Breaking News

खबरें फटाफट: जानना जरूरी है!

  • सेना को राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए: आर्मी चीफ

भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उस बयान का विरोध किया है, जो उनके हवाले से चीन के मुद्दे पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद में कहा था. जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, सेना को राजनीतिक लड़ाई में शामिल करना गलत है. सेना को राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए.

  • यूएनएससी का विस्तार न होने देने वाले देश छोटी सोच वाले: भारत

भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में विस्तार की मांग उठाई. भारत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जो देश स्थिति को जस का तस बनाए रखना चाहते हैं और यूएनएससी में विस्तार नहीं होने दे रहे, वे दूर की नहीं सोच पा रहे और प्रतिगामी सोच वाले देश हैं. भारत ने कहा कि इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, चीन की अध्यक्षता में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और वैश्विक प्रशासन को बेहतर बनाने के मुद्दे पर खुली बहस का आयोजन किया गया था. इस आयोजन में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश शामिल हुए थे.

  • यूएनएससी में भारत ने बताया पाकिस्तान को आतंक का गढ़

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा. भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा, भारत, पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद का शिकार रहा है. पाकिस्तान की धरती से चलने वाले जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) जैसे आतंकी संगठनों ने भारत में कई आतंकी हमले किए हैं. पाकिस्तान को आतंकवाद का वैश्विक केंद्र बताते हुए स्थायी प्रतिनिधि ने कहा,पाकिस्तान में 20 से ज्यादा संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की तरफ से प्रतिबंधित आतंकी संगठन मौजूद हैं, इसके बावजूद जब पाकिस्तान खुद को आतंकवाद के खिलाफ लड़ने वाला देश बताता है, तो यह सबसे बड़ी विडंबना है.

  • भारत-मलेशिया के बीच कई मुद्दों पर बनी सहमति

तेरहवीं मलेशिया-भारत रक्षा सहयोग समिति (एमआईडीसीओएम) की बैठक बुधवार को कुआलालंपुर में हुई. बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और मलेशिया के रक्षा मंत्रालय के महासचिव लुकमान हकीम बिन अली ने की. रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने हाल के वर्षों में दोनों सशस्त्र बलों के बीच नियमित संपर्क के साथ बढ़ते द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की. बयान में कहा गया है, मौजूदा सहयोग को और गहरा करने के तरीकों की पहचान की गई. खास तौर पर रक्षा उद्योग, समुद्री सुरक्षा और बहुपक्षीय साझेदारी में. दोनों देश ‘गैर-पारंपरिक समुद्री सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए एक संयुक्त समूह’’ बनाने पर भी सहमत हुए.

  • शेख हसीना का प्रत्यर्पण हमारी प्राथमिकता: अंतरिम सरकार

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण पर बड़ा बयान दिया है. मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीक-उल आलम ने कहा, प्रत्यर्पण सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है. हसीना को प्रत्यर्पित करने के प्रयास जारी रहेंगे. इसका मकसद बांग्लादेश के कानून के मुताबिक व्यक्तिगत तौर पर उन पर मुकदमा चलाना है.

  • सीडीएस ने राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज का दौरा किया

सीडीएस अनिल चौहान ने राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज का दौरा किया और भारतीय सशस्त्र बलों के भविष्य के नेतृत्व को आकार देने में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की. इस अवसर पर जनरल चौहान का पूरे सैन्य सम्मान के साथ, आरआईएमसी के कमांडेंट, संकाय तथा कैडेटों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. अपने भ्रमण के दौरान, जनरल अनिल चौहान ने कैडेटों और संकाय के साथ बातचीत की. उन्होंने संस्थान में सावधानीपूर्वक संरचित प्रशिक्षण, शैक्षणिक पाठ्यक्रम और नेतृत्व विकास कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त की

  • जी 20 की बैठक से बनाई अमेरिका ने दूरी

दक्षिण अफ्रीका में गुरुवार से शुरु होने वाली जी 20 विदेश मंत्रियों की बैठक से अमेरिका ने बनाई दूरी. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाली जी20 विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक में शामिल नहीं होंगे. मार्को रुबियो ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की नीतियो को अमेरिका राष्ट्रीय हितों के खिलाफ बताया था. दक्षिण अफ्रीका ने इस साल जी20 की अध्यक्षता संभाली है और उसने सम्मेलन का विषय ‘एकजुटता, समानता और स्थिरता’ चुना है, रुबियो ने इस विषय को अमेरिका के हितों के खिलाफ बताया. 

  • बलूचिस्तान में आईडी चेक करके 7 यात्रियों की हत्या

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस में सवार कम से कम सात यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी है. बताया जा रहा है हथियारों से लैस लोगों ने बस को रोका. बस क्वेटा से पंजाब प्रांत की ओर जा रही थी. बरखान क्षेत्र से गुजरते ही बस को रोक लिया गया और बंदूकधारी, यात्रियों का पहचान पत्र चेक करने लगे. सात लोगों को जबरन पास की पहाड़ी पर ले जाया गया और कुछ देर बाद ही उन्हें गोलियों से भून दिया गया. हत्या की आशंका बलूच आतंकियों पर है.

  • 6 जीवित बंधकों और 4 बंधकों के शव लौटाएगा हमास 

गुरुवार और शनिवार को बंधकों की रिहाई का बेहद अहम दिन होने वाला है. हमास के नेता ने एक रिकॉर्डेड बयान में कहा है कि “गुरुवार (आज) को इजरायल के 4 मृत बंधकों के शव को लौटाया जाएगा, जिनमें बिबास परिवार के शव हैं.” बिबास परिवार इजरायल के लिए युद्ध और दुख का प्रतीक बना है, क्योंकि परिवार के 2 छोटे-छोटे बच्चों को भी आतंकियों ने बंधक बना लिया था. शनिवार के जिन 6 बंधकों को रिहा किया जाएगा, वो हमास की कैद में आखिरी जिंदा बचे बंधक हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.