Breaking News Classified Geopolitics Indo-Pacific Reports

डीआईए चीफ का ऑस्ट्रेलिया दौरा, मिलिट्री इंटेलिजेंस मजबूत करने पर होगी खास चर्चा

मिलिट्री इंटेलिजेंस को मजबूत करने के लिए डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (डीआईए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डीएस राणा (19-21 मार्च) ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जा रहे हैं. यात्रा का उद्देश्य, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक संबंधों को बढ़ाना भी है.

अपनी यात्रा के दौरान डीआईए चीफ, ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे, जिनमें रक्षा विभाग के उप सचिव, राष्ट्रीय खुफिया महानिदेशक, रक्षा खुफिया प्रमुख और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल (एडीएफ) के संयुक्त संचालन प्रमुख शामिल हैं. इस उच्च-स्तरीय वार्तालाप का उद्देश्य खुफिया-साझाकरण तंत्र, क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भविष्य के सहयोग के अवसरों पर चर्चा करना है.

हाल के दिनों में ऑस्ट्रेलिया से सटे समुद्री क्षेत्र में चीनी नौसेना की गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं. यात्रा के दौरान डीआईए चीफ ऑस्ट्रेलिया के ऑपरेशन्ल स्ट्रक्चर और संयुक्त कमान संरचनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए मुख्यालय संयुक्त संचालन कमान (एचक्यू जेओसी) का भी दौरा करेंगे.

थिंक टैंक में रक्षा-सुरक्षा पर करेंगे वार्तालाप

इस यात्रा के दौरान वह ऑस्ट्रेलियाई जियोपॉलिटिकल ऑर्गेनाइजेशन (एजीओ) के निदेशक के साथ बातचीत करेंगे. इसके अतिरिक्त, एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट से होने वाले उनके वार्तालाप से रणनीतिक रक्षा और सुरक्षा गतिशीलता पर चर्चा में सहायता मिलेगी.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत रक्षा संबंधों और साझा सैन्य परंपराओं का सम्मान करते हुए, डीजी, डीआईए ऑस्ट्रेलियाई युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इस यात्रा के दौरान वह लास्ट पोस्ट समारोह में भी शामिल होंगे, यह शहीद सैनिकों के लिए एक विशेष श्रद्धांजलि है, जो राष्ट्र की सेवा में किए गए उनके अप्रतिम बलिदानों के लिए आपसी सम्मान और स्मरण का प्रतीक है.

यह यात्रा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच परिपुष्ट होते खुफिया और सुरक्षा सहयोग को रेखांकित करती है तथा क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता को मजबूत बनाती है.

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में

खास बात ये है कि इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के रक्षा विभाग का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर है. सोमवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा नीति वार्ता का नौवां संस्करण को नई दिल्ली में आयोजित किया गया. रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्री अमिताभ प्रसाद ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, वहीं ऑस्ट्रेलियाई पक्ष की तरफ से ऑस्ट्रेलिया के रक्षा विभाग में अंतर्राष्ट्रीय नीति प्रभाग के प्रथम सहायक सचिव बर्नार्ड फिलिप ने चर्चा भाग लिया.

दोनों पक्षों ने 2025 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली अगली 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के लिए प्राथमिकताओं व तैयारियों पर सहमति व्यक्त की. उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को तैयार करने पर कार्यान्वित होने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जैसा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने सामूहिक शक्ति बढ़ाने, दोनों देशों की सुरक्षा में साथ देने और क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए कल्पना की थी.

ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल इस यात्रा के एक भाग के तौर पर मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड का दौरा भी करेगा. ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी भेंट की.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.