Breaking News Reports

वायुसेना सीआरपीएफ को दो-दो शौर्य चक्र, बीएसएफ को पांच राष्ट्रपति पदक

आसमान में मिग-29 फाइटर जेट की कैनोपी टूटने के बावजूद सुरक्षित लैंडिंग कराने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह को शौर्य चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की गई है. वायुसेना के ही कोरपोरल दाभी संजय हिफाबाई को जम्मू कश्मीर में आतंकियों को खदड़ने के लिए शौर्य चक्र से नवाजा गया है.

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने 14 सैनिकों को शौर्य चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की है. इनमें सीआरपीएफ की कोबरा यूनिट के डिप्टी कमांडेंट विक्रांत कुमार और इंस्पेक्टर जेफ्री हिमंगचुलो शामिल हैं, जिन्हें अप्रैल 2023 में झारखंड में पांच नक्सलियों को ढेर करने के लिए वीरता सम्मान दिया गया है.

बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के पांच प्रहरियों को राष्ट्रपति के वीरता मेडल से नवाजा गया है. इनमें से हेड कांस्टेबल गिरजेश कुमार उद्दे को मरणोपरांत दिया गया है.

समुद्री लुटेरों के खिलाफ ऑपरेशन के लिए वीरता मेडल

पिछले साल फरवरी में अरब सागर में समुद्री-डकैतों के खिलाफ ऑपरेशन चलाने वाले भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर सौरभ मलिक को नौसेना मेडल (वीरता) से नवाजा गया है. इस मिशन में सात समुद्री-लुटेरे पकड़े गए थे और 19 ईरानी मछुआरों को सुरक्षित बचाया गया था.

मिग-29 की सुरक्षित लैंडिंग कराने के लिए फ्लाइट लेफ्टिनेंट को सम्मान

वायुसेना के मुताबिक, पिछले साल फरवरी के महीने में राजस्थान में गगन-शक्ति एक्सरसाइज के दौरान फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह अपने मिग-29 लड़ाकू विमान से करीब 28 हजार फीट की ऊंचाई पर फ्लाइंग कर रहे थे. इसी दौरान अचानक, मिग-29 की कैनोपी तेज धमाके से टूट कर उड़ गई.

बेहद उंचाई, माइनस (-) 35-40 डिग्री तापमान और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह ने होश नहीं गंवाया और लड़ाकू विमान को काबू में कर सुरक्षित एयरबेस पर लैंडिग की. फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह की सूझबूझ से जमीन पर किसी भी तरह के जान-माल की हानि नहीं हुई. साथ ही फाइटर एयरक्राफ्ट को भी कोई नुकसान नहीं हुआ. इसीलिए, फ्लाइट लेफ्टिनेंट को शौर्य चक्र से नवाजा गया है.

आतंकियों से लोहा लेने वाले कोरपोरल को शौर्य चक्र

कोरपोरल संजय ने पिछले साल मई में जम्मू कश्मीर के दोएबा रिज में वायुसेना के राशन से भरे ट्रक को एस्कॉर्ट करते समय आतंकियों के हमले का मुकाबला किया था. कोरपोरल संजय ने ना केवल खुद की और साथियों की जान बचाई बल्कि अपनी एके-103 राइफल से आतंकियों पर इतनी गोलियों की बौछार की, उन्हें दुम दबाकर भागना पड़ा. कोरपोरल संजय की इस बहादुरी के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है. (दो कीर्ति चक्र सहित 93 वीरता मेडल, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने की घोषणा, 14 को मरणोपरांत)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.