिका विरोधी” हैं. ट्रंप की टैरिफ नीति पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने कहा, “दुनिया बदल गई है. हम कोई शहंशाह नहीं चाहते. यह उन देशों का समूह (ब्रिक्स) है, जो आर्थिक दृष्टिकोण से दुनिया को संगठित करने का एक वैकल्पिक तरीका खोजना चाहते हैं. मुझे लगता है कि यही वजह है कि ब्रिक्स कई लोगों को असहज कर रहा है.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.