Breaking News

खबरें फटाफट: जानना जरूरी है!

  • यूक्रेन की मदद ऐसे देश करेंगे, जिन्होंने 40 वर्षों से युद्ध नहीं लड़ा: वेंस

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को समझाते हुए कीर स्टार्मर और इमैनुएल मैक्रों पर कटाक्ष किया. जेडी वेंस ने कहा, कि यूक्रेन को रूस से युद्ध करने के बजाए खनिज समझौता करना बुद्धिमानी होगी. यह समझौता अमेरिका को यूक्रेन के महत्वपूर्ण खनिजों तक पहुंच प्रदान करेगा. यह किसी ऐसे देश से 20,000 सैनिकों को भेजने की तुलना में बेहतर सुरक्षा गारंटी है, जिसने 30 या 40 वर्षों से कोई युद्ध नहीं लड़ा है. हाल ही में फ्रांस और ब्रिटेन ने यूक्रेन को युद्ध में मदद का आश्वासन दिया है, कहा है जरूरत पड़ेगी तो उनके सैनिक युद्ध में रूस के खिलाफ लड़ेंगे.

  • ब्रिटेन के दौरे पर एस जयशंकर, बेलफास्ट, मैनचेस्टर में दो वाणिज्य दूतावास 

ब्रिटेन के दौरे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर. विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस सप्ताह बेलफास्ट और मैनचेस्टर में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावासों का शुभारंभ करेंगे. इससे 41 अरब  पाउंड की व्यापारिक साझेदारी और आगे बढ़ेगी और देश में भारतीय समुदाय को समर्थन मिलेगा. ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा, “बेलफास्ट और मैनचेस्टर में नए भारतीय वाणिज्य दूतावास हमारे लोगों के बीच बढ़ते संबंधों को दर्शाते हैं और यह दिखाते हैं कि हम केवल लंदन में ही नहीं, बल्कि पूरे ब्रिटेन में विकास को कैसे बढ़ावा दे रहे हैं. भारत की राजनयिक मौजूदगी का यह विस्तार हमारे व्यापारिक संबंधों को और बढ़ावा देगा ब्रिटेन में भारतीय समुदाय का समर्थन करेगा.

  • यूएन में मणिपुर-कश्मीर का उठा मुद्दा, बागची ने जमकर किया पलटवार

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में  मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क के उन बयानों को बेबुनियाद बताया है, जो उन्होंने मणिपुर और कश्मीर का नाम लेते हुए कहा था. टर्क ने वैश्विक अपडेट में भारत का नाम लेते हुए मणिपुर और कश्मीर की स्थिति का उल्लेख किया था. इस पर अरिंदम बागची ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. यह एक स्वस्थ, जीवंत और बहुलवादी समाज है. हमारे नागरिक समाज की मजबूती और खुलेपन को बेहतर तरीके से समझने की जरूरत है.” अरिंदम बागची ने कहा, “मणिपुर में सरकार ने हिंसा प्रभावित क्षेत्र में शांति बहाली के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं और पुनर्वास प्रक्रिया जारी है. अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को देश की आंतरिक चुनौतियों को समझने में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए.

  • भारत-जापान के सैनिक एकदूसरे से सीख रहे गुर

धर्म गार्जियन के छठें संस्करण के तहत भारत और जापान, फूजी सैन्य क्षेत्र में कर रहे हैं युद्धाभ्यास. 9 मार्च तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में दोनों देशों की सेनाएं युद्ध कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं. इस युद्धाभ्यास को दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग के तौर पर देखा जा रहा है. धर्म गार्जियन युद्धाभ्यास की थीम शहरी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर है.  धर्म गार्जियन अभ्यास में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के परिदृश्यों को भी शामिल किया गया है. ऐसे बहुराष्ट्रीय मिशनों के दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच चुनौतीपूर्ण वातावरण में प्रभावी सहयोग बढ़ेगा

  • इजरायल की संसद में बवाल, बंधकों के परिजनों का हंगामा

इजरायल की संसद में जबरदस्त बवाल. चले लात-घूंसे. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संसद में संबोधन से पहले सात अक्टूबर के बंधकों और पीड़ितों के परिजनों ने संसद में घुसने की कोशिश की. कुछ प्रदर्शनकारी संसद के अंदर प्रवेश घुस गए और नेतन्याहू का विरोध करते हुए उन्हें पीठ दिखाई. संसद में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने 10 प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने के लिए कहा. लेकिन बात इतनी बढ़ी की बवाल हो गया. सुरक्षाकर्मियों ने परिजनों को अतिथि दीर्घा से दूर धकेलने की कोशिश की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. गार्ड और परिजनों के बीच झड़पों के दौरान दो लोग घायल हो गए.

  • अमेरिका पर भड़की तानाशाह की बहन, दी धमकी

दक्षिण कोरिया में अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर की तैनाती पर भड़की उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बहन. किम यो जोंग ने इसे “अमेरिका और उसके दासों की संघर्ष की मानसिकता” करार दिया और चेतावनी दी कि उत्तर कोरिया अपनी सुरक्षा को खतरे में डालने वाली कार्रवाईयों को बढ़ा सकता है. किम यो जोंग ने कहा, कि “अमेरिका ने यूएसएस कार्ल विंसन और अन्य अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को तैनात कर के स्पष्ट रूप से उत्तर कोरिया के खिलाफ अपनी सबसे शत्रुतापूर्ण और संघर्षात्मक मंशा दिखाई है.”

  • पाकिस्तान में बड़ा हमला, 9 की मौत, 30 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में बड़ा आतंकी हमला. सुरक्षाबलों को टारगेट करते हुए दो-दो कार में विस्फोटक रखकर धमाकों को अंजाम दिया गया. हमले में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए. आतंकियों ने इफ्तार के ठीक बाद बन्नू कैंट के सुरक्षा बैरियर पर हमला बोला. बताया जा रहा है कि हमले में 5 से 6 आतंकी शामिल थे. चश्मदीदों के मुताबिक, कार में धमाकों के बाद सैन्य छावनी में हथियारबंद आतंकी घुसे और जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की. कई घंटों बाद आतंकियों को मार गिराया गया है. आतंकी तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के एक गुट के बताए जा रहे हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.