Alert Breaking News Russia-Ukraine War

Russia: यूक्रेन से हथियाए इलाकों में भी वोटिंग

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पुतिन एक बार फिर राष्ट्रपति बनने के लिए तैयार हैं. शुक्रवार को रूस में आम चुनावों के लिए तीन दिवसीय वोटिंग शुरु हो गई. खास बात ये है कि ये वोटिंग डोनबास के उन इलाकों में भी होगी जो रुस ने दो साल पहले यूक्रेन से कब्जा किए थे. 

जानकारी के मुताबिक, रुस में सबसे पहले वोटिंग सुदूर-पूर्व के प्रांतों में शुरु हुई है और रविवार को पश्चिमी प्रांतों में जाकर खत्म होगी. करीब 1.70 लाख स्क्वायर किलोमीटर में फैले रुस की जनसंख्या करीब 15 करोड़ है. ऐसे में इतने बड़े भू-भाग में चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती है. लेकिन उससे बड़ी चुनौती डोनबास में वोटिंग करना है जो दो साल पहले तक यूक्रेन का हिस्सा थे.

24 फरवरी 2022 को रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर हमला (स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन) छेड़ने के साथ ही पूरे डोनबास इलाकों को आजाद घोषित कर दिया था. इसके लिए डोनबास को दो हिस्सों (दोनेत्स्क और लुहांस्क) में बांट कर स्थानीय विद्रोही संगठनों को मदद देकर सरकार बनाने की घोषणा की गई. कुछ महीनों बाद एक जनमत संग्रह के साथ ही पुतिन ने इन दोनों इलाकों को रशियन फेडरेशन का हिस्सा बना लिया. 

चुनावों से ऐन पहले पुतिन ने पूरे डोनबास इलाके में रुसी पासपोर्ट जारी कर दिए हैं. यानी अब किसी को डोनबास में दाखिल होने के लिए रूसी वीजा की जरूरत होगी. यही वजह है कि पूरी दुनिया की निगाहें डोनबास में चुनावी प्रक्रिया पर लगी रहेगी. 

हालांकि, माना जा रहा है कि पुतिन का छठी बार रुस का राष्ट्राध्यक्ष बनना लगभग तय है. इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे पुतिन के सामने विपक्ष नाम-मात्र का है. उनके सामने कोई मजबूत उम्मीदवार नहीं है. ये चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब पुतिन के कट्टर (राजनीतिक) विरोधी नवलनी की कुछ हफ्ते पहले ही रुस की एक जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. 

वर्ष 2000 से पुतिन रूस के राष्ट्राध्यक्ष हैं. यूक्रेन के खिलाफ जंग छेड़ने के दौरान पूरी दुनिया को लगने लगा था कि रुस की जनता पुतिन के खिलाफ हो जाएगी. लेकिन राजनीतिक पंडितों की राय से इतर युद्ध से पुतिन की छवि अधिक मजबूत हुई है. सभी सर्वे  में उन्हें रिकॉर्ड समर्थन मिला है. ग्लोबल सर्वे में भी उनकी गिनती दुनिया के सबसे अधिक स्वीकृत राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर हो रही है. 

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.