Breaking News Geopolitics Russia-Ukraine War

पुतिन की ट्रंप के लिए प्रार्थना, अमेरिकी दूत का खुलासा

रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने को लेकर अमेरिका ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है. इस बीच अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर बड़ा दावा किया है. दावा ये कि पिछले साल पेंसिलवेनिया में जब डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला किया गया था तो पुतिन ने दोस्ती के नाते ट्रंप के अच्छे स्वास्थ्य के लिए चर्च जाकर प्रार्थना की थी.

अमेरिका की चीन और रूस के साथ प्रतिस्पर्धा पूरी दुनिया जानती है, लेकिन ट्रंप के सत्ता में आने के बाद समीकरण कुछ बदले नजर आ रहे हैं. यही बदले समीकरण यूरोप (नाटो) देशों को डरा रहे हैं. ट्रंप लगातार रूस के संपर्क में हैं और युद्ध समाप्ति के लिए पुतिन की शर्तों पर बात कर रहे हैं.

वहीं यूक्रेन से भी अमेरिका की बातचीत का दूसरा राउंड शुरु हो गया है. सऊदी अरब में अमेरिका और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच दूसरे राउंड की बैठक है तो टीएफए ने आपको बताया था कि ईस्टर तक अमेरिकी प्रस्ताव के बाद रूस-यूक्रेन की बीच शांति हो जाएगी. 

स्टीव विटकॉफ ने दिया पुतिन-ट्रंप की दोस्ती का उदाहरण

अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने टकर कार्लसन के पॉडकास्ट में बताया कि पिछले साल 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान हत्या के प्रयास के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप के लिए प्रेयर की थी. विटकॉफ ने खुलासा किया कि पुतिन एक चर्च गए और अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए प्रार्थना की, पुतिन के प्रार्थना के पीछे कोई कूटनीति या राजनीति नहीं बल्कि दोस्ती थी, क्योंकि पुतिन, ट्रंप को अपना दोस्त समझते हैं. टकर कार्लसन से बात करते हुए स्टीव विटकॉफ ने पुतिन को सुपर स्मार्ट बताते हुए युद्ध की बातचीत में शामिल होने की इच्छा की प्रशंसा की है.

जब पुतिन ने दी थी ट्रंप को सतर्क रहने की सलाह

पिछले साल अमेरिका में ट्रंप की प्रचंड जीत के बाद पुतिन ने ट्रंप की जान को खतरा बताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी थी. एक डिफेंस समिट में हिस्सा लेने कजाकिस्तान पहुंचे पुतिन ने ट्रंप को एक मित्र के तरीके से समझाते हुए कहा था कि “राष्ट्रपति चुनाव जीतकर ट्रंप ने एक बड़ी परीक्षा पास कर ली, लेकिन ट्रंप सुरक्षित नहीं हैं. कई बड़े नेताओं की हत्या हुई है. उम्मीद है कि ट्रम्प इसे समझते होंगे.”

पुतिन ने कहा था कि “अमेरिकी चुनाव कैंपेन के दौरान ट्रंप के खिलाफ हत्या के प्रयास किया गया था. इसके बाद सितंबर में ट्रंप के फ्लोरिडा गोल्फ कोर्स में राइफल से फायर किया गया था. पर मुझे लगता है कि ट्रंप अभी भी सेफ नहीं हैं.” पुतिन ने यह भी कहा कि “ट्रंप के परिवार और उनके बच्चों के खिलाफ कई बातें कही गई. रूस में ऐसा नहीं होता है. यहां बुरे लोग भी परिवार को बीच में नहीं लाते.”

ईस्टर पर आएगी खुशखबरी, रूस-यूक्रेन का होगा युद्धविराम

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की भरपूर कोशिश है कि ईस्टर से पहले रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध विराम करा दिया जाए. ट्रंप ने ये इच्छा, सोमवार से एक बार फिर सऊदी अरब में होने जा रही शांति वार्ता से पहली जताई है. इस बार सऊदी अरब में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, रूस के डेलिगेशन के साथ होने जा रही है. वहीं यूक्रेन के अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क है. अगले महीने यानी 20 अप्रैल को पूरी दुनिया में ईस्टर का त्योहार मनाया जाएगा. 

अप्रैल के मध्य तक व्यापक युद्ध विराम का लक्ष्य: माइक वॉल्ट्ज

अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने बातचीत को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई है. विशेष रूप से काला सागर के आसपास युद्ध विराम के बारे में, जो पूर्ण युद्ध विराम की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है. वहीं अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज ने कहा कि “बातचीत से अग्रिम मोर्चे पर स्थिति और शांति मिशन की संभावना पर ध्यान दिया जाएगा. अमेरिका का लक्ष्य अप्रैल के मध्य तक व्यापक युद्ध विराम को नतीजे पर पहुंचाना है.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.