Alert Breaking News Geopolitics Russia-Ukraine War

ICC वारंट को धता बता पुतिन का मंगोलिया दौरा पूरा

इंसान भले ही नए कपड़े पहने लेकिन उसे दोस्त पुराने चुनने चाहिए. मंगोलिया के आधिकारिक दौरे के आखिरी दिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में ये बात कही. इंटरनेशनल अरेस्ट वारंट के बावजूद मंगोलिया में रेड कारपेट पर मिले स्वागत से प्रसन्न पुतिन के ये शब्द बेहद मायने रखते हैं.  

यूक्रेन के खिलाफ युद्ध-अपराध के मामले में इंटरनेशनल क्रिमनल कोर्ट (आईसीसी) ने पिछले साल पुतिन के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया था. इसके तहत आईसीसी के सदस्य-देश में अगर पुतिन की मौजूदगी होती है तो गिरफ्तार किया जा सकता है. आईसीसी का सदस्य देश होने के बावजूद मंगोलिया ने लेकिन ऐसा नहीं किया.

रूस (और चीन) के साथ एक लंबा बॉर्डर साझा करने के साथ ही मंगोलिया की मॉस्को से ऐतिहासिक मित्रता रही है. मंगोलिया ने यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस की आलोचना नहीं की है. यही वजह है कि पुतिन की यात्रा से पहले यूक्रेन द्वारा पुतिन के खिलाफ कार्रवाई को मंगोलिया ने एक सिरे से खारिज कर दी. सोवियत संघ के जमाने से मंगोलिया का अपने पड़ोसी देश के साथ करीबी संबंध रहा है.

खास बात ये है कि पुतिन ने मंगोलिया की राजधानी उलनबटोर का दौरा उस दिन किया जब दोनों देश ‘खालखिन गोल युद्ध’ में मिली विजय की 85वीं वर्षगांठ मना रहे थे. 1939 में रूस (सोवियत संघ) और मंगोलिया ने मिलकर जापान की सेना को करारी हार दी थी. माना जाता है कि इस युद्ध में मिली हार के बाद जापान ने रूस पर आक्रमण करने का प्लान त्याग दिया और रूख पर्ल हार्बर (अमेरिका) की तरफ किया था.

इस युद्ध के बाद से लेकर आज तक रूस और जापान में लंबी अदावत रही है. यही कारण है कि आए दिन रूस की वायुसेना और नौसेना जापान के समंदर में आक्रामक युद्धाभ्यास देखने को मिल जाते हैं.

पूरी तरह से लैंडलॉक देश मंगोलिया अपनी बिजली और गैस की जरूरतों के लिए रूस पर निर्भर रहता है. मंगोलिया के रास्ते रूस, चीन तक एक लंबी गैस पाइप-लाइन बिछाने की तैयारी पर कर रहा है. मंगोलिया का 90 प्रतिशत पेट्रोल और डीजल रूस से ही आयात किया जाता है. दोनों देशों के बीच मजबूत व्यापारिक संबंध भी हैं.

मंगोलिया के अपने सफल दौरे के बाद मंगलवार की रात पुतिन व्लादिवोस्तोक के लिए रवाना हो गए, जहां वे ईस्टर्न इकोनोमिक फोरम (4-5 सितंबर) का उद्घाटन करेंगे. (https://x.com/finalassault23/status/1831168778542993910?s=46)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.