Breaking News Russia-Ukraine War

युद्ध से पीछे हट सकते हैं पुतिन, यूक्रेन को दिया सीधी बातचीत का ऑफर

डोनाल्ड ट्रंप की इस सप्ताह रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्ति को लेकर की गई भविष्यवाणी सच साबित होती दिख रही है. सीजफायर को लेकर कई शर्तें लगाने वाले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने ताजा बयान में युद्ध समाप्ति को लेकर इच्छा जताई है और यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत के लिए हामी भर दी है. रूस-यूक्रेन जंग के तीन साल बाद राष्ट्रपति पुतिन पहली बार जंग को लेकर लचीलापन और नरम तेवर दिखाया है. पिछले सप्ताह ईस्टर पर तकरीबन 30 घंटे का एकतरफा युद्ध विराम लगाया तो अब कहा है कि वो शांति वार्ता के लिए तैयार हैं. पुतिन ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से कहा है, कि “रूस युद्धविराम के लिए तैयार है.”

पुतिन ने पहली बार रखा यूक्रेन संग शांति वार्ता का प्रस्ताव

पहली बार पुतिन ने यूक्रेन को सीधी बातचीत का ऑफर दिया है और कहा है कि वह युद्धविराम के लिए तैयार हैं. रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कीव के साथ द्विपक्षीय वार्ता का प्रस्ताव रखा और कहा कि वह एक दिवसीय ईस्टर युद्धविराम के बाद और युद्धविराम आगे और बढ़ाने के लिए तैयार हैं. पुतिन ने कहा कि “किसी भी शांति पहल के लिए रास्ता खुला है और कीव से भी यही अपेक्षा है.” बताया जा रहा है कि पुतिन पर अमेरिका का जबर्दस्त दबाव है. पिछले सप्ताह ही अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और खुद ट्रंप ने कहा था कि अगर जल्द शांति वार्ता नहीं हुई तो वो मध्यस्थता से हट जाएगा. अमेरिका की मध्यस्थता से हटना यानि नाटो देश मिलकर पुतिन पर दबाव बनाएंगे. माना जा रहा है कि ट्रंप के दबाव की कोशिश रंग लाई है और इसलिए ही पुतिन ने शांति वार्ता के लिए मंजूरी दी है. पुतिन ने रूसी मीडिया से कहा, “हमने हमेशा इस बारे में बात की है कि हम किसी भी शांति पहल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं. हमें उम्मीद है कि कीव शासन के प्रतिनिधि भी ऐसा ही महसूस करेंगे.” पुतिन के बयान पर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा, “जब राष्ट्रपति ने कहा कि नागरिक लक्ष्यों पर हमला न करने के मुद्दे पर चर्चा करना संभव है, तो राष्ट्रपति के मन में यूक्रेनी पक्ष के साथ बातचीत और चर्चा थी.”  

पुतिन की टिप्पणियों पर जेलेंस्की ने साधी चुप्पी, कहा, हमारी नीति जैसे को तैसा

जेलेंस्की ने अपने ताजा बयान में कहा,  “यूक्रेन कम से कम नागरिक ठिकानों पर हमला न करने के अपने प्रस्ताव पर कायम है. और हम मास्को से स्पष्ट प्रतिक्रिया की उम्मीद कर रहे हैं, हम इसे हासिल करने के तरीके के बारे में किसी भी बातचीत के लिए तैयार हैं.” जेलेंस्की ने सोमवार को कहा,” बिना शर्त युद्ध विराम के बाद वास्तविक और स्थायी शांति की स्थापना होगी. यूक्रेन की कार्रवाइयां जैसे को तैसा के आधार पर रहेंगी. युद्ध विराम का जवाब युद्ध विराम से दिया जाएगा, और रूसी हमलों का जवाब हमारे बचाव में दिया जाएगा.”

बुधवार को लंदन में बड़ी बातचीत, लगेगी युद्धविराम पर मुहर

पिछले सप्ताह पेरिस में बैठक हुई थी जिसमें अमेरिका और यूरोपीय देशों ने तीन साल से अधिक युद्ध को समाप्त करने के तरीकों पर चर्चा की गई थी. यूक्रेन राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि “यूक्रेन बुधवार को लंदन में अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ वार्ता में भाग लेगा.” बताया जा रहा है कि बुधवार को लंदन में  रूस-यूक्रेन के बीच ‘फाइनल ऑफर’ रखा जाएगा, जिससे तय होगा कि युद्ध को विराम मिलेगा या नहीं. लंदन में अगर सहमति बन जाती है तो अमेरिका की बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जाएगी, अन्यथा कहा ये भी जा रहा है कि ट्रंप और रूबियो ने दोनों देशों को ये संकेत दे दिए हैं, कि डील नहीं मानी गई तो अमेरिका मध्यस्थता से अपने हाथ खींच लेगा. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.