ईरान ने अमेरिका-इजरायल पर किया है सैन्य पलटवार. ऐसा सैन्य पलटवार, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी. ईरान ने एक साथ अमेरिका के 7 सैन्य अड्डों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है. जो बहरीन, कुवैत, कतर, यूएई में स्थित हैं. तेहरान ने एक साथ इजरायल समेत मिडिल ईस्ट के उन 07 देशों पर किया है हमला, जहां अमेरिकी सैनिकों की तैनाती है और जिन देशों के एयरस्पेस का इस्तेमाल करके इजरायल-अमेरिका ने ऑपरेशन रोरिंग लॉयन शुरु किया है.
बताया जा रहा है कि ईरान के काउंटर वॉर में बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन, यूएई में हड़कंप मच गया है. हर ओर एयर सायरन बज रहे हैं और लोगों को सुरक्षित बंकर में जाने के लिए कहा गया है. वहीं इजरायल के कई शहरों में धमाकों की आवाज सुनी गई है. इस बीच हूती ने भी इजरायल पर अटैक करने की घोषणा की है. ईरान ने घोषणा की है कि युद्ध शुरु अमेरिका-इजरायल ने किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे.
ईरान ने 7 देशों में अमेरिकी सैन्य बेस पर किया जोरदार हमला
शनिवार सुबह इजरायल और अमेरिका ने ईरान के 30 जगहों पर हमला किया था. इजरायल-यूएस के टारगेट पर ईरानी राष्ट्रपति का दफ्तर था, सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई का घर था, सैन्य ठिकाने थे. लेकिन इस हमले के कुछ ही घंटे बाद ईरान ने एक साथ इजरायल समेत 07 देशों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दाग दीं. ईरान ने कतर के अल उदेइद एयर बेस, अल सालेम बेस, कुवैत, अल धाफरा एयर बेस, यूएई, यूएस 5वीं फ्लीट बेस, बहरीन में हमला किया है. ईरान ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर भी हमला किया है. वहीं इजरायल के हाएफा, गैली और तेल अवीव में लगातार एयर सायरन बज रहे हैं, ईरान के लगातार हमलों के बाद इजरायल ने अपना एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम एक्टिव कर दिया है. कई ईरानी मिसाइलों को मारने का दावा किया है.
यूएस नेवी की पांचवी फ्लीट पर ईरान का सबसे बड़ा हमला
ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी नेवी की पांचवी फ्लीट पर मिसाइल पर हमला किया है. माना जा रहा है कि यहीं पर ईरान पर हमले की प्लानिंग की गई थी. बहरीन ने शनिवार को कहा कि आइलैंड किंगडम में अमेरिकी नेवी के फ्लीट हेडक्वार्टर को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया गया. हालांकि बहरीन ने ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया. लेकिन इस बात की पुष्टि की कि ईरान ने बहरीन में अमेरिकी नेवी हेडक्वार्टर पर हमला किया है. बहरीन ने कहा, देश के बाहर से हुए “हमले” की वजह से किंगडम के अंदर कई जगहों पर अटैक हुआ है. ये हमारी संप्रभुता पर हमला है. हम इस धोखेबाज हमले की निंदा करते हैं.
कतर ने हमले के बाद बंद किया अपना एयरस्पेस, कुवैत की वायुसेना हाईअलर्ट
ईरान ने कतर पर अटैक किया है. कतर में अल उबैद एयरबेस पर हमला हुआ है. राजधानी दोहा में धमाकों की आवाज सुनी गई है, जिसके बाद दोहा में इमरजेंसी जैसी स्थिति है. कतर ने एयरस्पेस बंद कर दिया है. सभी फ्लाइट रद्द कर दी गई है. लोगों से सुरक्षित जगहों पर पनाह लेने की अपील की गई. कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कतर को टारगेट करती हुई कई मिसाइलें देश के एयर स्पेस में आई.
कुवैत में सायरन और धमाकों की आवाज सुनी है. कुवैत में अमेरिका आर्मी सेंट्रल का बेस है. कुवैत में अल सलेम एयरबेस पर हमला किया गया है. कुवैत ने इस हमले का जवाब देने की बात कही है.
ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी हेडक्वॉर्टर पर अटैक किया है. जॉर्डन इजरायल का पड़ोसी देश है. जॉर्डन के पास अमेरिका ने एफ-22 रैप्टर तैनात किए हैं. हाल ही में इन एफ 22 रैप्टर को इजरायल में पहली बार उड़ान भरते देखा गया था.
ईरान ने लोगों से तेहरान छोड़ने की अपील की
ईरान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने लोगों से राजधानी तेहरान छोड़ने को कहा है. जिसके बाद माना जा रहा है कि ये जंग लंबे वक्त तक जारी रह सकती है. वहीं ये भी माना जा रहा है कि ईरान ने जिन मिडिल ईस्ट देशों पर हमला किया है, वो मिलकर अमेरिका पर दबाव डालें और ये सैन्य संघर्ष रोकने को कहें. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति के रुख से लगता है कि वो ईरान को बख्शने के मूड में नहीं हैं तो वहीं ईरान ने भी साफ-साफ कह दिया है कि वो अमेरिका-इजरायल के सामने झुकेगा नहीं, हमले का जवाब देगा.

