Breaking News Geopolitics Indo-Pacific

नौसेना का जंगी जहाज जकार्ता में, इंडोनेशियाई सेना है दिल्ली में

भारत और इंडोनेशिया के बीच सैन्य संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं. इंडोनेशियाई सेना की टुकड़ी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए राजधानी दिल्ली आई है तो, भारतीय नौसेना का जंगी जहाज आईएनएस मुंबई जकार्ता पहुंच गया है.

स्वदेशी मिसाइल डेस्ट्रोयर आईएनएस मुंबई इनदिनों दक्षिण-पूर्वी महासागर में मिशन के तहत तैनात है. इसी कड़ी में आईएनएस मुंबई जकार्ता पहुंचा है.

जकार्ता में आईएनएस मुंबई, इंडोनेशियाई नौसेना द्वारा आयोजित बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास ‘ला पेरोस’ के चौथे संस्करण में हिस्सा ले रहा है. इस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया की रॉयल नौसेना, फ्रांसीसी नौसेना, रॉयल नेवी (इंग्लैंड), यूएस नेवी, इंडोनेशिया की नौसेना, मलेशिया की रॉयल नौसेना, सिंगापुर की नौसेना और कनाडा की रॉयल नौसेना हिस्सा ले रही हैं.

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता, कमांडर विवेक मधवाल के मुताबिक, ‘ला पेरोस’ अभ्यास का उद्देश्य समुद्री निगरानी, समुद्री अवरोधन संचालन और हवाई संचालन के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाते हुए प्रगतिशील प्रशिक्षण और सूचना साझाकरण के संचालन के माध्यम से साझा समुद्री परिस्थिति जागरूकता को विकसित करना है. (https://x.com/indiannavy/status/1880519896393785523)

कमांडर मधवाल के मुताबिक, यह अभ्यास समान विचारधारा वाली नौसेनाओं को बेहतर सामरिक अंतर-संचालन के लिए योजना, समन्वय और सूचना साझाकरण में घनिष्ठ संबंध विकसित करने का अवसर प्रदान करता है.

ला पेरोस में सतह युद्ध, वायु-विरोधी युद्ध, वायु-रक्षा, क्रॉस डेक लैंडिंग और सामरिक युद्धाभ्यास सहित जटिल एवं उन्नत बहुआयामी अभ्यासों के साथ-साथ वीबीएसएस (विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीजर) संचालन जैसे कांस्टेबुलरी मिशन शामिल होंगे.

उल्लेखनीय है कि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य-अतिथि के तौर पर भारत आ रहे हैं.

गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशियाई सेना की एक टुकड़ी और मिलिट्री बैंड भी राजधानी दिल्ली आया है. (गणतंत्र दिवस: इंडोनेशियाई टुकड़ी कर्तव्य पथ पर करेगी कदम ताल)

खबर ये भी है कि भारत की ब्रह्मोस मिसाइल को खरीदने में इंडोनेशिया ने दिलचस्पी दिखाई है. (इंडोनेशिया मांगे ब्रह्मोस मिसाइल, गणतंत्र दिवस परेड में चीफ गेस्ट हैं राष्ट्रपति सुबियांतो)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.