Breaking News Indo-Pacific Reports

किसी के दबाव में नहीं आएगा भारत, मोदी की हुंकार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक बार फिर से साफ कहा है कि भारत नहीं झुकेगा. चाहे कितना भी दबाव आए, हम सहन करेंगे और देश को आत्मनिर्भर बनाएंगे.

वहीं जैसे-जैसे नोबल शांति पुरस्कार की घोषणा का दिन करीब आ रहा है, वैसे-वैसे एक नए दावे के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सामने आ रहे हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर का राग छेड़ते हुए कहा है कि मैंने, उन्हें (भारत-पाकिस्तान) को 24 घंटे का समय दिया था, कि सीजफायर करो. अगर मैं ऐसा नहीं करता तो दोनों देशों में परमाणु युद्ध हो जाता. ट्रंप ने कहा, टैरिफ के जरिए युद्ध रोका गया.

टैरिफ दबाव को हम सहन करेंगे, पीएम ने ट्रंप को सुनाया

पीएम मोदी ने अहमदाबाद की एक रैली में अमेरिका का नाम लिए बिना निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा, “किसानों, पशुपालकों और लघु उद्योगों के हित सर्वोपरि हैं और हम पर दबाव बढ़ सकता है, लेकिन हम इसे सहन करेंगे. हमारी सरकार गरीबों के लिए सम्मानजनक जीवन स्तर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.”

पीएम ने कहा “गुजरात की धरती दो मोहन की धरती है एक सुदर्शन चक्र धारी द्वारिकाधीश और दूसरे चरखाधारी मोहन, हमारे महात्मा गांधी. भारत इन दोनों के दिखाए रास्ते पर चलकर सशक्त होता जा रहा है. श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि देश समाज की रक्षा कैसे करें. उन्होंने सुदर्शन चक्र को न्याय व सुरक्षा का कवच बनाया, जो दुश्मन को ढूंढकर उसे दंड देता है, यही भाव आज भारत के फैसलों में देश-दुनिया अनुभव कर रही है.”

पीएम ने कहा “आज आतंकवादी और उनके आकाओं को हम छोड़ते नहीं हैं. चाहे वे कहीं भी छिपे हैं. पहलगाम का हमले का बदला हमने कैसे लिया दुनिया ने देखा है. 22 मिनट में सब साफ कर दिया. ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना के शौर्य और सुदर्शन चक्र धारी मोहन की इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है.”

भारत-पाकिस्तान में 7 विमान गिर चुके थे, मैंने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान ट्रंप ने कहा, “मैं तानाशाह नहीं बल्कि एक बहुत समझदार’ शख्स हूं. मैं युद्ध को रोकता हूं. मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच एक परमाणु युद्ध को होने से रोका था. भारत और पाकिस्तान के बीच जंग ‘अगले स्तर’ पर पहुंच गई थी. यह जंग परमाणु युद्ध का रूप ले सकती थी. इस दौरान सात जेट विमानों को मार गिराया गया था और उनके पास इसे रोकने के लिए कुछ ही घंटे थे. मैंने इस जंग को रोक दिया था.”

ट्रंप ने कहा, “भारत और पाकिस्तान पर व्यापारिक दबाव बनाया. मैंने कहा, क्या तुम लोग व्यापार करना चाहते हो? अगर लड़ाई जारी रखी तो हम कोई व्यापार या समझौता नहीं करेंगे. मैंने साफ कहा, तुम्हारे पास 24 घंटे हैं, इस मामले को सुलझाओ. उन्होंने जवाब दिया- अब कोई युद्ध नहीं होगा.”

मैंने 7 युद्धों को रोका, टैरिफ-व्यापार बना हथियार: ट्रंप

अपनी वाहवाही में जुटे ट्रंप ने कहा, “मैंने जिन सात युद्धों को रोका, उनमें से चार इसलिए थे क्योंकि मेरे पास टैरिफ और व्यापार था और मैं यह कहने में सक्षम था, यदि आप लड़ने जाते हैं और सभी को मारना चाहते हैं, तो यह ठीक है, लेकिन जब आप हमारे साथ व्यापार करेंगे तो मैं आप सभी पर 100% टैरिफ लगाऊंगा, हम टैरिफ के कारण युद्ध रोक रहे हैं, अन्य देशों ने हमारे साथ ऐसा किया और अब हम अन्य देशों के साथ ऐसा कर रहे हैं.”

ट्रंप के दावों को खारिज कर चुका है भारत

40 से ज्यादा बार ट्रंप घिसे-पिटे टेप की तरह युद्धविराम का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि भारत की ओर से साफ-साफ कह दिया गया है कि युद्धविराम के लिए पाकिस्तान ने ही गुहार लगाई थी. पिछले सप्ताह विदेश मंत्री एस जयशंकर भी कह चुके हैं कि “ट्रंप से ठीक वैसी बात की गई थी, जैसे की दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात हुई थी, जो किसी बड़े संघर्ष के दौरान एक औपचारिकता होती है.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.