Breaking News Reports

ट्रंप प्रशासन में फिर अनबन, मस्क को बताया कार बेचने वाला

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आए अभी तीन महीने भी नहीं हुए हैं, कि एलन मस्क के साथ मंत्रियों और सलाहकारों की अनबन सामने आने लगी है. विदेश मंत्री मार्को रुबियो और एलन मस्क के बीच ट्रंप के सामने ही तूतू-मैंमैं हुई थी तो अब टैरिफ को लेकर ट्रंप के ट्रेड सलाहकार पीटर नैवारो ने एलन मस्क को ये कह डाला है कि वो कार बेचते हैं, वही करें तो बेहतर रहेगा. नैवारो और एलन मस्क के बीच सोशल मीडिया पर सार्वजनिक टिप्पणियां सुर्खियां बन गई हैं.

ट्रंप के करीबी मस्क और नैवारो की बीच कुछ भी ठीक नहीं

डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ प्लान ने दुनिया में हड़कंप मचा रखा है. इस टैरिफ का खाका तैयार करने में ट्रंप के ट्रेड सलाहकार पीटर नैवारो की एक बड़ी भूमिका रही है. लेकिन नैवारो के प्लान को ट्रंप का राइट हैंड माने जाने वाले मस्क ने सवाल खड़े किए हैं. मस्क ने टैरिफ के विरोध में क्या बोला

राष्ट्रपति ट्रंप के दो भरोसेमंद सहयोगियों मस्क और पीटर नैवारो के बीच अनबन शुरु हो गई है. टैरिफ को लेकर दोनों की सार्वजनिक तौर पर बहस हुई है. आपको बता दें ट्रंप ने 2 अप्रैल को लगभग 180 देशों पर रियायती रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया है, जिसके बाद सोमवार को दुनियाभर के शेयर बाजार में भारी नुकसान हुआ है. साल 2020 के बाद अमेरिकी बाजार में भी सबसे बड़ी गिरावट देखी गई.

मस्क का काम है कार बेचना, वही करें तो अच्छा रहेगा: नैवारो  

ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार पीटर नैवारो ने टैरिफ नीति का समर्थन किया है नैवारो ने कहा, “घबराने की कोई जरूरत नहीं है. बाजार में तेज गिरावट के बाद उछाल देखने को मिलेगा.” नैवारो का ये बयान वायरल हुआ तो एलन मस्क ने नैवारो पर सवाल खड़े किए. एलन मस्क ने अमेरिका और यूरोप के बीच में टैरिफ शून्य होने की उम्मीद जताई थी. मस्क ने कहा था “मुझे उम्मीद है कि यूरोप और अमेरिका को एक साथ आगे बढ़ना चाहिए. जीरो टैरिफ की स्थिति ही अच्छी रहेगी.” मस्क के इस बयान पर पलटवार करते हुए नैवारो ने कहा, “मस्क यूरोप के साथ जीरो टैरिफ जोन की बातें कर रहे हैं. असल में वह समझते ही नहीं है. मुझे लगता है कि एलन के लिए यही ठीक रहेगा कि वह कारों की बिक्री को को ही समझे. वह यही करते हैं.” 

नैवारो की डिग्री पर मस्क ने खड़े किए थे सवाल

एलन मस्क ने सोशल मीडिया पोस्ट कर नैवारो निशाना साधते हुए कहा कि “हार्वर्ड से पीएचडी अच्छी चीज नहीं है, खराब है.” गौरतलब है कि नैवारो ने हार्वर्ड से पीएचडी की है.

बताया जा रहा है कि मस्क की इस टिप्पणी के बाद से मस्क और नैवारो के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है. हालांकि नैवारो ने मीडिया से बात करते हुए मस्क को टारगेट किया. नैवारे ने कहा, “ट्रंप अमेरिका में ही सामनों को बनाए जाने पर फोकस हैं. जबकि मस्क संयुक्त राज्य अमेरिका में टेस्ला वाहनों के निर्माण के लिए विदेशी भागों को जोड़ रहे हैं.” नैवारो ने कहा,”हमारे और एलन मस्क के विचारों में अंतर यह है कि हम चाहते हैं कि टायर अक्रोन में बने, हम चाहते हैं कि ट्रांसमिशन इंडियानापोलिस में बने, हम चाहते हैं कि इंजन फ्लिंट और सैगिनॉ में बने, और हम चाहते हैं कि कारें यहीं निर्मित हों.”

मस्क और रुबियो में ट्रंप के सामने हुई बहस

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और व्हाइट हाउस के सलाहकार अरबपति उद्योगपति एलन मस्क के बीच एक कैबिनेट बैठक के दौरान जमकर बहस हुई थी. दोनों के बीच ये विवाद स्टेट डिपार्टमेंट में की गई हालिया स्टाफ कटौती को लेकर हुआ था. राष्ट्रपति ट्रंप ने मस्क को संघीय नौकरशाही में बड़े पैमाने पर कटौती करने की जिम्मेदारी सौंपी थी. बैठक के दौरान मस्क ने रूबियो पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘किसी को नहीं हटाया’ है और स्टाफ में भारी कटौती के उनके प्रयासों का विरोध कर रहे हैं. मस्क पर पलटवार करते हुए रुबियो ने कहा, “1500 स्टेट डिपार्टमेंट कर्मचारियों ने अर्ली रिटायरमेंट पैकेज के तहत इस्तीफा दिया है. क्या मस्क चाहते हैं कि मैं उन सभी को फिर से काम पर रखूं, सिर्फ इसलिए कि उन्हें दोबारा दिखावटी तरीके से निकाला जा सके?”

ट्रंप प्रशासन में मस्क की बढ़ रही हैं मुश्किलें, व्हाइट हाउस को कई बार देनी पड़ी है सफाई

अमेरिका की सत्ता में ट्रंप की वापसी को लेकर एलन मस्क ने जी तोड़ मेहनत थी. प्रचार से लेकर प्लान तक सबकुछ किया. खूब पैसे लगाए. अब जब ट्रंप सत्ता में हैं, तो मस्क की मौजूदगी को लेकर लोग ये कहने से पीछे नहीं हैं कि कुर्सी पर ट्रंप बैठे हैं, लेकिन फैसले मस्क लेते हैं. ट्रंप ने डॉज के जरिए मस्क को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी. लेकिन जब से ये डिपार्टमेंट बना है, कंट्रोवर्सी हो रही है. ऐसे में डॉज के चक्कर में न सिर्फ ट्रंप की भी किरकिरी हो रही है, बल्कि मस्क को भी अपने बिजनेस में नुकसान हो रहा है. ऐसे में कहा जा रहा है कि अरबपति उद्योगपति एलन मस्क जल्द छोड़ सकते हैं वाशिंगटन. जिस अमेरिकी दक्षता विभाग की जिम्मेदारी एलन मस्क पर सौंपी गई थी, वो विभाग बंद किया जा सकता है. एलन मस्क ने संकेत दिया है कि ‘वह निकट भविष्य में अपने काम को पूरा कर लेंगे.’ तो  राष्ट्रपति ट्रंप ने भी हाल ही में कहा था कि ‘मस्क किसी भी समय अपनी कंपनियों को चलाने के लिए वापस काम पर लौटेंगे.’ 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.