Breaking News Defence Geopolitics Weapons

आईएनएस विक्रांत का पहला विदेशी युद्धाभ्यास, फ्रांस संग वरुण एक्सरसाइज

स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर विक्रांत और उस पर तैनात मिग-29 के लड़ाकू विमान, पहली बार किसी विदेशी नौसेना के साथ द्विपक्षीय युद्धाभ्यास में हिस्सा लेने जा रहे हैं. मौका होगा फ्रांस के साथ होने वाली सालाना मेरीटाइम एक्सरसाइज वरुण (19-22 मार्च).

खास बात ये है कि वरूण एक्सरसाइज में फ्रांस का विमानवाहक युद्धपोत चार्ल्स डी गॉल और उस पर तैनात राफेल-एम फाइटर जेट हिस्सा ले रहे हैं. फ्रांस की मदद से बनी एक स्कॉर्पीन क्लास सबमरीन भी इस एक्सरसाइज का हिस्सा है.

साल 2001 में अपनी शुरुआत होने के बाद से अभ्यास वरुण सहयोग की आधारशिला के रूप में विकसित हुआ है, जो नौसैनिक सहभागिता और परिचालन हेतु तालमेल को बढ़ाने के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस वर्ष के संस्करण में सतह के नीचे, धरातल और हवाई क्षेत्र में समुद्री अभ्यासों तथा जटिल युद्धाभ्यासों की एक रोमांचक श्रृंखला आयोजित की जाएगी.

राफेल-एम और मिग-29के के बीच होगी डॉग फाइट

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता, कमांडर विवेक मधवाल के मुताबिक, नौसैन्य अभ्यास वरुण-2025 में उन्नत वायु रक्षा व लड़ाकू अभ्यास आयोजित किये जाएंगे, जिसमें फ्रांसीसी राफेल-एम और भारतीय मिग-29के के बीच हवा से हवा में संघर्ष भी शामिल होगा, जिसे सामरिक एवं परिचालन क्षमताओं को निखारने के लिए तैयार किया गया है.

पनडुब्बी रोधी युद्ध अभ्यास में समुद्र के भीतर की स्थिति के बारे में कठोर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि सतह पर युद्ध संचालन में भारतीय और फ्रांसीसी बेड़े द्वारा समन्वित युद्धाभ्यास तथा मुठभेड़ अभ्यास का प्रदर्शन किया जाएगा.

समुद्री गश्ती विमान परिस्थितिजन्य सुरक्षा की समझ को बढ़ाएंगे और समुद्र में पुनःपूर्ति अभ्यास से दोनों देशों का सैन्य सहयोग भी सशक्त होगा. यह अभ्यास एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा के समग्र साझा दृष्टिकोण को रेखांकित करता है.

न्यूजीलैंड के नौसेना प्रमुख भारत दौरे पर

रॉयल न्यूज़ीलैंड नेवी (आरएनजेडएन) के नौसेना प्रमुख, रियर एडमिरल गारिन गोल्डिंग 16 से 21 मार्च 25 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. यात्रा का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है. उनके कार्यक्रमों में नई दिल्ली और मुंबई में उच्चस्तरीय चर्चाएं और परिचालन बातचीत शामिल हैं.

आरएडीएम गोल्डिंग की भारत दौरे की शुरुआत सोमवार को रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने से शुरू हुई. बुधवार को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के बाद गोल्डिंग ने नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया. (https://x.com/indiannavy/status/1901942010967445649)

आईसीजीएस सक्षम पहुंचा मेडागास्कर

भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का ऑफशोर पेट्रोल वेसल सक्षम हिंद महासागर क्षेत्र में मित्र देशों में चल रही विदेशी तैनाती के हिस्से के रूप में बुधवार को मेडागास्कर के एंटसिरानाना बंदरगाह पहुंचा. यात्रा के दौरान आईसीजीएस सक्षम की टीम मेडागास्कर तटरक्षक बल के साथ संयुक्त प्रशिक्षण सत्र और ज्ञान विनिमय कार्यक्रमों में भाग लेगा, इसमें समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया (एमपीआर), समुद्री खोज और बचाव (एम-एसएआर) और समुद्री कानून प्रवर्तन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी.

आईसीजी कार्मिक समुद्री एमपीआर पर विशेष प्रशिक्षण भी देंगे, जिसमें पर्यावरणीय आपात स्थितियों के लिए मेडागास्कर की तैयारी को बढ़ाने के लिए तेल रिसाव, रासायनिक रिसाव और समुद्री प्रदूषण की घटनाओं से निपटने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, जहाज पर सवार 10 एनसीसी कैडेट और 10 असम राइफल्स के जवान ‘पुनीत सागर अभियान’ के तहत स्थानीय युवा संगठनों के साथ मिलकर समुद्र तट सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिससे समुद्री संरक्षण के महत्व पर बल मिलेगा.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.