Breaking News

फटाफट खबरें: ये जानना भी जरूरी है

  • चीन ने किया विक्रम मिसरी की यात्रा का स्वागत

विदेश सचिव विक्रम मिसरी के आगामी चीन के दौरे का चीन ने स्वागत किया है. चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हम चीन और भारत के बीच विदेश सचिव-उपमंत्री तंत्र की बैठक के लिए विदेश सचिव विक्रम मिसरी की आगामी चीन यात्रा का स्वागत करते हैं’’ चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि- लद्दाख में चार साल से अधिक समय तक सैन्य गतिरोध के बाद भारत-चीन के शीर्ष नेताओं और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद ये मौका आया है. विदेश सचिव विक्रम मिसरी 26 और 27 जनवरी को चीन की यात्रा करने वाले हैं.

————

  • आयरलैंड के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन को उनके दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी. सोशल मीडिया पर पीएम मोदी ने कहा- कि भारत आयरलैंड के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है.भारत दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करना चाहता है.संसद में मतदान के बाद माइकल मार्टिन को दूसरे कार्यकाल के लिए आयरलैंड का प्रधानमंत्री चुना गया

————–

  • 04 इजरायली महिला सैनिकों को छोड़ रहा है हमास

इजरायल और हमास के बीच 6 हफ्ते के संघर्ष विराम के छठे दिन हमास 4 इजरायली महिला सैनिकों को रिहा करेगा. हमास ने उन चार महिला बंधकों के नाम इजरायल को सौंप दिए हैं, जिनकी रिहाई शनिवार को होगी. करीना एरीव, डेनिएला गिल्बोआ, नामा लेवी और लिरी एलबाग को शनिवार को रिहा किया जाएगा. 4 महिला सैनिकों के बदले इजरायल फिलिस्तीन के 50 लोगों को छोड़ेगा. 4 बंधकों में 19 वर्षीय लिरी एलबाग भी शामिल हैं, जिनका हाल ही में एक वीडियो रिलीज किया गया था, जिसमें लिरी एलबाग ने कहा था कि सरकार ने बंधकों को उनके किस्मत के भरोसे छोड़ दिया है. 

—————–

  • पूर्वोत्तर राज्यों में आतंक फैलाने का साजिश रच रहा पाकिस्तान

भारत के खिलाफ बांग्लादेश के साथ मिलकर बड़ी साजिश रच रही है पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई. पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक प्रतिनिधि ने गुरुवार को चटगांव में परेश बरुआ के नेतृत्व वाले अल्फा (इंडिपेंडेंट) के कई नेताओं के साथ बैठक की. आशंका जताई जा रही है कि आईएसआई असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में आतंकवाद और हिंसा को फिर से भड़काने की साजिश रच रही है. बैठक चटगांव में हुई है. बताया जा रहा है कि अल्फा नेता नयन मेधी इस समय चटगांव में है. पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने उससे मुलाकात की है. भारतीय खुफिया एजेंसी चौकस हैं. 

————————

  • भारतीय एजेंसियां बांग्लादेश से आगे, बीजेपी सांसद ने दी बांग्लादेश को चेतावनी

आईएसआई और बांग्लादेश की साजिश को लेकर बीजेपी के राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने बांग्लादेश को वॉर्निंग दी है. समिक भट्टाचार्य ने आईएसआई और अल्फा के बीच बैठक को लेकर कहा-“बांग्लादेश को याद रखना चाहिए कि भारतीय एजेंसियां हमेशा बांग्लादेश से आगे रहती हैं. ऐसा न होता तो उन्हें इस बैठक के बारे में कैसे पता चलता. अगर भारत अपनी असली ताकत पर आ गया तो जो जमीन छीनी गई हैं उन्हें वापस ले लिया जाएगा.” वहीं टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा- “बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय संबंध अच्छे रखना भारत सरकार की जिम्मेदारी है. अब अगर बांग्लादेश भारत विरोधी काम कर रहा है तो यह बहुत बुरा है. बांग्लादेश में जो चल रहा है उसपर केंद्र सरकार को बांग्लादेश पर कड़ी नजर रखनी चाहिए.”

———————–

  • युद्ध के वक्त समंदर में आसमान से पहुंचेगी सप्लाई, डीआरडीओ-नेवी की कामयाबी

भारतीय नौसेना को मिली है एक बड़ी कामयाबी. स्वदेशी रूप से विकसित “एयर ड्रॉपेबल कंटेनर” का डीआरडीओ और भारतीय नौसेना द्वारा पी8आई विमान से सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण किया है. डीआरडीओ ने एक्स पोस्ट में टेस्टिंग का वीडियो शेयर करके बताया है कि यह प्रणाली शांति काल और युद्ध अभियानों के दौरान समुद्र में महत्वपूर्ण भंडार और आपातकालीन आपूर्ति पहुंचाने की अत्यंत आवश्यक क्षमता प्रदान करेगी. ‘एयर ड्रॉपेबल कंटेनर’ के सफल परीक्षण होने पर नौसेना की ताकत बढ़ेगी. इस कंटेनर के जरिए समुद्री तट से दो हजार किलोमीटर दूर या उससे अधिक दूरी पर तैनात युद्धपोत को आपात स्थिति में जरूरी सामग्री पहुंचाई जाएगी. 

