Alert Breaking News Russia-Ukraine War

यूक्रेन का बड़ा उलटफेर, रूस में घुसकर स्ट्राइक

रूस-यूक्रेन वॉर जोन से एक बड़ा उलटफेर सामने आया है. यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में कई किलोमीटर अंदर घुसकर जमीनी हमला किया है. साथ ही हवाई हमले में रूस के एक एयरबेस पर तैनात फाइटर जेट तबाह कर दिया. हजारों की तादाद में रूसी नागरिकों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी पड़ी है. 

यूक्रेन के हमले से क्रेमलिन तक में हड़कंप मच गया है और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रक्षा मंत्री और सैन्य कमांडर से अहम बैठक की. पुतिन ने यूक्रेन के हमले को ‘उकसावे की कार्रवाई’ करार दिया है.  

जानकारी के मुताबिक, यूक्रेनी सेना ने ग्राउंड अटैक के साथ ही ड्रोन के जरिए रुस की सीमावर्ती कुर्स्क इलाके में सुबह के वक्त हमला किया. हमले के दौरान यूक्रेनी सेना ने रूस की एफएसबी यानी फेडरल सिक्योरिटी ब्यूरो की चेक-पोस्ट पर हमला किया और रूसी क्षेत्र में दाखिल हो गए.

रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यूक्रेनी सेना के 22वें मैकेनाइज्ड ब्रिगेड के 300 सैनिक और 11 टैंक सहित कई आर्मर्ड गाड़ियों के जरिए कुर्स्क के निकोलायेवो-दारयिनो और ओलेसनया इलाकों में जबरदस्त हमला किया. इस दौरान मोरोजोवस्क एयरफील्ड पर हमला कर वहां तैनात एक सु-34 फाइटर जेट को आग के हवाले कर दिया गया.

रूसी सेना के मुताबिक, यूक्रेनी सेना ने रिहायशी इलाकों पर हमला किया जिसमें एक ऐतिहासिक चर्च को भी निशाना बनाया गया. इन हमलों में चार रुसी नागरिकों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए. मारे गए लोगों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है जिसकी यूक्रेनी सैनिकों ने गोली मारकर हत्या कर दी. (https://x.com/unesco_russia/status/1821183667991146632)

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि यूक्रेन के हमले को विफल करने के लिए एयर-स्ट्राइक, मिसाइल और आर्टिलरी का इस्तेमाल किया गया. रूस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन के कम से कम 200 सैनिक मार दिए गए हैं और दो स्ट्राइक व्हीकल्स समेत करीब 50 आर्मर्ड पर्सनल कैरियर (व्हीकल्स) को तबाह कर दिया गया है. साथ ही दो बक-एम1 सेल्फ प्रोपेल्ड एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइल लॉन्चर और एक माइन्स क्लीयरेंस यूनिट को भी नष्ट कर दिया गया.

रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि कुर्स्क इलाके में यूक्रेन के डीप-स्ट्राइक कोशिशों को पूरी तरह से असफल कर दिया गया है. रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने यूक्रेन की टैंक और दूसरे आर्मर्ड व्हीकल्स पर ड्रोन अटैक का एक वीडियो भी जारी किया है. (https://x.com/neeraj_rajput/status/1821196043167658260)

हमले को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि “जितना दबाव हम रूस पर बनाएंगे उतना हम शांति के करीब होंगे.” जेलेंस्की ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “न्यायपूर्ण शांति के लिए न्यायपूरक हमला.”

गौरतलब है कि पिछले 30 महीनों में यूक्रेन ने पहली बार रूस के सीमावर्ती इलाके में जमीनी हमला किया है. इससे पहले पिछले साल जून के महीने में रूस द्वारा कब्जाए गए डोनबास इलाके में यूक्रेनी सेना ने ऑफेंसिव-अटैक किया था. लेकिन उस दौरान भी रूसी सेना ने यूक्रेनी सेना को बड़ा नुकसान पहुंचाया था.

हाल ही में अमेरिकी के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन को रूस के सीमावर्ती इलाकों में हमले की इजाजत दी थी. साथ ही 68 बिलियन डॉलर की वित्तीय और सैन्य सहायता देने का ऐलान किया था.

रूस का कुर्स्क प्रांत, यूक्रेन के सुमी इलाके से सटा हुआ है. रूस के पश्चिम में स्थित कुर्स्क की राजधानी मॉस्को से दूरी करीब 500 किलोमीटर है. यहां से भारतीय मूल के अभय कुमार स्थानीय प्रतिनिधि (विधायक) हैं, जो पुतिन की सत्तारूढ़ पार्टी से ताल्लुक रखते हैं.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.