Breaking News Conflict Indian-Subcontinent

संघर्ष के पीछे भारत नहीं, तालिबान ने इस्लामाबाद को सुनाया

पाकिस्तान के उन आरोपों को अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें पाकिस्तान ने कहा था कि ताजा संघर्ष के पीछे भारत है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान को भारत की कॉलोनी बताया था. अब तालिबान ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान को भारत का नाम लेने पर खरी-खरी सुना दी है.

अफगानिस्तान की इस्लामिक अमीरात सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बड़ा बयान देते हुए पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए कहा है, कि अफगानिस्तान किसी भी देश के खिलाफ प्रॉक्सी युद्ध का मैदान नहीं बनेगा और ना ही अपनी भूमि को दूसरे देशों के बीच दुश्मनी का अखाड़ा बनने देगा. भारत से अच्छे संबंध का मतलब ये नहीं है कि वो हमारे फैसलों को प्रभावित करता है.

राजनीतिक एजेंडा पूरा करने के लिए भारत का नाम लिया जा रहा: तालिबानी प्रवक्ता

तालिबान के प्रवक्ता ने पाकिस्तान पर राजनीति एजेंडा और प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप लगाया है. जबीउल्लाह ने अफगानिस्तान की इस्लामिक अमीरात और पाकिस्तानी तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) के साथ गहरे संबंध रखने, पाकिस्तान-अफगानिस्तान के चल रहे सीमा विवाद और टकराव के पीछे नई दिल्ली का हाथ होने का आरोप को सिरे से नकार दिया है.

जबीउल्लाह ने कहा, “ये दावे बेबुनियाद, बेमतलब और स्थापित तथ्यों के पूरी तरह उलट हैं. ऐसी बातें जानबूझकर कुछ लोगों को गुमराह करने और खास राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए बनाई जा रही हैं. अफगानिस्तान भारत के साथ सामान्य राजनयिक संबंध बनाए रखता है, ठीक वैसे ही जैसे पाकिस्तान के साथ. हमने कभी भी अपने क्षेत्र को किसी अन्य देशों के बीच प्रॉक्सी दुश्मनी के लिए इस्तेमाल नहीं होने दिया है. इस्लामिक अमीरात को किसी भी देश के खिलाफ एक टूल के रूप में इस्तेमाल नहीं किया गया है, ना ही कोई बाहरी ताकत हमें प्रभावित या मैनिपुलेट कर सकती है.”

भारत से हमारे अच्छे संबंध, लेकिन हमें कोई प्रभावित नहीं कर सकता: तालिबान प्रवक्ता

पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश करते हुए तालिबानी प्रवक्ता ने कहा, “हम भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखते हैं, लेकिन वो संबंध पाकिस्तान के खिलाफ नहीं हैं. इसी तरह पाकिस्तान के साथ हमारे संबंध भारत के खिलाफ नहीं हैं. हम इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हैं कि भारत मौजूदा संघर्ष के लिए जिम्मेदार है या उसमें शामिल है.”

जबीउल्लाह ने कहा, “हमारी विदेशनीति साफ है. हम अपनी धरती को किसी दूसरे देश के लिए इस्तेमाल नहीं होने देंगे. ये हमारी संप्रभुता का सवाल है.”

भारत ने की थी पाकिस्तानी एयर स्ट्राइक की निंदा

रमजान के महीने में हमले को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 22 फरवरी को बयान जारी किया था. जायसवाल ने कहा, “अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की भारत कड़ी निंदा करता है. इसमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिक मारे गए हैं. ऐसा करके पाकिस्तान की अपनी अंदरूनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहा है. भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और आजादी के प्रति अपना समर्थन दोहराता है.”

आपको बता दें कि पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की थी. जिसके बदले में अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर अटैक किया. पाकिस्तान पर तालिबान के हमले के बाद अब खुली जंग का एलान हो चुका है. पाकिस्तान की तरफ से काबुल और कंधार पर बमबारी की गई. पाकिस्तान ने ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ में 133 की मौत का दावा किया है वहीं अफगानिस्तान ने भी बॉर्डर पर पाकिस्तान की 19 से ज्यादा चौकियों को कब्जे में ले लिया है. दोनों ओर से खूनी संघर्ष जारी है, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा रहा है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.