—————-

  • ब्रिटेन से सख्त कार्रवाई की उम्मीद है: विदेश मंत्रालय

ब्रिटेन में कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी के स्क्रीनिंग के दौरान खालिस्तानी समर्थकों के हंगामे का विदेश मंत्रालय ने विरोध जताया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- “ब्रिटेन के सिनेमाघरों में घुसकर ‘इमरजेंसी’ फिल्म की स्क्रीनिंग में बाधा डालने वाले खालिस्तान समर्थक चरमपंथियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.हम लगातार ब्रिटेन सरकार के समक्ष हिंसक विरोध प्रदर्शनों और भारत विरोधी तत्वों द्वारा डराने-धमकाने की घटनाओं के बारे में चिंता जताते रहे हैं. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का इस्तेमाल चुनिंदा रूप से नहीं किया जा सकता.” 

—————

  • अमेरिका में 538 अवैध प्रवासी डिपोर्ट किए गए

अमेरिका में प्रवासियों पर एक्शन शुरु. 538 प्रवासियों को गिरफ्तार करके डिपोर्ट किया गया. अमेरिकी वायुसेना की सी 17 ग्लोब मास्टर में सभी को बैठाकर डिपोर्ट किया गया. अवैध प्रवासियों की तस्वीर में एक लाइन में खड़े करके विमान में जाते दिखे लोग. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा- “ट्रंप प्रशासन ने सैन्य विमानों के माध्यम से सैकड़ों अवैध अप्रवासी अपराधियों को निर्वासित किया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी दुनिया को एक मजबूत और स्पष्ट संदेश भेज रहे हैं, कि अवैध प्रवासियों की अमेरिका में कोई जगह नहीं.”

———————

  • जॉन रेटक्लिफ बने सीआईए के हेड, ली शपथ 

अमेरिका को मिल गया है अपना सीआईए हेड. जॉन रेटक्लिफ बने सीआईए चीफ. पिछले सप्ताह रेटक्लिफ ने कहा था- “रूस और चीन से निपटने के लिए एआई जैसी तकनीक का इस्तेमाल करने के मामले में सीआईए को बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए. अमेरिका को अपनी खुफिया क्षमताओं में सुधार करने की जरूरत है, साथ ही उसे अमेरिकियों के नागरिक अधिकारों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी चाहिए.” डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति के तौर पर पहले कार्यकाल के दौरान रैटक्लिफ राष्ट्रीय खुफिया निदेशक थे.

—————–

  • हूती आतंकियों के कब्जे में संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी

हूती आतंकियों के संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने के बाद यूएन ने अपने कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. संयुक्त राष्ट्र ने यमन में हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले क्षेत्रों में सभी यात्राओं को टाल दिया है. अपने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने हूतियों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में और उनके भीतर सभी आधिकारिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया है. गुरुवार को हूतियों ने सना में संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों को हिरासत में लिया था. गुरुवार को ही अमेरिका ने हूती संगठन को विदेशी आतंकियों की लिस्ट में शामिल किया है. अमेरिकी एनएसए माइक वाल्ट्ज ने कहा-“हूती आतंकी हैं और बाइडेन प्रशासन का हूतियों को आतंकियों की लिस्ट से हटाना भयानक फैसला था.” 

———-

  • पाकिस्तान की जेल में भारतीय मछुआरे की मौत

पाकिस्तान की कराची जेल में सजा पूरी होने के बाद भी नहीं छोड़े गए भारतीय मछुआरे बाबू की मौत हो गई है. पिछले 2 साल में 8वें भारतीय मछुआरे की मौत है. बताया जा रहा है कि बाबू को 2022 में पाकिस्तानी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था. उसकी सजा पूरी होने और उसकी भारतीय राष्ट्रीयता की पुष्टि होने के बावजूद उसे पाकिस्तानी अधिकारियों ने रिहा नहीं किया. अपनी सजा पूरी कर चुके 180 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी जेल से रिहाई का इंतजार कर रहे हैं. भारत लगातार पाकिस्तान से कैदियों की जल्द रिहाई का मुद्दा उठाता रहा है. 

———-

  • 30 जनवरी को काश पटेल बनेंगे एफबीआई डायरेक्टर

अमेरिका में संघीय जांच ब्यूरो यानी एफबीआई के अगले निदेशक के तौर पर काश पटेल के नाम की पुष्टि हो सकती है. काश पटेल 30 जनवरी को सीनेट समिति के समक्ष पेश होंगे. 44 वर्षीय काश पटेल, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में नामित सर्वोच्च रैंक वाले भारतीय-अमेरिकी हैं. अगर काश पटेल के नाम पर मुहर लग जाती है तो अमेरिका जांच एजेंसी का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय अमेरिकी होंगे. काश पटेल को डोनाल्ड ट्रंप का बेहद करीबी माना जाता है, ट्रंप ने हाल ही में काश पटेल को एफबीआई के निदेशक के तौर पर नॉमिनेट करते हुए कहा था कि- काश पटेल अमेरिका फर्स्ट नीति का पालन करने वाले नेता हैं.

———–

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0